Athrav – Online News Portal
चंडीगढ़ पंजाब हरियाणा हाइलाइट्स

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में सरकार बनने पर भाजपा बनाएगी पंजाब को देश का अग्रणी राज्य- नायब सिंह सैनी


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में पंजाब में सरकार बनाकर भारतीय जनता पार्टी पंजाब को देश का अग्रणी राज्य बनाएगी। मौजूदा पंजाब सरकार में शामिल लोगों ने झूठे वायदे करके सत्ता तो हथिया ली, लेकिन चार साल बीतने के बावजूद लोगों के हित में काम करने की बजाए पंजाब का शोषण किया जा रहा है।  पंजाब को नशाखोरी, बेरोजगारी और वायदा खिलाफी ने बर्बाद कर दिया है। पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर हरियाणा की तर्ज पर विकास करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को हरियाणा-पंजाब सीमा के निकट स्थित जिला पटियाला के घनौर की अनाज मंडी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन युवा विकास शर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि एक समय में हरियाणा में भी कहा जाता था कि भारतीय जनता पार्टी का माहौल नहीं है। वर्ष 2014 के बाद ऐसा समय आया, आज वहां लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार है। इसी तर्ज पर पंजाब में भी भाजपा की सरकार बनेगी। 

उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले पंजाब को नशामुक्त बनाने की बात कहकर यहां नशे को बढ़ा दिया है। युवाओं को रोजगार देने का वायदा किया गया था। हालात ये हैं कि आज चार साल बाद भी आम आदमी पार्टी की सरकार ने एक भी वायदा पूरा नहीं किया है। इन्होंने वायदा किया था कि महिलाओं को एक हजार रुपये देंगे। आज तक नहीं दिए गए। बुजुर्गां को 2500 रुपये पेंशन देने की बात कही थी, आज तक भी 1500  रुपये दी जाती है, वह भी तीन से चार महीनों देरी से मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में भाजपा ने वायदा किया था कि सरकार बनने पर महिलाओं को पांच सौ रुपये में सिलेंडर और 2100 रुपये दिए जाएंगे। सरकार बनते ही हरियाणा में पांच सौ रुपये में सिलेंडर देने की योजना लागू कर दी गई और अब प्रदेश में लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपये देकर वायदा पूरा कर दिया है।

हरियाणा में बुजुर्गों को 3200  रुपये पेंशन दी जा रही है, जो पूरे देश में सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस ने भर्ती पर रोक लगवा दी थी। इसके बाद उन्होंने युवाओं से वायदा किया था कि वे शपथ बाद में लेंगे और युवाओं को नियुक्ति पत्र  पहले देंगे। जैसे ही भाजपा की सरकार आई,  शपथ बाद में ली और 25000 युवाओं को नियुक्ति पत्र देकर वायदा पूरा किया। हरियाणा में किसानों की सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत को नमन किया गया और उनके 350वें शहीदी साल को मनाते हुए एक माह तक लगातार प्रदेश में कार्यक्रम किए गए स्कूलों , कॉलेजों में निबंध लेखन, सेमिनार सहित विभिन्न कार्यक्रमों से उनकी शहादत की जानकारी दी गई ताकि आने वाली पीढ़ियों को पता चल सके कि  श्री गुरु तेग बहादुर जी ने कितना बड़ा बलिदान दिया था।  उनकी शहादत को याद करते हुए 350 रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। प्रत्येक शिविर में 350 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।  हरियाणा सरकार गुरुओं के बलिदान की गाथा को जन-जन तक पहुंचा रही हैं। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पिछले माह 25  तारीख को कुरुक्षेत्र में पहुंच कर श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत को नमन करते हुए उनकी याद में एक सिक्का, एक डाक टिकट एवं एक कॉफी टेबल बुक जारी की। हरियाणा में विश्वविद्यालयों के नाम गुरुओं के नाम से रखे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में सांय पांच बजे के बाद आम आदमी पार्टी की सरकार के दरवाजे बंद हो जाते है। उन्होंने कुछ न देने वाले एक शंख की कहानी सुनाकर आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल पर तंज कसा और कहा कि इनसे वायदे कितने भी करवा लो, लेकिन करने कराने को कुछ नहीं। जिसका खामियाजा आज पंजाब के लोग भुगत रहे हैं।  हंसता खेलता विकसित पंजाब आम आदमी पार्टी की सरकार ने बर्बाद कर दिया है। हरियाणा सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस ने गरीबों को प्लाट देने की बात तो कही थी, लेकिन उन्हें न तो कागज दिए और न ही कब्जा। आज ऐसे लोगों को प्लाट व उनका कब्जा दिया जा रहा है।  मुख्यमंत्री  ने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार और पूर्व में सत्ता में रही कांग्रेस पार्टी बताए, उन्होंने आमजन के लिए क्या किया? फसल खराबे की बात की जाती है, हरियाणा में कांग्रेस ने दस साल के शासन में महज 1138 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया।
भाजपा सरकार ने अब तक 15 हजार 500 करोड़ रुपये का मुआवजा किसानों को दिया है। पिछले साल आई बाढ़ में पंजाब का काफी नुकसान हुआ। पंजाब सरकार बताए, किसानों को कितना मुआवजा दिया। जबकि हमने हरियाणा में जिन किसानों की फसल खराब हुई थी, उसके लिए 116 करोड़ रुपये उनके खाते में दिए हैं। ऐसे लोगों को, जिनके घरों में नुकसान हुआ, पशुओं का नुकसान हुआ, उन्हें पांच करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दी गई है। आमजन के इलाज के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई आयुष्मान योजना की तर्ज पर चिरायु योजना लागू कर लोगों को इलाज की सुविधा दी जा रही है। ढाई करोड़ की आबादी वाले हरियाणा में डेढ़ करोड़ की आबादी इन दोनों योजनाओं में पात्र है। इस योजना के तहत अब तक  25 लाख लोगों ने इलाज करवाया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कहने को आप सरकार ने मोहल्ला क्लीनिक खोले हैं लेकिन उनमें चिकित्सक नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 70 साल से अधिक आयु के बुजुर्गों का इलाज सरकार द्वारा करवाए जाने का फैसला किया। हरियाणा में ऐसे बुजुर्गों पर आठ करोड़ रुपया खर्च किया जा चुका है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केवल भारतीय जनता पार्टी ही पंजाब को आगे बढ़ा सकती है। कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे लेकिन वर्तमान पंजाब सरकार ने तो कांग्रेस को भी पीछे छोड़ दिया है। इनके मंत्री जेल में हैं। उन्होंने पंजाब के आम आदमी का पैसा लूटा है। पंजाब के लोग इनसे तंग आ चुके हैं। वर्ष 2027 में पंजाब भाजपा के साथ होगा। यहां भाजपा की सरकार बनेगी तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब को देश का नंबर राज्य बनाएंगे। पंजाब में भी हरियाणा की तर्ज पर विकास होगा और हम सभी मिलकर पंजाब को आगे लेकर जाएंगे। जनसभा को पूर्व मंत्री असीम गोयल, पूर्व मंत्री पंजाब सरकार महारानी परनीत कौर, पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष विक्रमजीत सिंह चीमा व सभा के आयोजक विकास शर्मा ने भी संबोधित किया।

Related posts

हरियाणा पुलिस ने किसानों द्वारा करनाल सचिवालय घेराव को देखते हुए सुरक्षा के किए पुख्ता इंतजाम, रूट डायवर्ट किया।

Ajit Sinha

चंडीगढ़ ब्रेकिंग विधायक पंडित नीरज शर्मा व विधायक निर्मल रानी को वर्ष 2021 के सर्वश्रेष्ठ विधायक पुरस्कार

Ajit Sinha

फरीदाबाद ब्रेकिंग: गणतंत्र दिवस के उपलक्ष पर सुरक्षा व्यवस्था व रिहर्सल को लेकर पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने किया निरीक्षण

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x