अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
चंडीगढ़/यमुनानगर:भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की करनाल यूनिट ने हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो (एचएसईएनबी), यमुनानगर में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) रजनी को 9,500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित पर निर्माण सामग्री लेकर यमुनानगर से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जाने वाले ट्रकों की एंट्री करने के बदले प्रति ट्रक 1,000 रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी ने रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, वह अपने दोस्तों के साथ गांव बुरिया, जिला यमुनानगर से निर्माण सामग्री लेकर सहारनपुर, उत्तर प्रदेश जाने वाले ट्रकों की एंट्री करवाता था। आरोप है कि एचएसईएनबी, यमुनानगर में तैनात एएसआई रजनी प्रत्येक ट्रक की एंट्री के बदले 1,000 रुपये की मांग करती थी। शिकायत के अनुसार, आरोपित पहले भी दो अलग-अलग मौकों पर ट्रकों की एंट्री के बदले शिकायतकर्ता से कुल 5,000 रुपये ले चुकी थी। इसके बाद आरोपित ने पिछली एंट्री के बकाया 6,000 रुपये और मौजूदा एंट्री के 4,000 रुपये सहित कुल 10,000 रुपये की मांग की। बाद में यह राशि 9,500 रुपये तय हुई।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी की करनाल यूनिट ने नियमानुसार ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान आरोपित एएसआई रजनी को थाना एचएसईएनबी, सेक्टर-18, जगाधरी, जिला यमुनानगर के पास 9,500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। रिश्वत की पूरी राशि मौके से बरामद की गई। कार्रवाई राजपत्रित अधिकारी और शैडो विटनेस की मौजूदगी में की गई।आरोपित के खिलाफ मुकदमा संख्या 15, दिनांक 26 अक्टूबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पंचकूला में मामला दर्ज किया गया है। यह ट्रैप कार्रवाई एसीबी करनाल यूनिट द्वारा की गई। मामले में आगे की जांच नियमानुसार जारी है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

