Athrav – Online News Portal
दिल्ली राजनीतिक हरियाणा हाइलाइट्स

राहुल गांधी बोले- कोई और पार्टी भाजपा को नहीं हरा सकती, सिर्फ कांग्रेस ही उसे हराएगी।


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
नई दिल्ली:लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि देश में कोई और पार्टी भाजपा को नहीं हरा सकती, सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही भाजपा एवं नरेंद्र मोदी को हरा सकती है और हराएगी।हरियाणा के गुरुग्राम में आयोजित सद्भाव यात्रा में शामिल होने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा द्वारा चुनाव आयोग की मदद से चुनावों में की जा रही धांधली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावों में चोरी कर जीत हासिल कर रही है; उसने हरियाणा के साथ ही महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम के चुनाव में भी चोरी की है। भाजपा ने चुनाव आयोग के साथ मिलीभगत कर चुनाव चोरी करने की व्यवस्था बना ली है; मतदाता सूची से लाखों लोगों के नाम काटे जा रहे हैं और जोड़े जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और पूरी नौकरशाही भाजपा के नियंत्रण में काम कर रही है। भाजपा सोचती है कि उसका शासन नहीं जाएगा, लेकिन उसके जाने का समय आने वाला है। जनता समझ गई है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चुनाव चोरी कर रहे हैं; वह यह भी समझ गई है कि देश की संपत्ति अडानी और अंबानी जैसे उद्योग पतियों के हवाले की जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहे कितने भी चुनाव चोरी कर लें, आज जनता में मोदी सरकार के खिलाफ भारी गुस्सा है और अंत में उन्हें जनता के गुस्से का सामना करना पड़ेगा और वे टिक नहीं पाएंगे।राहुल गांधी ने कहा कि देश में सिर्फ दो राजनीतिक विचारधाराएं हैं – एक तरफ आरएसएस की नफरत एवं बंटवारे की विचारधारा और दूसरी तरफ कांग्रेस की मोहब्बत एवं एकता की विचारधारा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार जांच एजेंसियों का डर दिखाती है, लेकिन कांग्रेस इनसे नहीं डरती। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस भाजपा को हराएगी। इसके बाद नरेंद्र मोदी पर कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि उन्होंने देश के लोकतांत्रिक सिस्टम और बाबा साहेब डॉ भीम राव अंबेडकर के संविधान पर आक्रमण किया है।बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि आज हरियाणा समेत पूरे देश में युवा बेरोजगार हैं, लघु – मध्यम उद्योग बंद हो रहे हैं और चीन का सामान देश में बेचा जा रहा है।राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दबाव में आकर अमेरिका को कई बड़ी रियायतें दी हैं, लेकिन बदले में भारत को कुछ नहीं मिला। उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र अमेरिकी किसानों के लिए खोल दिया गया, जिससे छोटे भारतीय किसान बर्बाद हो जाएंगे। साथ ही, भारत की ऊर्जा सुरक्षा अमेरिका के हवाले कर दी गई है। किसी देश से तेल खरीदने के लिए अब भारत को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अनुमति लेनी पड़ती है। इसके अतिरिक्त भारतीय डेटा भी अमेरिका को सौंप दिया गया। यही नहीं, हर साल साढ़े नौ लाख करोड़ रुपये का सामान अमेरिका से खरीदने का वादा किया गया, जिससे हमारे छोटे व मध्यम उद्योग बर्बाद हो जाएंगे, लेकिन उसके बदले भारत को कुछ नहीं मिला। उन्होंने एपस्टीन फाइल्स और उद्योगपति अडानी पर अमेरिका में चल रहे केस का उल्लेख करते हुए कहा कि ट्रंप इनका इस्तेमाल मोदी पर दबाव बनाने के लिए कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लाखों एपस्‍टीन फाइल्स अभी सार्वजनिक नहीं की गई हैं, उनके सामने आने से नरेंद्र मोदी का असली चरित्र उजागर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा में एपस्टीन का जिक्र करने पर प्रधानमंत्री परेशान हो गए और उन्हें बोलने नहीं दिया गया।वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने सद्भाव यात्रा की सराहना करते हुए कुछ साल पहले निकाली गई कन्याकुमारी से कश्मीर तक चार हजार किलोमीटर की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को याद किया। उन्होंने कहा कि उस यात्रा में लाखों लोग साथ आए और उनके बीच से ‘नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान’ खोलने का नारा निकलकर आया। उन्होंने कहा कि देश को इस नारे की पहले भी जरूरत थी और अब भी है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी के हर युवा नेता को हर प्रदेश में ऐसी यात्रा करनी चाहिए; यात्राओं से राजनीतिक समझ बढ़ती है, जनता से जुड़ाव होता है और बहुत कुछ सीखने को मिलता है। इस दौरान हरियाणा कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह, यात्रा के आयोजक पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह, उदयभान, राज बब्बर सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Related posts

लंगूर ने परेड कर रहे पुलिसवाले को मारी जोरदार लात, आईपीएस ने ट्वीट कर बोला- ‘जब ठीक से न करो तो, देखे तस्बीर

Ajit Sinha

4500 विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) को जून 2021 तक के लिए सेवा विस्तार को स्वीकृति प्रदान कर दी है: अनिल विज

Ajit Sinha

सीएम अरविंद केजरीवाल ने ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती के 809वें वार्षिक उर्स पर पेश की चादर

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x