Athrav – Online News Portal
अपराध गुडगाँव

बेटे की हत्या का बदला लेने के लिए बाप-बेटे को एक साथ गोली मारने के लिए गोलियां चलाई थी, पर गोली लगने से पिता की मौत हो गई।

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
गुरुग्राम पुलिस ने वसई रोड पर एन.के. फैक्ट्री के नजदीक 39 वर्षीय महेंद्र नामक व्यक्ति की गोली मारकर सनसनीखेज हत्या किए जाने के मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह सनसनीखेज वारदात पुरानी रंजिश एवं हत्या का बदला लेने के उद्देश्य से रची गई साजिश का परिणाम थी। गिरफ्तार आरोपितों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई। साजिश के तहत मृतक महेन्द्र तथा उसके बेटे दोनों की हत्या करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन हमलावर केवल महेंद्र की हत्या की वारदात को ही अंजाम दे सके।

एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने आयोजित प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि  गत वीरवार को थाना सेक्टर-9 ए, गुरुग्राम की पुलिस टीम को एक सूचना प्राप्त हुई कि रवि नगर के पास एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां पर डॉक्टरों द्वारा गोली लगने से घायल व्यक्ति को मृत घोषित करना ज्ञात हुआ। पुलिस टीम द्वारा सीन-ऑफ-क्राइम एवं फिंगरप्रिंट टीम को मौके पर बुलाया गया तथा घटनास्थल का गहनता से निरीक्षण करवाकर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए। इसी दौरान मृतक के बेटे ने पुलिस टीम को एक लिखित शिकायत के माध्यम से बताया कि गत रविवार को समय सुबह करीब 09:20 बजे वह अपने पिता महेन्द्र (उम्र 39 वर्ष) निवासी बसई, गुरुग्राम के साथ बाइक पर सवार होकर सदर बाजार जा रहा था। जब ये कृष्णा नगर के नजदीक एन.के. फैक्ट्री के पास पहुंचे, तभी पीछे से बाइक पर सवार तीन युवक आए, जिनमें से एक युवक ने उसके पिता महेन्द्र पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए तो उसके  पिता को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-9 ए, गुरुग्राम में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5), 61 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a) के तहत मुकदमा अंकित किया गया।उनका कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस द्वारा तत्परता से कार्रवाई की गई तथा 5 आरोपितों को काबू किया गया। उप-निरीक्षक प्रमोद, प्रभारी अपराध शाखा सेक्टर-10, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने तकनीकी एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्यवाही करते हुए कल दिनांक 10.09.2026 को 2 आरोपितों को गुरुग्राम से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की, जिनकी पहचान 1. पर्नव पाराशर उर्फ छोटी (उम्र 20 वर्ष) व 2. प्रवीण पाराशर (उम्र 45 वर्ष) दोनों निवासी गांव बिप्रावली,जिला आगरा, उत्तर-प्रदेश वर्तमान निवासी देवीलाल कॉलोनी, गुरुग्राम के रूप में हुई। उनका कहना है कि इसी प्रकार उप-निरीक्षक ललित कुमार, प्रभारी अपराध शाखा सेक्टर-40, गुरुग्राम के नेतृत्व में उप-निरीक्षक अंकित  ने पुलिस टीम के साथ कार्यवाही करते हुए उपरोक्त मुकदमा में 3 आरोपितों को आज शुक्रवार को काबू किया। आरोपितों की पहचान देव शर्मा उर्फ केमटी (उम्र-22 वर्ष) निवासी गांव पूरनपुर पीलीभीत जिला बरेली, उत्तर-प्रदेश हाल निवासी सेक्टर-9, गुरुग्राम, अंकित उर्फ बंटी (उम्र-19 वर्ष) निवासी गांव बसई, गुरुग्राम व उत्सव (उम्र-19 वर्ष) निवासी खुटाहा, जिला लखीसराय, बिहार हाल निवासी भवानी एनक्लेव, गुरुग्राम के रूप में हुई है। गढ़ी हरसरू के पास पुलिस टीम से घिरा देखकर आरोपित  पुलिस से बचने के लिए बाइक छोड़कर भागने लगे। इस दौरान गड्ढे में गिरने से आरोपित देव व अंकित की टांग टूट गई।उनका कहना है कि पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उपरोक्त आरोपित प्रवीण पाराशर, आरोपित पर्नव पाराशर का पिता है। आरोपित प्रवीण के दूसरे बेटे पर्व उर्फ बड़ी की वर्ष-2025 में हत्या की गई थी। पर्व उर्फ बड़ी की हत्या के मामले में मृतक महेन्द्र का बेटा भी शामिल था। इसी रंजिश एवं अपने बेटे की हत्या का बदला लेने के उद्देश्य से आरोपित प्रवीण और पर्नव ने अपने अन्य साथी आरोपितों देव अंकित व उत्सव के साथ मिलकर महेन्द्र तथा उसके बेटे की हत्या की साजिश रची। साजिश को अंजाम तक पहुंचाने के लिए आरोपी पर्नव पाराशर उर्फ छोटी व प्रवीण पारासर द्वारा अपने अन्य साथियों को हथियार एवं रुपए उपलब्ध करवाए गए, जिसके बाद महेंद्र की हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। हत्या की वारदात को अंजाम देने के दौरान आरोपित देव ने गोली चलाई थी। आरोपितों द्वारा रची गई साजिश के तहत महेन्द्र और उसके बेटे दोनों की हत्या करने का इरादा था,लेकिन हमलावर एक ही हत्या की वारदात को अंजाम दे सके।पुलिस टीम द्वारा आरोपितों  के कब्जे से 1 देशी कट्टा (हथियार), 1 जिंदा कारतूस व वारदात में प्रयोग की गई बाइक बरामद की गई है।उनका कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पुलिस टीम द्वारा गहनता से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान वारदात में शामिल अन्य आरोपितों, हथियार उपलब्ध करवाने, रुपए के लेन-देन तथा हत्या की साजिश से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस द्वारा मामले में वारदात में शामिल अन्य आरोपितों की भूमिका एवं उनकी गिरफ्तारी के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जाएगी। अभियोग का अनुसंधान जारी है।

Related posts

संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सर्विसिज प्रारंभिक परीक्षा 2 जून को,11 लाख 54 हजार परीक्षार्थी 2700 केंद्रों पर बैठेंगे

Ajit Sinha

गुरुग्राम ब्रेकिंग: स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के निर्देश पर मेदांता अस्पताल को महिला रोगी के यौन उत्पीड़न मामले में कारण बताओ नोटिस

Ajit Sinha

दीपिका नागर केस में बड़ा खुलासा, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने खोली ससुराल वालों की पोल, शरीर पर मिले बर्बरता के 10 गंभीर निशान, फटी थी तिल्ली

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x