
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
फरीदाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण,सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय सेक्टर21C में पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा की सुरक्षा, कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस आयुक्त ने सभी पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।पुलिस आयुक्त ने बताया कि डीसीपी ट्रैफिक जयवीर सिंह को कांवड़ यात्रा ड्यूटी का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं डीसीपी सेंट्रल, डीसीपी बल्लभगढ़ एवं डीसीपी एनआईटी अपने-अपने जोन में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की निगरानी करेंगे तथा सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में यात्रा के लिए निर्धारित तीन प्रमुख मार्गों की विशेष समीक्षा की गई। इनमें आगरा कैनाल मार्ग, बदरपुर बॉर्डर से बाईपास मार्ग तथा बदरपुर बॉर्डर से राष्ट्रीय राजमार्ग शामिल हैं। इन सभी मार्गों पर प्रभावी नाकाबंदी, नियमित गश्त तथा अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि आगरा कैनाल के साथ लगने वाले मार्ग पर श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहेगी,इसलिए इस मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल,ट्रैफिक कर्मचारी एवं आपात कालीन संसाधन उपलब्ध रहेंगे।उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस तथा क्रेन की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्रदान की जा सके। साथ ही सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए, जिससे किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।पुलिस आयुक्त ने सभी थाना प्रबंधकों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र के कांवड़ शिविर संचालकों से लगातार समन्वय बनाए रखें तथा शिविरों की सुरक्षा व्यवस्था का नियमित निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कांवड़ शिविर में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रहे। शिविर मुख्य मार्ग से 50 फीट की दूरी पर स्थापित किए जाएं, ताकि कोई अप्रिय घटना घटित ना हो।बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि यात्रा मार्ग पर सड़कों की मरम्मत,पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, लाइनिंग , रस्सी एवं मिट्टी के कट्टों के माध्यम से सुरक्षित मार्ग तैयार किया जाए। जहां आवश्यकता हो वहां आपातकालीन डायवर्जन की व्यवस्था भी पहले से सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त यात्रा मार्ग पर आने वाले सभी प्रमुख कट एवं चौराहों पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, नीचे लटके बिजली के तार अथवा अन्य अवरोध न रहें। उन्होंने परिवहन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रांसपोर्ट यूनियनों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित करने के भी निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सभी थाना स्तर पर कांवड़ यात्रियों का आवश्यक विवरण उपलब्ध रखा जाए तथा श्रद्धालुओं को अपने साथ पहचान पत्र रखने के लिए जागरूक किया जाए। इसके साथ ही साथ लगते राज्य व जिला पुलिस से समन्वय में स्थापित किया जाए ।पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी तथा अपने वाहनों की जानकारी संबंधित थाना पुलिस को उपलब्ध कराएं। डाक कांवड़, झांकियों एवं वाहनों की ऊंचाई 10 फीट से अधिक न रखें तथा सभी श्रद्धालु यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने नागरिकों से फरीदाबाद पुलिस द्वारा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की भी अपील की।पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान करीब 2000 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे। इनमें ट्रैफिक पुलिस, क्राइम ब्रांच, स्वाट टीम, महिला पुलिस बल तथा स्थानीय थाना पुलिस शामिल रहेगी। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विशेष गश्त एवं नाकाबंदी की जाएगी।बैठक में ज्वाइंट पुलिस आयुक्त राजेंद्र कुमार मीणा, डीसीपी मुख्यालय हिमाद्री कौशिक, डीसीपी क्राइम राजेश कुमार मोहन, डीसीपी ट्रैफिक जयवीर सिंह, डीसीपी सेंट्रल उषा, सभी सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रबंधक एवं ट्रैफिक इंस्पेक्टर उपस्थित रहे।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

