Athrav – Online News Portal
दिल्ली राजनीतिक राष्ट्रीय हाइलाइट्स

दिल्ली ब्रेकिंग:खरगे बोले- मोदी और ज्ञानेश कुमार के पदों पर रहते निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
नई दिल्ली:कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार आपस में गठबंधन कर एसआईआर एवं ईवीएम के जरिए देश के लोगों से वोट का अधिकार छीन रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक ये दोनों पदों से नहीं हटेंगे, तब तक देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव नहीं होंगे।राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बृहस्पतिवार को संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ‘संविधान रक्षा मार्च’ के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा, सांसद इमरान मसूद, राज्यसभा में पार्टी के उपनेता प्रमोद तिवारी, पार्टी के ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जयहिंद, उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी, सांसद किशोरी लाल शर्मा, सांसद उज्ज्वल रमण सिंह, पार्टी की सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की राष्ट्रीय चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत, सांसद तनुज पुनिया, अजय कुमार लल्लू, अजय राय, बृजलाल खाबरी आदि वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि संविधान द्वारा दलितों, महिलाओं, गरीबों और वंचितों को दिया गया वोट का अधिकार एसआईआर के जरिए छीना जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनता के वोट काटने की कोशिश की जाएगी तो देश का हर नागरिक भाजपा के खिलाफ खड़ा होकर अपने अधिकार की लड़ाई लड़ेगा। खरगे ने देश की आर्थिक नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी और अग्निवीर योजना के मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं उद्योग जगत के एक कार्यक्रम में यह स्वीकार किया है कि तमाम टैक्स रियायतें और संसाधन मिलने के बावजूद कंपनियां न तो निवेश बढ़ा रही हैं, न ही युवाओं को रोजगार दे रही हैं एवं न ही वेतन बढ़ा रही हैं। खरगे ने कटाक्ष किया कि प्रधानमंत्री को यह सब अब इसलिए याद आ रहा है क्योंकि उत्तर प्रदेश में चुनाव हैं। उन्होंने सवाल किया कि अगर मोदी सचमुच कामगारों का हित चाहते हैं तो न्यूनतम मजदूरी का कानून क्यों नहीं बना देते? उन्होंने कहा कि सरकार ने श्रमिकों के हितों के खिलाफ चार श्रम संहिताएं थोप दीं। 2024 के लोकसभा चुनावों में जनता द्वारा भाजपा को 240 सीटों पर समेट देने का उल्लेख करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जनता ने संविधान एवं अपने अधिकारों की रक्षा के लिए मतदान किया था। उत्तर प्रदेश की जनता का धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में कम सीटें जीतने की वजह से ही नरेंद्र मोदी बहुमत से दूर रह गए। उन्होंने मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी और अन्य स्थानों पर हुए हालिया एमएलसी चुनावों में भाजपा की हार का जिक्र भी किया। खरगे ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सांसद रहते हुए संसद में रोने का जिक्र करते हुए कहा कि इनके ‘मुंह में राम-बगल में छुरी’ रहती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लखनऊ में बैठे एक नेता और अमित शाह दोनों की नजरें प्रधानमंत्री की कुर्सी पर हैं, लेकिन मोदी तो यह कुर्सी छोड़ना ही नहीं चाहते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा-आरएसएस शुरू से ही संविधान के खिलाफ रही हैं। पिछले 12 वर्षों से मोदी सरकार लगातार संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है। खरगे ने अमित शाह द्वारा संसद में दिए गए उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘बाबा साहेब अंबडेकर का नाम लेना फैशन हो गया है। इतना नाम भगवान का लेते तो स्वर्ग मिल जाता।’ उन्होंने कटाक्ष किया कि भाजपा के लोग खुद भगवान राम के नाम पर चोरी कर रहे हैं, उन्हें स्वर्ग नहीं मिलने वाला।  खरगे ने स्वतंत्रता आंदोलन में आरएसएस के अंग्रेजों के साथ खड़े होने का उल्लेख करते हुए कहा कि आरएसएस के तत्कालीन प्रमुख हेडगेवार ने लोगों को स्वतंत्रता संग्राम से दूर रहने को कहा था, जबकि श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ को कुचलने के लिए बंगाल के गवर्नर को पत्र लिखे थे। उन्होंने कहा कि आरएसएस के विपरीत, पंडित जवाहरलाल नेहरू सहित कांग्रेस के नेताओं ने आजादी के लिए जेल की यातनाएं सहीं। उन्होंने याद दिलाया कि आरएसएस ने अपने कार्यालय पर दशकों तक तिरंगा झंडा नहीं फहराया था। संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर की ऐतिहासिक भूमिका को याद करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश के विभाजन के बाद बंगाल से डॉ. अंबेडकर की संविधान सभा की सदस्यता समाप्त हो गई थी और उनकी सीट पाकिस्तान में चली गई थी। ऐसे समय में कांग्रेस ने उन्हें बॉम्बे की रिक्त सीट से संविधान सभा भेजा और ड्राफ्टिंग कमेटी का चेयरमैन बनाया, ताकि देश को एक सशक्त संविधान मिल सके। भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए गठबंधन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सभी को एकजुट होकर काम करना होगा और अहंकार छोड़ना होगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन रहेगा, किसी को भी अहंकार भरी बातें नहीं करनी चाहिए। हमारा मकसद भाजपा, मोदी सरकार और योगी सरकार को सत्ता से हटाना है। उन्होंने प्रदेश की जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को करारी शिकस्त देने की अपील की, ताकि वह दोबारा संविधान से छेड़छाड़ करने की हिम्मत न कर सके। उन्होंने लोगों से गठबंधन को मजबूत करने और उसे जिताने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस उनके साथ है एवं आगे भी साथ रहेगी

Related posts

नरवाना नगरपरिषद की नवनिर्वाचित चेयरपर्सन और 23 पार्षदों ने भारतीय जनता पार्टी में जताई आस्था

Ajit Sinha

विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी का बड़ा फैसला” टी.एस. सिंह देव को छत्तीसगढ़ के उप-मुख्यमंत्री बने

Ajit Sinha

समाज में एकजुटता, सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करते सामाजिक आयोजन : प्रो. असीम कुमार घोष

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x