Athrav – Online News Portal
पंचकूला

रेड लाइट पर हेलमेट पहनकर हरी बत्ती का इंतजार कर रहे पिता-बेटी को पंचकूला पुलिस ने दिया प्यारा सरप्राइज


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
पंचकूला:सड़क सुरक्षा केवल नियमों और चालानों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदारी, जागरूकता और अच्छे व्यवहार से जुड़ी एक ऐसी आदत है, जिसे समाज के हर व्यक्ति को अपनाना चाहिए। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए पंचकूला पुलिस द्वारा यातायात नियमों का पालन करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए एक अनूठी और सकारात्मक पहल की जा रही है।

इसी पहल की एक खूबसूरत झलक आज ओल्ड पंचकूला की रेड लाइट पर देखने को मिली, जहां एक छोटी-सी चॉकलेट ने पुलिस और आम नागरिकों के बीच अपनत्व और विश्वास का प्यारा संदेश दिया।डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार, आज ओल्ड पंचकूला स्थित रेड लाइट पर एक पिता अपनी बेटी को एक्टिवा पर स्कूल से घर लेकर लौट रहे थे।

पिता और बेटी दोनों ने हेलमेट पहना हुआ था और रेड लाइट पर रुककर हरी बत्ती होने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान वहां यातायात ड्यूटी संभाल रहे एएसआई मनोज की नजर हेलमेट पहनकर सफर कर रही बच्ची पर पड़ी। बच्ची को यातायात नियमों का पालन करते देख एएसआई मनोज ने उसे प्यार से एक चॉकलेट और जूस का पैकेट उपहार में दिया।

पुलिसकर्मी से अचानक मिले इस प्यारे सरप्राइज से बच्ची के चेहरे पर मुस्कान आ गई। बच्ची ने खुशी से कहा “थैंक्यू पुलिस अंकल” बच्ची की मासूम प्रतिक्रिया सुनकर उसके पिता भी मुस्कुरा उठे। इसके बाद पिता-बेटी हरी बत्ती होने पर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। कुछ ही पलों का यह छोटा-सा घटनाक्रम सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और पुलिस के मानवीय व्यवहार की एक खूबसूरत मिसाल बन गया।

पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला पुलिस का उद्देश्य केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान करना नहीं, बल्कि नियमों का पालन करने वाले जिम्मेदार नागरिकों को प्रोत्साहित करना भी है। हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना और यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। ऐसे नागरिकों की सराहना करने से दूसरों को भी नियमों का पालन करने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि बच्चे समाज में बदलाव लाने की सबसे बड़ी ताकत हैं। जब बच्चे छोटी उम्र से ही सड़क सुरक्षा के महत्व को समझेंगे और अपने परिवार के सदस्यों को भी नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करेंगे, तो सुरक्षित यातायात की संस्कृति को और मजबूत किया जा सकेगा। ऐसे नन्हे बच्चे ही सड़क सुरक्षा के असली ब्रांड एम्बेसडर हैं, जिनकी मुस्कान और जागरूकता से सुरक्षित सड़कों का सपना साकार हो सकता है।

Related posts

अब पंचकूला में अकेले नहीं रहेंगे बुजुर्ग, हर कदम पर होगी पुलिस की सुरक्षा, पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने शुरू किया विशेष अभियान

Ajit Sinha

नदी-नालो से रहे दूर, डीसीपी ने जिला में लागू धारा 163 के सख्ती से पालना के दिए आदेश

Ajit Sinha

पंचकूला ब्रेकिंग: अजय सिंघल, IPS (1992 बैच) ने संभाली हरियाणा स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो की कमान।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x