Athrav – Online News Portal
अपराध पंचकूला

साइबर सेल ने ढाई साल से लेकर 10 दिन पहले गुम हुए 25 फोन 1 माह में ढूँढ निकाले, इस साल अब तक 95 मोबाइल बरामद

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
पंचकूला:आधुनिक तकनीक और मुस्तैदी का परिचय देते हुए पंचकूला पुलिस की साइबर सेल टीम ने आमजन के चेहरे पर मुस्कान लौटाने का एक सराहनीय कार्य किया है। साइबर सेल ने बीते एक महीने के भीतर कड़े प्रयासों से विभिन्न स्थानों से गुम व चोरी हुए 25 मोबाइल फोन को ट्रेस कर उनके असल धारकों को वापस लौटाया है। आज मोबाइल धारकों ने पंचकूला के सैक्टर-1 स्थित पुलिस उपायुक्त कार्यालय का दौरा कर डीसीपी सृष्टि गुप्ता से मुलाकात की और अपने खोए हुए कीमती फोन वापस पाकर खुशी जाहिर करते हुए पुलिस प्रशासन का दिल से धन्यवाद किया।मुलाकात के दौरान डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने सभी नागरिकों से उनके अनुभव जाने और साइबर सेल के इस बेहतरीन कार्य की पीठ थपथपाई। उन्होंने विशेष रूप से साइबर सेल इंचार्ज अमित कुमार समेत पूरी टीम की सराहना की, जिनकी दिन-रात की मेहनत और तकनीकी सूझबूझ के चलते इन मोबाइलों को ट्रैक कर उनके सही मालिकों तक पहुंचाना संभव हो सका। पंचकूला पुलिस की यह मुहिम लगातार जारी है और इस वर्ष अब तक टीम कुल 95 मोबाइल फोन रिकवर कर लोगों को सौंप चुकी है।
मोबाइल फोन प्राप्त करने वाले लोगों ने इस अवसर पर डीसीपी का आभार व्यक्त करते हुए अपनी खुशी साझा की। एक मोबाइल धारक ने बताया कि उसका फोन करीब ढाई वर्ष पहले गुम हो गया था और उसे उम्मीद भी नहीं थी कि वह कभी वापस मिलेगा, लेकिन पंचकूला पुलिस के प्रयासों से उसे उसका मोबाइल सुरक्षित मिल गया। वहीं, एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि उसका मोबाइल महज 10 दिन पहले गुम हुआ था, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद कर उसे सौंप दिया। सभी मोबाइल धारकों ने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया। लंबे इंतजार के बाद अपना मोबाइल वापस पाकर सभी के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था।
गुम या चोरी हुए मोबाइल को ट्रैक और ब्लॉक करने के लिए CEIR पोर्टल पर शिकायत कैसे करे, समझिए आसान भाषा में
अगर आपका मोबाइल फोन चोरी हो गया है या गुम हो गया है, तो घबराएं नहीं। भारत सरकार द्वारा संचालित CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल आपकी मदद के लिए एक प्रभावशाली ऑनलाइन प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराता है। यह केंद्रीकृत प्रणाली गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक करने और ट्रैक करने में सहायक है, जिससे उसका दुरुपयोग रोका जा सके।
सबसे पहले, अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में जाकर मोबाइल गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराएं और FIR की कॉपी अपने पास सुरक्षित रखें। इसके बाद आप ceir.gov.in पर जाकर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। पोर्टल पर “Block Your Lost/Stolen Mobile” यानी “अपने खोए / चोरी हुए मोबाइल को ब्लॉक करें” का विकल्प चुनें।
इसके बाद एक फॉर्म खुलेगा, जिसमें आपको अपना मोबाइल नंबर, IMEI नंबर, मोबाइल का ब्रांड और मॉडल, खोने की तारीख और स्थान, FIR नंबर, और पहचान पत्र जैसी जानकारी भरनी होगी। इसके साथ ही मोबाइल की खरीद की रसीद (इनवॉइस) और FIR की कॉपी जैसे दस्तावेज़ भी अपलोड करने होंगे।  सभी जानकारी भरने और दस्तावेज़ अपलोड करने के बाद फॉर्म को सबमिट करें। सबमिट करने के बाद आपको एक Request ID प्राप्त होगी, जिसकी मदद से आप अपने आवेदन की स्थिति को ऑनलाइन ट्रैक कर सकते हैं।

Related posts

पंचकूला नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित।

Ajit Sinha

बिहार से पीछा करता हुआ आया, और लेबर ठेकेदार की गाजीपुर, फरीदाबाद में गोली मार कर सनसनीखेज हत्या कर दी।

Ajit Sinha

फरीदाबाद: केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज हरियाणा के सूरजकुंड में दो दिवसीय चिंतन शिविर को संबोधित किया -पढ़े।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x