Athrav – Online News Portal
फरीदाबाद

बेटियां हमारे देश के उज्ज्वल भविष्य की धरोहर, उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में : विपुल गोयल

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
फरीदाबाद:रक्षाबंधन के पावन पर्व पर हरियाणा सरकार में राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने फरीदाबाद में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से प्रेम, स्नेह, विश्वास और अपनत्व के इस पवित्र पर्व को आत्मीयता के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने गीता मंदिर में विशेष बच्चों के साथ रक्षासूत्र बांधकर उनके साथ रक्षाबंधन की खुशियां साझा की और उनके साथ आत्मीय संवाद किया। इसके पश्चात फरीदाबाद स्थित कार्यालय में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में फरीदाबाद की बेटियों से रक्षा सूत्र बंधवाकर उन्हें स्नेह एवं शुभकामनाएं दीं।

विशेष बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाते हुए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि इन मासूम चेहरों की मुस्कान में ही इस पावन पर्व की सबसे बड़ी खुशी और सुंदरता है। रक्षाबंधन हमें केवल भाई-बहन के रिश्ते की याद नहीं दिलाता, बल्कि यह हमें प्रेम, करुणा, सम्मान और अपनत्व के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि समाज में कोई भी व्यक्ति स्वयं को अकेला या उपेक्षित महसूस न करे, इसके लिए सामूहिक संवेदनशीलता और जिम्मेदारी आवश्यक है।उन्होंने कहा कि विशेष बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाना उनके लिए केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्नेह और समानता की भावना को मजबूत करने का अवसर है। समाज की मुख्यधारा में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि हर बच्चे के जीवन में खुशियां, स्नेह, सम्मान और सफलता बनी रहे तथा उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए हर संभव अवसर प्राप्त हो।फरीदाबाद की बेटियों के साथ रक्षाबंधन कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि हमारी बेटियां देश के उज्ज्वल भविष्य की धरोहर हैं। उनकी प्रतिभा, क्षमता और आत्मविश्वास को सही अवसर मिले तो वे परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों के सपनों को नई उड़ान देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में हरियाणा सरकार निरंतर प्रगतिशील और प्रभावी कदम उठा रही है। सरकार का प्रयास है कि बेटियों और महिलाओं को शिक्षा, सुरक्षा,सम्मान, रोजगार , कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के पर्याप्त अवसर मिले, ताकि वे किसी भी क्षेत्र में अपनी पहचान स्थापित कर सकें। उन्होंने कहा कि जब एक बेटी सशक्त होती है तो उसका परिवार मजबूत होता है और जब समाज की बेटियां आत्मनिर्भर बनती हैं तो राष्ट्र की नींव और मजबूत होती है।मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा और नई गति मिली है। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा महिलाओं एवं बेटियों के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा और स्वावलंबन को प्राथमिकता देते हुए अनेक योजनाओं एवं कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। हरियाणा सरकार भी इसी संकल्प के साथ बेटियों को सशक्त, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि रक्षाबंधन का पावन पर्व हमें रिश्तों की जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराता है। बहन की रक्षा का संकल्प केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि बेटियों और महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा समाज की निरंतर जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि हम बेटियों को संरक्षण देने के साथ-साथ उन्हें इतना सक्षम बनाएं कि वे अपने निर्णय स्वयं ले सकें और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ सकें।
उन्होंने कहा कि रिश्तों की डोर केवल अपने परिवार तक सीमित नहीं होती, बल्कि प्रेम, विश्वास और अपनत्व से पूरा समाज इससे जुड़ता है। रक्षाबंधन का पर्व हमें यही प्रेरणा देता है कि हम समाज के हर वर्ग के प्रति संवेदनशील रहें और एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनें। मंत्री विपुल गोयल ने इस अवसर पर फरीदाबाद की सभी बेटियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके सपनों को नई उड़ान मिले, जीवन में सफलता और खुशियों के नए द्वार खुलें तथा वे शिक्षा और आत्मनिर्भरता के माध्यम से अपने परिवार और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि बेटियों के चेहरे की मुस्कान, उनके सपनों की उड़ान और उनके उज्ज्वल भविष्य से बढ़कर कोई संकल्प नहीं हो सकता। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पावन पर्व प्रत्येक परिवार में प्रेम, सौहार्द, विश्वास और खुशियां लेकर आए तथा समाज में भाईचारे और सामाजिक समरसता की भावना और अधिक मजबूत हो, यही कामना है।

Related posts

फरीदाबाद : टीबी के बिमारी ने एक शख्स को कातिल बना डाला। डीएलएफ क्राइम ब्रांच ने महिला के हत्या के आरोप किया एक शख्स को गिरफ्तार।

Ajit Sinha

फरीदाबाद: बुराई के प्रतीक रावण , मेघनाथ व कुम्भकरण का आज हर्षोउल्लास के साथ किया दहन।

Ajit Sinha

फरीदाबाद: जमीनी विवाद में एक शख्स को हथौड़े और डंडे से पीट- पीट कर दोनों पैरों को तोड़ने के मामले में तीन आरोपित पकड़े गए।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x