अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
फरीदाबाद:हरियाणा के खाद्य,नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्यमंत्री राजेश नागर ने आज ग्रेटर फरीदाबाद एवं तिगांव विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विकास कार्यों में तेजी लाई जाए तथा जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मंत्री राजेश नागर ने ग्रेटर फरीदाबाद की विभिन्न निजी सोसायटियों में बिल्डरों द्वारा निवासियों से लिए जा रहे मेंटेनेंस चार्ज से संबंधित शिकायतों का संज्ञान लेते हुए कहा कि प्राइवेट बिल्डरों द्वारा यदि नियमों के विपरीत या अनावश्यक रूप से मेंटेनेंस चार्ज की वसूली की जा रही है तो उसका स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाइसेंस एग्रीमेंट में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सभी निजी बिल्डरों से सड़क, पार्क, कॉमन एरिया तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का उचित रखरखाव सुनिश्चित कराया जाए।उन्होंने कहा कि निजी सोसायटियों में रहने वाले लोगों को उनके द्वारा दिए जा रहे शुल्क के अनुरूप बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। बिल्डरों द्वारा पार्क, ओपन जिम, कम्युनिटी सेंटर, मंदिर तथा अन्य सामुदायिक सुविधाओं के विकास एवं रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिल्डरों को आवश्यक सुविधाएं विकसित करने तथा कॉमन एरिया को व्यवस्थित एवं विकसित रखने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए जाएं। आदेशों की अनुपालना न करने वाले बिल्डरों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।मंत्री ने निजी बिल्डरों द्वारा म्यूटेशन चार्ज लिए जाने से संबंधित शिकायतों का भी संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल इसकी जांच करवाकर, यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। राजेश नागर ने ग्रेटर फरीदाबाद में सीवरेज एवं जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर उनका स्थायी समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान नागरिकों को परेशानी न हो, इसके लिए सीवरेज एवं ड्रेनेज व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए और लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। सेक्टर-91 सहित अन्य क्षेत्रों में सीवर ओवरफ्लो की समस्या का भी प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने अवैध रूप से सीवरेज डिस्चार्ज किए जाने की शिकायतों पर रोक लगाने के लिए FMDA, HSVP, प्रदूषण नियंत्रण विभाग तथा DTP सहित संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रेटर फरीदाबाद की सीवरेज एवं STP व्यवस्था के बेहतर प्रबंधन के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा एक संयुक्त तंत्र के माध्यम से नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। मंत्री ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों एवं सोसायटियों में अभी तक सीवर कनेक्शन उपलब्ध नहीं हैं, वहां विशेष अभियान चलाकर पात्र भवनों एवं संस्थानों को सीवर कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही ग्रेटर फरीदाबाद में सफाई एवं सैनिटेशन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के साथ-साथ स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दीपावली के पर्व को देखते हुए शहर के सभी सब-डिवीजनों में समय रहते बेहतर लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्य मार्गों, बाजारों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थानों को रोशन करने के साथ-साथ शहर के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
ग्रेटर फरीदाबाद के प्रमुख प्रवेश मार्गों का सौंदर्यीकरण करवाने तथा क्षेत्र को आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए। राजेश नागर ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने सेक्टर-37 में अवैध रूप से लगाए गए स्टॉल हटाने तथा अन्य क्षेत्रों में भी अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है, इसलिए नियमित रूप से निगरानी कर कार्रवाई की जाए। ग्रेटर फरीदाबाद में यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री ने पीक आवर्स के दौरान पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों की छुट्टी एवं सुबह के समय यातायात का दबाव अधिक रहता है, इसलिए स्कूल बसों की आवाजाही का उचित प्रबंधन किया जाए तथा प्रमुख चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखा जाए, ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके। मंत्री ने भतौला गांव से माता अमृतानंदमयी अस्पताल रोड सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने के लिए भी कहा, ताकि दोबारा अतिक्रमण की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रेटर फरीदाबाद को आधुनिक, स्वच्छ, सुंदर और बेहतर नागरिक सुविधाओं वाला क्षेत्र बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या नागरिकों को अनावश्यक परेशानी स्वीकार नहीं की जाएगी। बिल्डरों द्वारा निवासियों को अनावश्यक रूप से परेशान करने की शिकायतों पर भी प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा नियमों के अनुरूप नागरिकों को उनके अधिकारों और सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाए। मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य शहर के विकास के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जिन कार्यों में किसी प्रकार की कमी या बाधा है, उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में डीसी आयुष सिन्हा, निगमायुक्त यशेंद्र सिंह सहित एचएसवीपी, नगर निगम, एफएमडीए, बिजली एवं पुलिस विभाग आदि के अधिकारी मौजूद रहे।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

