अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
चंडीगढ़:पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक ली। इसमें बढ़ती महंगाई, भर्तियों, कौशल निगम, एसआईआर , कानून व्यवस्था, सफाई कर्मियों की मांगों, सरकार के घोटालों व किसानों की समस्याओं समेत विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। विधायकों ने दोहराया कि इन तमाम मुद्दों को पार्टी सड़क से लेकर विधानसभा तक हर मंच पर उठाएगी और बीजेपी की कुनीतियों को जनता के सामने उजागर करेगी। इस मौके पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इथेनॉल की मिलावट के बावजूद पेट्रोल की कीमतें तो पहले ही आसमान छू रही हैं। लेकिन अब इसके चलते चीनी के रेट ने भी आम आदमी के होश उड़ा दिए हैं। चीनी का भाव 70 रुपये पर पहुंच गया है, यानी ये कुछ ही महीने में लगभग डबल हो गया है। यानी ईंधन से लेकर खाने-पीने के सामान तक, जनता पर चौतरफा मार पड़ रही है।

हुड्डा ने बताया कि एसआईआर को लेकर पार्टी पूरी तरह चौकन्ना है। चुनाव आयोग और भाजपा की मिलीभगत पर अंकुश लगाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता सतर्कता के साथ कार्य कर रहे हैं। पार्टी नेताओं ने चुनाव आयोग में भी अपनी शिकायतें दर्ज करवा दी हैं। बैठक में हुड्डा ने बीजेपी सरकार की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों दादरी में सरेआम फायरिंग और कुरुक्षेत्र में डकैती, जैसी वारदातों से पूरे प्रदेश में दहशत का माहौल है। थाने के सामने बदमाशों ने जिस तरह वारदात को अंजाम दिया, इससे साफ है कि उनमें कानून का कोई डर नहीं बचा है। हरियाणा में सरेआम लूट,डकैती, फिरौती , हत्या, फायरिंग रूटीन बन गई है। खुद केंद्र सरकार के सामाजिक प्रगति सूचकांक ने हरियाणा को देश का सबसे असुरक्षित राज्य घोषित किया है। आज हर नागरिक अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है तो उसके लिए प्रदेश की बीजेपी सरकार जिम्मेदार है। क्योंकि हरेक सरकार की पहली जिम्मेदारी नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा करना होती है। लेकिन बीजेपी अपनी यह जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।कौशल कर्मियों को पक्का करने की मांग के साथ गेस्ट टीचर्स के मुद्दे पर बोलते हुए हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार की पॉलिसी पर मुहर लगाते हुए कोर्ट ने गेस्ट टीचर्स के हक में फैसला दिया है। ऐसे में सरकार को भी तुरंत उन्हें पक्का करके, पक्के कर्मचारियों वाले लाभ देने चाहिए। लेकिन ऐसा करने की बजाए, सरकार कोर्ट के फैसले की अनदेखी कर रही है। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में कांग्रेस सांसदों की मांग का समर्थन करने का फैसला लिया है। सभी विधायकों ने मांग उठाई है कि भारत में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में गुजरात के साथ हरियाणा को भी को-ऑर्गेनाइजर स्टेट बनाया जाए। क्योंकि हमेशा हरियाणा के खिलाड़ियों ने हरेक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के लिए सबसे ज्यादा मेडल जीते हैं।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

