अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
फरीदाबाद / चंडीगढ़:हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता होने के साथ-साथ हमें जीवन जीने की सकारात्मक प्रेरणा भी देते हैं। गणेश जी का स्वरूप हमें यह संदेश देता है कि जिस व्यक्ति ने अपने मन और इच्छाओं पर नियंत्रण पा लिया, उसके लिए जीवन की कोई भी समस्या बड़ी नहीं रहती।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को सेक्टर-12 स्थित सेंट्रल पार्क लॉन एवं बैंक्वेट में आयोजित भव्य गणेश महोत्सव में श्रद्धालु को संबोधित कर रहे थे। गणेश उत्सव में हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष व लेडी गवर्नर मित्रा घोष ने भी शिरकत की । इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, राज्य मंत्री राजेश नागर, मुख्यमंत्री के मीडिया एडवाइजर राजीव जेटली भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने गणपति बाबा मोरया का स्मरण करते हुए सभी आयोजकों, कलाकारों तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को गणेश महोत्सव की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति को निरंतर आगे बढ़ाने में संतों, धार्मिक संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गणेश महोत्सव केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज को जोड़ने, युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देने और राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेने का भी अवसर है। भगवान गणेश हमें विघ्नों का सामना करने और जीवन में आने वाली कठिन परिस्थितियों से स्वयं संघर्ष करने का साहस प्रदान करें, यही हमारी प्रार्थना होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि भगवान गणेश से प्रार्थना है कि वे सभी के जीवन में विघ्नों को दूर करें और प्रदेशवासियों को सुख, शांति, समृद्धि एवं शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सद्भाव की भावना और मजबूत होती है।मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें इस वर्ष भी गणेश महोत्सव में शामिल होने का अवसर मिला, जिसके लिए उन्होंने आयोजकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को गणेश महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

