अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
सोनीपत: आज सोनीपत पुलिस ने रंगदारी मांगने तथा फायरिंग की घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में काबू किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 3 देशी पिस्टल एवं वारदात में प्रयुक्त बजाज CT-100 मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों घायल आरोपितों को उपचार के लिए CHC खरखौदा में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में सहायक पुलिस आयुक्त (क्राइम) राजपाल सिंह, HPS ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 10 सितम्बर 2026 को रात्रि करीब 09:23 बजे खरखौदा निवासी दीपक के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल प्राप्त हुई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को नंदू गैंग से संबंधित मुकदमे वार/साथी बताते हुए दीपक से ₹2 करोड़ की रंगदारी की मांग की तथा पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।
रंगदारी की मांग के करीब आधे घंटे बाद खांडा रोड,खरखौदा स्थित दीपक के कार्यालय पर मोटरसाइकिल सवार 2-3 युवकों द्वारा फायरिंग किए जाने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना खरखौदा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं संबंधित CIA/SAUG टीमों को भी तत्काल सूचित किया गया। फायरिंग की घटना के बाद एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। मौके से 3 खाली खोल बरामद किए गए। इसके अलावा कार्यालय के मुख्य गेट एवं दीवार पर गोलियों के निशान पाए गए। पुलिस द्वारा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित कर जांच में शामिल किए गए। इस संबंध में थाना खरखौदा में एफआईआर नंबर-509 दिनांक 11.09.2026 समय 01:52 बजे, धारा 287 , 3 (5) , 308(5) BNS एवं 25 Arms Act के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम द्वारा जिले में प्रसारित की गई। सूचना मिलने के बाद SAUG सेक्टर-07 की टीम ने संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार युवकों का पीछा शुरू किया। पुलिस टीम द्वारा संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उनका पीछा किया गया। इसी दौरान NH-334B पर गांव हरसाना के पास पुलिस टीम एवं संदिग्ध युवकों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान दोनों संदिग्ध गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस टीम ने दोनों को घायल अवस्था में काबू कर लिया तथा उनके कब्जे से हथियार बरामद किए गए।
मुठभेड़ में घायल आरोपियों की पहचान निम्न प्रकार हुई है:
1. अंकित, उम्र करीब 21 वर्ष, पुत्र दीपक, निवासी गांव भटाना, थाना मोहाना, सोनीपत, हाल निवासी प्रगति नगर, सोनीपत,
2. हर्ष, उम्र करीब 19 वर्ष, पुत्र पवन, निवासी गांव लहराड़ा, थाना सदर सोनीपत। दोनों घायलों को उपचार के लिए CHC खरखौदा ले जाया गया।पुलिस/SAUG टीम द्वारा मुठभेड़ के दौरान आरोपितों के कब्जे से 3 देशी पिस्टल तथा एक बजाज CT-100 मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बरामद हथियारों को कब्जे में लेकर उनकी जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपितों के पास ये हथियार कहां से आए तथा इनका इस्तेमाल किन-किन आपराधिक वारदातों में किया गया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस पार्टी पर फायरिंग के संबंध में मुकदमा नंबर-285 दिनांक 11.09.2026 धारा 132 , 121(1), 221, 109(1), 3(5) BNS एवं 25/54/59 Arms Act, थाना सदर सोनीपत में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में ₹2 करोड़ की रंगदारी की मांग एवं कार्यालय पर हुई फायरिंग के बीच संबंध सामने आ रहा है। पुलिस द्वारा पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। जांच के दौरान पुलिस द्वारा आरोपितों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों, रंगदारी की मांग के पीछे सक्रिय लोगों, हथियारों के स्रोत, वारदात के उद्देश्य तथा आपराधिक नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपितों का किसी अन्य आपराधिक गिरोह अथवा पूर्व की आपराधिक वारदातों से कोई संबंध है या नहीं।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

