Athrav – Online News Portal
पंचकूला

सहायक खनन अभियंता निलंबित, जांच समिति गठित।


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
पंचकूला:हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गांव खेड़ावाली, कालका में अवैध खनन की शिकायत पर कड़ा संज्ञान लेते हुए सहायक खनन अभियंता राजेंद्र प्रसाद को निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में किसी भी प्रकार का अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंत्री कृष्ण लाल पंवार आज सेक्टर-1 स्थित लोक निर्माण विश्राम गृह में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस अवसर पर उपायुक्त  सतपाल शर्मा भी उपस्थित रहे। बैठक में कुल 13 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 9 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि 4 शिकायतों को लंबित रखते हुए संबंधित अधिकारियों को आगामी बैठक से पूर्व उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खेड़ावाली, कालका निवासी ने शिकायत में बताया कि गांव में सरकारी नियमों के विपरीत अवैध खनन किया जा रहा है। इस संबंध में अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके अलावा रायपुररानी क्षेत्र में भी अवैध खनन का मामला उठाया गया। शिकायतों पर गंभीर रुख अपनाते हुए मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने सहायक खनन अभियंता राजेंद्र प्रसाद को निलंबित करने तथा एक जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए। यह समिति अवैध खनन के मामलों की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।उन्होंने पुलिस विभाग को रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
गांव बुढ़नपुर के निवासियों ने इंदिरा कॉलोनी के समीप बिना लाइसेंस मीट बेचने की शिकायत रखी। इस पर मंत्री ने संबंधित विभागों को अभियान चलाकर आगामी 10 दिनों के भीतर बिना लाइसेंस संचालित सभी मीट दुकानों को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र में एक पीसीआर वाहन तैनात करने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि बिना वैध लाइसेंस के मीट बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए।गांव ईशर नगर, पिंजौर निवासी ने आंगनबाड़ी केंद्र के सामने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने नगर परिषद कालका के कार्यकारी अधिकारी को पूरे खसरे की निशानदेही करवाकर अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। एनएच फार्मास्यूटिकल्स, पेट कैमिस्ट शॉप एवं पार्लर तथा पेट एनिमल मेडिकल सेंटर-3, पंचकूला द्वारा सेक्टर-3 स्थित सरकारी पेट अस्पताल में अनियमितताओं की शिकायत दी गई। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि पिछले कई महीनों से कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि रिहायशी क्षेत्रों में किसी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि की अनुमति नहीं है। उन्होंने एसडीएम पंचकूला को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और अगली बैठक से पहले समाधान प्रस्तुत किया जाए।बरवाला से भरेली तक सड़क की खराब स्थिति की शिकायत पर मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता को गड्ढे भरने एवं सड़क की मरम्मत के निर्देश दिए, ताकि आमजन को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।गांव बागवाली निवासी ने शिकायत में बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति ने नेशनल हाईवे की भूमि पर कब्जा कर गेट लगाकर रास्ता बंद कर दिया है। इस पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि 29 मई को भूमि की निशानदेही करवाई जाएगी तथा अवैध अतिक्रमण पाए जाने पर तुरंत हटाया जाएगा। मंत्री ने निर्देश दिए कि निशानदेही पुलिस की मौजूदगी में करवाई जाए।पंचायत समिति रायपुर रानी के चेयरमैन ने शिकायत में बताया कि पंचकूला-यमुनानगर रोड निर्माण के दौरान गांव बागवाली स्थित मिडिल एवं प्राइमरी स्कूल की चारदीवारी तोड़ दी गई थी। इस पर डीईईओ पंचकूला सुमन चौधरी ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा 8.70 लाख रुपये का अनुमान स्वीकृत किया जा चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।सेक्टर-11 पंचकूला निवासी ने शिकायत में कहा कि स्टिल्ट पार्किंग की सुविधा होने के बावजूद कई घरों के पीछे अवैध रैंप, बगीचे और गेट बनाए गए हैं, जिससे सड़क संकरी हो गई है और लोगों को परेशानी हो रही है। इस पर मंत्री ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण से कार्रवाई की जानकारी मांगी। प्राधिकरण के संपदा अधिकारी ने बताया कि अवैध अतिक्रमण हटाने की योजना तैयार कर ली गई है और सेक्टर-11 में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।गांव बतौड़, बरवाला निवासी ने गंदे पानी की निकासी न होने की समस्या उठाई। शिकायतकर्ता ने बताया कि पानी जमा होने से गंदगी फैल रही है और लोगों को आने-जाने में कठिनाई हो रही है। मंत्री ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर समस्या का समाधान कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।सेक्टर-26 निवासी ने शिकायत में बताया कि गांव ढंडारढ़ू में उनकी कृषि भूमि के रास्ते पर अवैध कब्जा किया गया था। पंचायत द्वारा रास्ते की निशानदेही कर सीमेंट के पिलर लगाकर रास्ता खुलवाया गया, लेकिन भू-मालिकों ने पिलर उखाड़ दिए। इस पर मंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि संबंधित भू-मालिक अपने खर्चे पर दोबारा पिलर लगवाएं, अन्यथा उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।बैठक से पूर्व मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि समिति के समक्ष आने वाली प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार उन्हें पंचकूला और कुरुक्षेत्र जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वे रोहतक और हिसार की जिला स्तरीय कष्ट निवारण समितियों की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि कोई भी शिकायत लंबित न रहे और पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। मंत्री ने निर्देश दिए कि जिला स्तरीय अधिकारी स्वयं बैठकों में उपस्थित रहें तथा अधीनस्थ कर्मचारियों को बैठक में भेजने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि पंचकूला जिला कष्ट निवारण समिति पूरे प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ बन सके।

Related posts

लॉकअप से फरार: एक पुलिसकर्मी सस्पेंड, एसएचओ को कारण बताओ नोटिस जारी, एसीपी कालका को सौंपी मामले की जांच।

Ajit Sinha

हाईवे पर महिला के जरिये लिफ्ट के बहाने लूटपाट, ब्लैकमेलिंग व जबरन वसूली की 54 वारदातों का अंजाम देने वाले गैंग का पर्दाफाश।

Ajit Sinha

शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 1.75 करोड़ के साइबर फ्रॉड में पंचकूला पुलिस ने गुजरात से किए 2 बैंक कर्मचारी अरेस्ट।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x