
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
पंचकूला: पुलिस और आमजन के बीच विश्वास का रिश्ता केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने से नहीं, बल्कि हर नागरिक की बात संवेदनशीलता से सुनने, उसके साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और उसकी शिकायत का निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने से मजबूत होता है। इसी सोच के साथ पंचकूला पुलिस सकारात्मक एवं जनहितैषी पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए अपनी कार्यप्रणाली को लगातार अधिक जवाबदेह और प्रभावी बना रही है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से थानों एवं पुलिस चौकियों का निरीक्षण कर न केवल पुलिस व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं, बल्कि यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि आमजन की उम्मीदों पर पुलिस पूरी तरह खरी उतरे। इसी कड़ी में आज डीसीपी अमरिंदर सिंह ने सेक्टर-20 थाना का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ शालीनता एवं सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाए तथा उसकी समस्या का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी अमरिंदर सिंह ने संबंधित एसीपी, थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज एवं जांच अधिकारियों के साथ बैठक कर थाने में लंबित मुकदमों और शिकायतों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पुराने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए और प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शिकायतकर्ता को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार थाने के चक्कर न लगाने पड़ें और न ही किसी शिकायत को बिना उचित कार्रवाई के लंबित रखा जाए। पुलिसकर्मी शिकायतकर्ता की बात धैर्यपूर्वक सुनें, उसकी परेशानी को समझें और उसे जांच एवं कार्रवाई की उचित जानकारी दें। उन्होंने कहा कि सकारात्मक पुलिसिंग का वास्तविक उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि आमजन को यह भरोसा दिलाना है कि पुलिस उनकी सहायता के लिए तत्पर है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है। थाने के भौतिक निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने शस्त्रागार में रखे हथियारों की जांच की तथा पुलिसकर्मियों की कार्यदक्षता का जायजा लिया। इसके अलावा विभिन्न मुकदमों में जब्त किए गए वाहनों, रिकॉर्ड रूम और मालखाने का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सभी अभिलेख व्यवस्थित रखने तथा सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को भी सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।आगामी सर्दी और धुंध के मौसम में फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीसीपी अमरिंदर सिंह ने अधिकारियों से लेकर राइडर एवं अन्य फील्ड ड्यूटी करने वाले जवानों को विंटर रिफ्लेक्टर जैकेट वितरित कीं। ये जैकेट जवानों को ठंड से बचाने के साथ-साथ कोहरे और कम दृश्यता के दौरान सड़क पर उनकी पहचान को स्पष्ट बनाए रखने में भी मददगार होंगी, जिससे ड्यूटी के दौरान उनकी सुरक्षा बढ़ेगी। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने और उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने की दिशा में डीसीपी ने विभिन्न पुलिस टीमों के कार्यों की सराहना करते हुए सराहनीय सेवाएं देने वाले 21 पुलिसकर्मियों को मौके पर ही प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ काम करने वाले पुलिसकर्मी पूरी फोर्स के लिए प्रेरणा हैं। ऐसे कर्मचारियों का सम्मान अन्य पुलिसकर्मियों को भी बेहतर सेवाएं देने और जनता की सहायता के लिए तत्पर रहने के लिए प्रोत्साहित करता है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

