अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
पंचकूला: सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए पंचकूला पुलिस द्वारा लगातार सख्ती बरती जा रही है। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संदिग्ध वाहनों, नियमों का उल्लंघन करने वालों और सड़क पर अवैध रूप से रौब झाड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस ने एक ऐसे बाइक चालक को पकड़कर कड़ी कार्रवाई की, जिसने अपनी बाइक को कई तरह से अवैध रूप से मॉडिफाई कर रखा था और बिना किसी वैध दस्तावेज के सड़क पर दौड़ा रहा था।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि विशेष चेकिंग अभियान के दौरान एक बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध मोटरसाइकिल पर पड़ी। जब वाहन को रोककर जांच की गई तो बाइक में नियमों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर लगा हुआ था। इसके अलावा बाइक पर कोबरा सहित अन्य अवैध स्टिकर लगाए गए थे, रंग-बिरंगी अवैध लाइटें लगी थीं तथा अंग्रेजी में सरपंच लिखकर सड़क पर रौब दिखाने का प्रयास किया जा रहा था। जांच के दौरान चालक के पास न तो वैध ड्राइविंग लाइसेंस मिला, न उसने हेलमेट पहन रखा था और न ही वाहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध थे।यातायात उल्लंघनों को देखते हुए सुरजपुर ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक की विभिन्न प्रावधानों के तहत कुल 33,000 रुपये का चालान किया। साथ ही वाहन को तत्काल इंपाउंड कर पिंजौर थाना में जमा करवा दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले किसी भी वाहन चालक के साथ किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह का बयान: आजकल कुछ युवा सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने या सड़क पर अलग पहचान बनाने के लिए अपने वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन, तेज आवाज वाले साइलेंसर, भ्रामक स्टिकर और चमकदार लाइटों का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे वाहनों से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है, दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है और सड़क पर अनुशासन प्रभावित होता है। पंचकूला पुलिस ऐसे किसी भी उल्लंघन को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि अपनी पहचान कानून तोड़कर नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक बनकर बनाइए। हेलमेट पहनें, वैध दस्तावेज साथ रखें, वाहन में किसी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं और ट्रैफिक नियमों का पूरी ईमानदारी से पालन करें। सड़कें स्टंट, दिखावे या रौब झाड़ने की जगह नहीं हैं। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

