Athrav – Online News Portal
चंडीगढ़ हरियाणा हाइलाइट्स

पिछले 12 वर्षों में 2 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां, 17,676 खिलाड़ियों को 931 करोड़ की नकद पुरस्कार राशि दी गई

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
चंडीगढ़:हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारा संविधान हमारे वर्तमान और हमारे भविष्य का मार्गदर्शक है। बीते 77 वर्षों में देश के सामने जो भी चुनौतियां आई हैं, हमारे संविधान ने हमें हर उस चुनौती का समाधान करने के लिए सही मार्ग दिखाया है। संविधान का सम्मान किसी एक दल या सरकार का विषय नहीं है। यह हर उस व्यक्ति का दायित्व है, जिसे जनता ने सार्वजनिक सेवा का अवसर दिया है।मुख्यमंत्री वीरवार को संविधान को अंगीकार किए जाने की 77वीं वर्षगांठ पर हरियाणा विधानसभा के विशेष सत्र में आयोजित विशेष चर्चा के दौरान सदन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विशेष सत्र में भाग लेने के लिए सभी  सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज हम लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व का स्मरण कर रहे हैं। लेकिन, हम इस समय यह भी नहीं भूल सकते कि आज ही के दिन वर्ष 2008 में मुंबई में हुए आतंकी हमले की बरसी भी है। उन्होंने इस आतंकी हमले में अपनी जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उस जज्बे को भी याद किया, जब समूचे राष्ट्र ने एकजुट होकर उस हमले का सामना किया था। यह हमारे लोकतंत्र की ही शक्ति थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान सभा की पहली बैठक 9 दिसंबर, 1946 को हुई थी। लगभग 3 वर्ष के विचार-विमर्श के बाद 26 नवंबर, 1949 को संविधान अंगीकार किया गया। उस समय संविधान में 395 अनुच्छेद, 22 भाग और 8 अनुसूचियां थीं। संविधान सभा ने 11 सत्रों में अनेक महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बहस की। संविधान के मसौदे पर हजारों संशोधन प्रस्तावित हुए और उन पर गंभीर विचार किया गया।इस विस्तृत प्रक्रिया में भारतीय समाज के हर वर्ग और देश के हर क्षेत्र की बात सुनी गई। संविधान की रचना केवल एक दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया नहीं थी। यह विविधता से भरे देश के लिए सहमति, संवाद और लोक तांत्रिक मर्यादा का मार्ग खोजने का एक सशक्त प्रयास था।नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारे संविधान निर्माता भारतवर्ष की महान परंपरा, महान संस्कृति, महान विरासत और हजारों साल की इसकी यात्रा के प्रति सजग थे। भारतवर्ष की लोकतांत्रिक परंपराएं बहुत प्राचीन हैं। चौथी शताब्दी से पहले, 1 हजार वर्षों तक इस विशाल राष्ट्र में अनेक शक्तिशाली गणराज्य थे। मालव गणराज्य ने तो सिकंदर के अजेय होने के सपने को भी चकनाचूर कर दिया था।मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा यह समृद्ध इतिहास विश्व के लिए प्रेरक रहा है। तभी तो भारत आज दुनियाभर में ‘मदर ऑफ डेमोक्रेसी’ के रूप में जाना जाता है। आज हमारा लोकतंत्र विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, साथ ही प्राचीनतम लोकतांत्रिक परंपरा की जड़ें हमारी पुण्य भूमि में ही हैं।उन्होंने कहा कि  डॉ. राधाकृष्णन जी, जो संविधान सभा के सदस्य भी थे, ने लिखा है, इस महान राष्ट्र के लिए गणतांत्रिक व्यवस्था नई नहीं है। हमारे यहां यह हमारे इतिहास की शुरुआत से ही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद, प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, मौलाना अबुल कलाम आजाद, के.एम. मुंशी, अल्लादी कृष्णास्वामी अय्यर सहित अनेक सदस्यों ने इस महान कार्य में योगदान दिया। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान किसी एक व्यक्ति का नहीं, वरन समूची संविधान सभा के सामूहिक विवेक और राष्ट्र की सामूहिक आकांक्षा का परिणाम था।  उन्होंने कहा कि 24 जनवरी, 1950 को 284 सदस्यों ने संविधान पर हस्ताक्षर किए। वे हस्ताक्षर भारत की लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता के साक्षी बने। नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारे संविधान की निर्माण प्रक्रिया में हमारे देश की मातृशक्ति ने महान योगदान दिया है।  मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने भी संविधान को सशक्त करने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई। संविधान सभा में 15 माननीय महिला सदस्य थीं और वे बड़ी सक्रिय थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि  मौलिक चिंतन के आधार पर उन्होंने संविधान सभा की डिबेट को समृद्ध किया। वे सभी बहनें अलग-अलग बैकग्राउंड से थीं, अलग-अलग क्षेत्रों से थीं। यहां शुरुआत से ही महिलाओं को वोट के अधिकार सहित बराबर के अनेक अधिकार दिए गए।नायब सिंह सैनी ने कहा कि उन्हें यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि संविधान सभा में हरियाणा के सात महापुरुषों, नामतः कैप्टन रणजीत सिंह, पंडित ठाकुर दास भार्गव, राव बहादुर चौधरी सूरजमल, पंडित श्रीराम शर्मा, मास्टर नंदलाल, चौधरी रणबीर सिंह हुड्डा और लाला देशबंधु गुप्ता ने योगदान दिया। उन्होंने कहा कि ये उन्हीं का हो दिखाया हुआ रास्ता है जो हम पवित्र संविधान के ऊपर आगे बढ़ रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारें जनता की सेवा के लिए बनाती हैं।उन्होंने कहा कि हमारे संविधान की प्रस्तावना ‘हम, भारत के लोग’ शब्दों से आरंभ होती है। यह इसकी आत्मा है। सत्ता का अंतिम स्रोत जनता है। सरकारें जनता की सेवा के लिए बनती हैं और संविधान के प्रति जवाबदेह रहती हैं। प्रस्तावना में सामाजिक,आर्थिक और राजनीतिक न्याय; विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता; अवसर और प्रतिष्ठा की समानता तथा व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता का संकल्प है। उन्होंने कहा कि  ये शब्द समूचे भारत राष्ट्र का वह वचन हैं, जिसे हम अपने आचरण और नीतियों से हर दिन साकार करते हैं।आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में हर देशवासी का एक ही ध्येय है, विकसित भारत का निर्माण। विकसित भारत का मतलब है, जहां देश के हर नागरिक को क्वालिटी ऑफ लाइफ मिले, डिग्निटी ऑफ लाइफ मिले। ये सामाजिक न्याय, सोशल जस्टिस का भी बड़ा माध्यम हैं और ये संविधान की भी मूल भावना हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि ये तो पहली बार है कि  प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में 2015 से ही इसे संविधान दिवस के रूप में मनाया जाने लगा।  उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि संविधान हर नागरिक के जीवन और हर सार्वजनिक संस्था के कामकाज में भी दिखाई दे।  उन्होंने कहा कि आज हमने यहां इस महान सदन में ऐसा ही संकल्प  लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान ने हमें मौलिक अधिकार दिए हैं। उन्होंने कहा कि इन अधिकारों का अर्थ तभी पूरा होता है, जब समाज का हर व्यक्ति, विशेषकर गरीब, वंचित और कमजोर नागरिक, सम्मान और अवसर के साथ आगे बढ़ सके। संविधान का उद्देश्य केवल राज्य की शक्तियों को तय करना नहीं, बल्कि उन शक्तियों को नागरिकों की गरिमा और न्याय की कसौटी पर रखना भी है।नायब सिंह सैनी ने कहा कि राजनीतिक दृष्टि से संविधान का सम्मान किसी एक दल या सरकार का विषय नहीं है। यह हर उस व्यक्ति का दायित्व है, जिसे जनता ने सार्वजनिक सेवा का अवसर दिया है। हम सबको यह आत्ममंथन करना चाहिए कि क्या हमारे कामकाज में निष्पक्षता, पारदर्शिता, जवाबदेही और कानून का समान सम्मान दिखाई देता है।उन्होंने कहा कि भारत का संविधान स्थिरता देता है, लेकिन समय के साथ आगे बढ़ने की क्षमता भी रखता है। इसमें संशोधन की व्यवस्था है, ताकि बदलती परिस्थितियों और नागरिकों की आकांक्षाओं के अनुरूप लोकतंत्र विकसित होता रहे। पंचायतों और नगर निकायों को संवैधानिक आधार मिलने से लोकतंत्र गांवों और शहरों तक पहुंचा है। शिक्षा, सामाजिक न्याय और स्थानीय स्वशासन से जुड़े प्रावधानों ने नागरिकों को व्यवस्था में अधिक प्रभावी भागीदारी का अवसर दिया है। यह हमारे संविधान की जीवंतता है, अपने मूल आदर्शों को सुरक्षित रखते हुए समय की जरूरत के साथ आगे बढ़ना।मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के लिए संविधान का महत्व विशेष है। 1 नवंबर, 1966 को राज्य के गठन के बाद हमारी यात्रा संवैधानिक लोकतंत्र की इसी व्यवस्था के तहत आगे बढ़ी। हमारी विधानसभा ने प्रदेश की जनता की आकांक्षाओं को कानून, नीति और जनकल्याण के कार्यों में बदलने का दायित्व निभाया है। खेत में मेहनत करने वाला किसान, सीमाओं की रक्षा करने वाला जवान, उद्योग में कार्यरत श्रमिक, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े कर्मचारी, महिलाएं, युवा और उद्यमी, हरियाणा की प्रगति में सबकी भागीदारी है। संविधान का समानता और गरिमा का आदर्श हमें याद दिलाता है कि विकास का लाभ इन सब वर्गों तक और हर क्षेत्र तक पहुंचे।नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले 60 वर्षों में हरियाणा ने कृषि, उद्योग, शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, तकनीक और सामाजिक कल्याण के क्षेत्रों में निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।आज हरियाणा का क्षेत्र देश के क्षेत्रफल का मात्र 1.34 प्रतिशत है। लेकिन, आज देश की जीडीपी में हमारा योगदान 3.7 प्रतिशत है। देश के खाद्यान्न भंडार को भरने वाला दूसरा बड़ा राज्य है। प्रति व्यक्ति आय में बड़े राज्यों में प्रथम स्थान पर है।नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान में निहित जनसेवा, लोक कल्याण और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को शासन की कार्य संस्कृति से जोड़ने का कार्य किया है। राजपथ को कर्तव्य पथ की पहचान देकर उन्होंने प्रत्येक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व का स्मरण कराया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि इंडिया गेट के समीप नेताजी सुभाष चंद्र बोस की भव्य प्रतिमा की स्थापना हमारे स्वतंत्रता संग्राम के त्याग, साहस और राष्ट्र समर्पण के आदर्शों के प्रति श्रद्धा की अभिव्यक्ति है।

Related posts

चंडीगढ़ ब्रेकिंग: 2022 में हरियाणा ने जीते थे 38 गोल्ड मेडल, अभी तक 48 जीते गोल्ड मेडल

Ajit Sinha

हरियाणा पुलिस की कमांडों विंग में 23 सब-इन्सपैक्टर (पुरूष) के पद भरे जाएंगे,मिली मंजूरी। 

Ajit Sinha

दो चोरों को अरेस्ट कर चोरी की 62 महंगी साइकिलों को पुलिस ने किया बरामद-वीडियो देखे।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x