Athrav – Online News Portal
राजनीतिक हरियाणा

मौलिक अधिकार और मौलिक कर्तव्य एक ही तराजू के दो पलड़े हैं : रमेश चंद्र मिश्रा

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
पंचकूला: भारतीय जनता पार्टी हरियाणा द्वारा पंचकूला के जैनेंद्र गुरुकुल के आत्म सभागार में संविधान गौरव दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व पुलिस महानिदेशक एवं राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण से जुड़े श्री रमेश चंद्र मिश्रा तथा हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के कार्यकारी उपाध्यक्ष डॉ. कुलदीप अग्निहोत्री ने भारतीय संविधान की विशेषताओं, लोकतांत्रिक परंपराओं और नागरिक कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

रमेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे विस्तृत लिखित संविधान है, जिसमें दुनिया के विभिन्न लोकतांत्रिक देशों की संवैधानिक व्यवस्थाओं की श्रेष्ठ विशेषताओं को समाहित किया गया है। भारत जैसे विविधतापूर्ण विशाल देश को एक सूत्र में बांधने में संघीय व्यवस्था और स्वतंत्र न्यायपालिका की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि मौलिक अधिकार और मौलिक कर्तव्य एक ही तराजू के दो पलड़े हैं। संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व पर आधारित लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव रखी। सामाजिक संतुलन बनाए रखने के लिए नागरिकों का अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। आदर्श नागरिक बनकर ही हम आदर्श समाज की स्थापना कर सकते हैं।

डॉ. कुलदीप अग्निहोत्री ने कहा कि लोकतंत्र भारत के लिए कोई नई अवधारणा नहीं है, बल्कि यह हमारी प्राचीन सभ्यता, संस्कृति और संस्कारों में रचा-बसा है। लोकतंत्र भारतीयों के डीएनए में है। तमाम वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल के दौरान नागरिक स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों पर गंभीर आघात हुआ था। भारतीय लोकतंत्र का इतिहास हमें संवैधानिक मूल्यों के प्रति सदैव सजग रहने की प्रेरणा देता है। संविधान की रक्षा करना और उसके मूल्यों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का धर्म है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की ऐतिहासिक पहल कर संविधान निर्माताओं के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। बाबासाहेब के जीवन से जुड़े 5 प्रमुख स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करना भी उनके प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता का प्रतीक है।कार्यक्रम की संयोजिका एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लतिका शर्मा ने सभी को संविधान गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवाओं को अपने पूर्वजों के योगदान से प्रेरणा लेकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। विश्वभर में अस्थिरता के बावजूद भारत में एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का भाव बना हुआ है, जिसमें भारतीय संविधान की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण तथा नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण कदम सामाजिक न्याय और समान अवसर की संवैधानिक भावना को सशक्त करते हैं। अंत्योदय और सबका साथ, सबका विकास के माध्यम से बाबासाहेब के सपनों को साकार करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का आभार भी व्यक्त किया।इस अवसर पर बाबासाहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर के जीवन, संघर्ष, विचारों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता,भाजपा जिलाध्यक्ष अजय मित्तल, प्रदेश सचिव गुरप्रीत कौर, नगर महापौर श्याम लाल बंसल, पूर्व महापौर कुलभूषण गोयल, कालका नगर परिषद अध्यक्ष कृष्णा लांबा, कार्यक्रम के सहसंयोजक विशाल सेठ, राजेश बतौरा, जगमोहन लाल कुमार, वरिष्ठ भाजपा नेता हरिओम जिंदल, अग्रवाल सभा के प्रधान जगमोहन गर्ग, जिला महामंत्री भवनजीत सिंह सूदन, जय कौशिक सहित बड़ी संख्या में युवा, बुद्धिजीवी, गणमान्य नागरिक, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।

Related posts

खरगे बोले- आरएसएस-भाजपा देशद्रोही, आजादी की लड़ाई में दिया था अंग्रेजों का साथ 

Ajit Sinha

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज विधानसभा चुनाव के लिए निम्नलिखित स्क्रीनिग कमेटी का गठन किया हैं -लिस्ट पढ़े 

Ajit Sinha

कांग्रेस पार्टी की टिकट के लिए फीस के तौर पर देने होंगे बीस हजार और आरक्षित सीट से आवेदन पाँच हजार रुपये है।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x