अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
गुरुग्राम:हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए कहा कि आज देश की महिलाएं केवल विकास की भागीदार नहीं, बल्कि देश के विकास की दिशा तय करने वाली शक्ति बन रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तिकरण को केवल एक राजनीतिक विषय नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प बनाया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम इसी संकल्प का ऐतिहासिक उदाहरण है।

उषा प्रियदर्शी ने कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का विषय लगभग 27 वर्षों तक राजनीतिक इच्छाशक्ति और सहमति के अभाव में लंबित रहा। वर्ष 1996 में पहली बार महिला आरक्षण विधेयक संसद में प्रस्तुत किया गया था। वर्ष 2010 में भी इसे राज्यसभा से पारित किया गया, लेकिन लोकसभा में पारित न होने के कारण यह आगे नहीं बढ़ सका। वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संसद के दोनों सदनों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया और राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद यह कानून बना। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए लगभग एक-तिहाई यानी 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान किया गया है।

उषा प्रियदर्शी ने कहा कि इस कानून का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि देश की लाखों प्रतिभाशाली महिलाओं को राजनीति और नीति निर्धारण में अपनी भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा। लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। महिलाओं को कानून बनाने और नीतियां निर्धारित करने में अधिक प्रतिनिधित्व मिलेगा। ग्रामीण, शहरी, पिछड़े और वंचित वर्ग की महिलाओं को नेतृत्व के अवसर मिलेंगे। महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता जैसे मुद्दों को अधिक प्रभावी आवाज मिलेगी। आने वाली पीढ़ियों की बेटियों के सामने राजनीति और सार्वजनिक जीवन में आगे बढ़ने के नए रास्ते खुलेंगे।अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं के जीवन के हर क्षेत्र को ध्यान में रखकर अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं।
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान – बेटियों के जन्म, शिक्षा और सम्मान को बढ़ावा।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना – गरीब परिवारों की महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने के लिए एलपीजी कनेक्शन।
स्वच्छ भारत मिशन – महिलाओं की गरिमा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए घर-घर शौचालय।
प्रधानमंत्री जनधन योजना – महिलाओं को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर आर्थिक समावेशन।
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना – महिलाओं को स्वरोजगार और अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता।
सुकन्या समृद्धि योजना – बेटियों के भविष्य और शिक्षा के लिए बचत की सुविधा।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना – गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को आर्थिक सहायता।
लखपति दीदी योजना – स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास।
मिशन शक्ति और वन स्टॉप सेंटर – संकट में महिलाओं को सुरक्षा, सहायता और परामर्श।
उषा प्रियदर्शी ने केंद्र सरकार द्वारा नारी शक्ति को समर्पित अन्य योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्थाओं में नेतृत्व और प्रतिनिधित्व का अवसर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह योजनाएं दर्शाती हैं कि सरकार ने महिला सशक्ति करण को सुरक्षा, सम्मान, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी जैसे सभी पहलुओं से जोड़ा है। महिला अब केवल परिवार की शक्ति नहीं, राष्ट्र की निर्णयकर्ता भी बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का यह संकल्प कि देश की नारी शक्ति को उसका उचित अधिकार मिलना चाहिए, विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को भी मजबूती प्रदान करेगा।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

