Athrav – Online News Portal
दिल्ली राष्ट्रीय हाइलाइट्स

केंद्रीय गृह मंत्री ने अंबाला में किया आजादी की पहली लड़ाई के शहीद स्मारक का उद्घाटन


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
चंडीगढ़:केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भले ही धीरे-धीरे बोलते हों, लेकिन काम करने में बहुत तेज हैं। उन्होंने कहा कि नायब सिंह सैनी तेजी से काम करने वाले मुख्यमंत्री हैं। अमित शाह ने हरियाणवासियों को कहा कि हरियाणा में जब वर्ष 2029 में भाजपा जनता के बीच वोट मांगने जाएगी, तब पार्टी अपने घोषणा पत्र में किए गए सभी वादों और गारंटियों को पूरा करके जाएगी। 

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने वीरवार को अंबाला में आयोजित आजादी की पहली लड़ाई (1857) के शहीद स्मारक के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जहां 10 मई, 1857 को क्रांतिवीरों ने अंग्रेजों के शासन के विरुद्ध क्रांति का बिगुल फुंका था और उनकी एक शुरुआत पूरे देशभर में देखते ही देखते आग बनकर फैल गई थी।

पूरी दुनिया देखकर आश्चर्यचकित रह गई थी कि जिस अंग्रेजी सरकार का सूर्य कहीं डूबता नहीं था, उसकी नींव हिलाकर रखने वाला वो 1857 का स्वतंत्रता संग्राम, जिस अंबाला की भूमि पर शुरू हुआ, उसे मैं बार-बार प्रणाम करता हूं। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री  मनोहर लाल, कैबिनेट मंत्री अनिल विज, बीजेपी केंद्रीय प्रभारी श्रीमती स्मृति ईरानी और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता भी उपस्थित रहे। अमित शाह ने कहा कि 1857 के स्वतंत्रता संग्राम को अंग्रेजियत से प्रेरित, वामपंथी विचारधारा वाले इतिहासकारों ने एक विद्रोह का नाम दिया। विद्रोह शब्द है अंग्रेजों के लिए। वीर सावरकर ने सच कहा था कि क्रांति हम सब भारत माता की संतानों के लिए विद्रोह नहीं बल्कि स्वतंत्रता संग्राम है।

उन्होंने कहा कि सन 1857 से लेकर 1947 तक का 90 साल का यह महान संघर्ष,जिसमें अनेक शहीदों ने सर्वस्व बलिदान दिया,तब जाकर हमें आजादी मिली। उन शहीदों के बलिदान के आधार पर ही हम आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत की कल्पना कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज बाबू कुंवर सिंह को भी याद करने का अवसर है, जिस वीर योद्धा ने 87 साल की उम्र में  अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी, उनकी बाईं बाजू पर गोली लगी और उसने अपनी दाईं बाजू से बाईं बाजू काट दी।

अगर तुझ में खून ही नहीं है तो तुम भारत माता की क्या सेवा करोगे और उस बूढ़े वीर ने लड़ते-लड़ते अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।  उन्होंने कहा कि जो देश अपनी स्वतंत्रता की कीमत नहीं समझता है, जिन शहीदों ने खून बहाया और उनका महिमामंडन नहीं करता है इतिहास के पन्नों को वो लाल खून से बदलकर स्वर्णिम अक्षर में अंकित नहीं करता है, तो वो देश कभी प्रगति नहीं कर सकता है। आज अंबाला में बना यह स्मारक देशभर की युवा पीढ़ी के लिए आने वाले दिनों में देश भक्ति पैदा करने वाला एक अद्भुत स्थान बनेगा। 

उन्होंने इस स्मारक के निर्माण के लिए हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री  मनोहर लाल, वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कैबिनेट मंत्री अनिल विज के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इन सभी के विशेष प्रयासों से यह विराट शहीद स्मारक आज बनकर तैयार हुआ है। अमित शाह ने कहा कि यह वही भूमि है जहां कभी सरस्वती नदी बहा करती थी, जहां वेदों की रचना हुई, इसी वीर भूमि पर कृष्णा ने गीता का संदेश दिया, इसी वीर भूमि पर महाराजा अग्रसेन ने एडमिनिस्ट्रेशन का भारतीय मॉडल दिया। इसी वीर भूमि पर राजा नाहर सिंह, राव तुलाराम ने आजादी की लड़ाई लड़ी और वह परंपरा शुरू हुई और आज सबसे ज्यादा अगर जवान किसी एक प्रदेश के होते हैं तो मेरे हरियाणा के होते हैं। 

उन्होंने कहा कि जब खेलों में भारत की मेडल तालिका की बात आती है तो उस तालिका में नंबर वन पर हरियाणा रहता है। जब देश को जरूरत थी अन्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भर होने की, तो हरियाणा के किसानों ने देश के अनाज के भंडार भर दिए। श्वेत क्रांति में भी हरियाणा का बहुत बड़ा योगदान है। अमित शाह ने कहा कि हरियाणा की इसी भूमि पर आज 22 एकड़ भूमि पर 23 गैलरियों के साथ सन् 1857 की क्रांति का अद्भुत स्मारक बना है। स्मारक में आधुनिक तकनीक के माध्यम से, होलोग्राफी और इंटरएक्टिव प्रोटेक्शन के साथ दस्तावेज और हरियाणा की सभी प्रकार की कलाओं को संजोने का एक अद्भुत प्रयास हुआ है। फुलकारी और सरकंडा की शिल्पकला और 2500 की सीटिंग कैपेसिटी वाला ओपन एयर थिएटर, लाइट एंड साउंड शो से हमें वापस 1857 में ले जाने की व्यवस्था के साथ यह स्मारक 1857 की क्रांति, बलिदान और सम्मान को जागृत करने वाला एक ऊर्जावान स्थान बना है। उन्होंने देशभर के युवाओं से आग्रह किया कि आज जिस जगह पर हम हैं, वो किन के कारणों से संभव हुआ, उसे समझना है तो अंबाला की इस ऐतिहासिक भूमि पर बने इस स्मारक को जरूर देखें और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करें। केंद्रीय गृह मंत्री ने इस मौके पर 1260 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नेशनल हाईवे 152—जी जलबेड़—शाहबाद खंड का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा को 60 साल हुए हैं और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का यह भाग्य है कि 60 सालों में 12 साल तक हरियाणा की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कमल के फूल पर भरोसा किया है।   मनोहर लाल और नायब सिंह सैनी, दोनों ने 12 सालों में हरियाणा के लिए आमूलचूल परिवर्तन किए हैं। उन्होंने हरियाणा सरकार द्वारा लोकहित में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सबसे पहले धुंआ मुक्त प्रदेश हरियाणा बना, हर घर में गैस का सिलेंडर पहुंचा, एमएसपी पर सभी फसलों की खरीद, न्यायिक संहिता को लागू करने वाला पहला राज्य, देश की सबसे पहली हाइड्रोजन ट्रेन चलाने वाला,एलिवेटेड रेलवे ट्रैक की शुरुआत करने वाला पहला राज्य हरियाणा बना। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने ऑनलाइन ट्रांसफर नीति बनाकर, तबादला उद्योग को हरियाणा से अगर किसी ने निकाला तो भारतीय जनता पार्टी ने निकाला। पंचायतों में मातृ शक्ति को 50 प्रतिशत का प्रति निधित्व देने की शुरुआत भी हरियाणा में हुई। एकमात्र राज्य हरियाणा है जहां गांव में आज लाल डोरा नहीं है। परिवार पहचान पत्र बनाने वाला राज्य हरियाणा बना। अमित शाह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जब वे पंजाब में नशा मुक्त पंजाब अभियान के तहत पंजाब जाते हैं तो वहां के किसान एमएसपी की गारंटी की बात करते हैं। राहुल जी ने उनको झुनझुना पकड़ा दिया। उन्होंने कहा कि एक बार पंजाब में भाजपा—एनडीए सरकार बना दो तो किसानों को एमएसपी गारंटी के बोर्ड पकड़ने की जरूरत नहीं रहेगी। नशा मुक्ति के लिए हरियाणा ने कमर कस ली है।

Related posts

दिल्ली में पॉजिटिविटी दर घटकर 4.96 प्रतिशत हुई, अगर पांच दिनों तक लगातार गिरावट जारी रही- सतेंद्र जैन

Ajit Sinha

कोबरा ने एएसआई को काटा, सांप की मौत लेकिन जिंदा रहा एएसआई

Ajit Sinha

50 लाख की रंगदारी ना देने पर व्यापारी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाने वाला गोगी-दिनेश कराला-योगेश टुंडा गैंग का शूटर गिरफ्तार ।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x