
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
नई दिल्ली:लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने धर्मेंद्र प्रधान के शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफे को छात्रों की जीत बताते हुए उन्हें बधाई दी है। छात्रों पर बर्बरतापूर्ण कार्रवाई के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए राहुल गांधी ने कहा कि गृह मंत्री ने ही छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग, गोलियां चलाने और पैलेट गन जैसे घातक हथियारों के इस्तेमाल की अनुमति दी थी। उन्होंने मांग की कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज और पैलेट गन चलाने का आदेश देने वालों व उस पर अमल करने वालों को चिन्हित कर सख्त सजा दी जानी चाहिए। इसके अतिरिक्त पूरी व्यवस्था के मुखिया होने के नाते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के युवाओं से उनके भविष्य के साथ हुए खिलवाड़ और उनपर अत्याचार के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
दस जनपथ पर पत्रकार वार्ता करते हुए राहुल गांधी ने बताया कि विपक्ष संसद में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगा क्योंकि सुरक्षा बलों द्वारा देश के भविष्य यानी छात्रों पर गोलियां चलाना कतई स्वीकार नहीं हो सकता है। राहुल गांधी ने जोर देकर कहा कि यह लड़ाई अतीत, यानी नरेंद्र मोदी व आरएसएस और भारत के भविष्य यानी युवाओं के बीच है, और उन्हें पूरा भरोसा है कि भारत का भविष्य अतीत को हरा देगा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था पर पिछले कई सालों से लगातार हमले हो रहे हैं, शिक्षा का निजीकरण हो रहा है और आरएसएस द्वारा देश की शिक्षा व्यवस्था पर कब्जा किया जा रहा है। पूरे मामले का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि अगर इसमें प्रधानमंत्री मोदी की गलती है, तो उतनी ही गलती आरएसएस की भी है, क्योंकि उसने दीमक की तरह देश की शिक्षा व्यवस्था को अंदर से खोखला कर दिया है।राहुल गांधी ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान भ्रष्टाचार, शिक्षा व्यवस्था के विनाश और अक्षमता का प्रतीक हैं। उनका जाना तय था और अच्छा हुआ कि वो गए, लेकिन अब सरकार को शिक्षा प्रणाली में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने होंगे। राहुल गांधी ने देश में जारी आर्थिक संकट का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह छात्रों और विपक्ष की ओर से सरकार के लिए एक चेतावनी है कि वह देश को इस तरह नहीं चला सकती। उन्होंने सरकार को आगाह करते हुए कहा कि अगर वह इसी रास्ते पर आगे बढ़ती रही, तो आज जो हुआ है, आने वाले समय में उससे दस गुना बड़ा विरोध देखने को मिलेगा।वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी देश भर में छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने छात्रों की गूंज कार्यक्रम जारी रखेगी।
राहुल गांधी ने जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल करने वाले छात्रों के साथ की मुलाकात
इससे पहले वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल करने वाले छात्रों से मुलाकात भी की। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि छात्रों के साथ बैठक में पेपर लीक, छात्र आंदोलन और आरएसएस द्वारा शिक्षा व्यवस्था पर कब्जा करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें उन सभी युवाओं पर गर्व है, जो संविधान एवं संस्थानों पर हमला करने वाली और देश के भविष्य को बर्बाद करने वाली मोदी सरकार का सामना कर रहे हैं।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

