Athrav – Online News Portal
पंचकूला

पंचकूला के आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने की मैराथन बैठक

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
पंचकूला:आमजन की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने, पुलिस-जन संवाद को नई दिशा देने तथा जिला स्तर पर चलाए जा रहे जनहितकारी अभियानों की समीक्षा एवं भविष्य की कार्ययोजना तय करने के उद्देश्य से आज पंचकूला पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने सेक्टर-4 स्थित कार्यालय में जिले के विभिन्न सेक्टरों, कॉलोनियों एवं रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए) के प्रेसीडेंट और जनरल सेक्रेटरी के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में कानून व्यवस्था, नागरिक सुरक्षा, ट्रैफिक, जनसहयोग तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा प्रतिनिधियों से सुझाव भी आमंत्रित किए गए। बैठक के दौरान प्रतिनिधियों ने पंचकूला पुलिस द्वारा हाल ही में शुरू किए गए भिक्षावृत्ति मुक्त पंचकूला, क्राइम एंड एन्क्रोचमेंट फ्री पंचकूला तथा अकेले रह रहे वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा अभियान की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इन अभियानों से जिले में सकारात्मक बदलाव दिखाई देने लगा है तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। प्रतिनिधियों ने इन अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव भी साझा किए।
बैठक में सेक्टरों और कॉलोनियों में फेरी लगाकर सामान बेचने वाले स्ट्रीट वेंडर्स के सत्यापन का विषय प्रमुखता से उठाया गया। इस पर पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, लेकिन प्रत्येक व्यक्ति को कमाने-खाने का अधिकार भी है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, असामाजिक तत्वों की घुसपैठ अथवा सुरक्षा से खिलवाड़ की कोई संभावना न रहे। इसके लिए जिले में रेहड़ी, ठेला एवं फेरी लगाकर सामान बेचने वाले सभी व्यक्तियों का चरणबद्ध सत्यापन कराया जाएगा तथा उनकी रेहड़ियों और वाहनों पर पहचान के लिए यूनिक नंबर अंकित किए जाएंगे। इसके साथ ही जिले में कार्यरत सभी डिलीवरी बॉय का भी पुलिस सत्यापन कराया जाएगा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिले के जिन प्रमुख स्थानों पर अभी सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, वहां स्थानीय लोगों एवं आरडब्ल्यूए के सहयोग से कैमरे स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ लोगों में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हो।आमजन की मांग को ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नर ने बताया कि माजरी चौक पर लगाए गए बैरिकेड प्रयोग के तौर पर हटाए जाएंगे। इस दौरान यातायात व्यवस्था का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा और प्राप्त परिणामों के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी, ताकि सुरक्षा और यातायात दोनों के बीच बेहतर संतुलन बनाया जा सके।बैठक के दौरान कुछ ऐसे मुद्दे भी सामने आए जो अन्य विभागों के अधिकार क्षेत्र से संबंधित हैं। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि ऐसे मामलों में संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से कार्य किया जाएगा, ताकि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि पिछले दिनों शुरू किए गए सभी विशेष अभियानों का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर स्थायी और सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने कहा कि आज की बैठक का उद्देश्य भी समाज और पुलिस के बीच संवाद को मजबूत बनाना तथा स्थानीय समस्याओं का मिलकर समाधान निकालना है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और व्यवस्थित पंचकूला का निर्माण तभी संभव है जब पुलिस और समाज साझेदार के रूप में कार्य करें। यदि किसी भी अभियान के संबंध में आमजन को कोई शिकायत, सुझाव या समस्या हो तो वे पुलिस द्वारा पहले से जारी हेल्पलाइन नंबर पर अवश्य संपर्क करें। उन्होंने बताया कि आज हुई चर्चाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आगामी रविवार शाम 4 बजे जिले के विभिन्न क्षेत्रों के वरिष्ठ नागरिक प्रतिनिधियों की संबंधित थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों के साथ विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में स्थानीय स्तर पर कार्ययोजना तैयार कर उसका क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की संवादात्मक बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी, ताकि विकास कार्यों, सुरक्षा व्यवस्था और जनहित से जुड़े अभियानों की प्रगति की समीक्षा कर समयानुकूल नई कार्ययोजना बनाई जा सके।

Related posts

फर्जी डिग्री के आधार पर आयुर्वेदिक क्लिनिक चलाने वाले 2 आरोपित डॉक्टर गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा

Ajit Sinha

भगौड़ों पर पंचकूला पुलिस का शिकंजा, इस साल के पहले पांच महीनों में 119 उद्घोषित अपराधी दबोचे: डीसीपी क्राइम

Ajit Sinha

सागर सिंगला सुसाइड केस: पंचकूला पुलिस ने फरार चल रहे 2 आरोपियो को किया गिरफ्तार।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x