अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
अंबाला, हरियाणा:भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी), यूनिट कुरुक्षेत्र की टीम ने आज कार्रवाई करते हुए सीआईडी, हरियाणा में तैनात इंस्पेक्टर राजेश कुमार को ₹5 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ एफआईआर नंबर 18, दिनांक 20.09.2026, धारा 7, 7 ए भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तथा धारा 308(2) बीएनएस के तहत थाना एसवी एंड एसीबी, अंबाला में मामला दर्ज किया गया है।

प्राप्त शिकायत के अनुसार, आरोपित इंस्पेक्टर राजेश कुमार कथित तौर पर खनन सामग्री ले जाने वाले वाहनों को रोककर उनसे प्रति वाहन ₹10,000 प्रतिमाह रिश्वत की मांग कर रहा था। यह रकम वाहनों को यमुनानगर से करनाल तक बिना किसी हस्तक्षेप के चलने देने के एवज में मांगी जा रही थी। शिकायतकर्ता द्वारा रिश्वत की रकम कम करने का अनुरोध किए जाने पर 19 सितंबर 2026 को आरोपित ने कथित तौर पर ₹7,000 प्रति वाहन प्रतिमाह रिश्वत लेने पर सहमति जताई। आरोप है कि आरोपित ने लगभग 70 वाहनों का विवरण नोट किया और इस आधार पर कुल ₹5 लाख प्रतिमाह रिश्वत की मांग की। शिकायत की पुष्टि के बाद एसवी एंड एसीबी की टीम ने नियमानुसार ट्रैप कार्रवाई की।एसवी एंड एसीबी यूनिट कुरुक्षेत्र के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपित इंस्पेक्टर राजेश कुमार को ₹5 लाख की रिश्वत राशि स्वीकार करते हुए मौके पर रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई राजपत्रित अधिकारी एवं शैडो गवाह की मौजूदगी में की गई। ट्रैप कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया। एसवी एंड एसीबी द्वारा मामले में आगे की जांच जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

