
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
पंचकूला:पंचकूला, वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और त्वरित सहायता सुनिश्चित करने की दिशा में पंचकूला पुलिस ने एक महत्वपूर्ण और जनहितकारी पहल की है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के निर्देशानुसार पंचकूला जिला में अकेले रहने वाले बुजुर्ग नागरिकों की सुरक्षा के लिए एक माह का विशेष अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य ऐसे वरिष्ठ नागरिकों की नियमित निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराना तथा उन्हें साइबर अपराधों एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों से सुरक्षित रखना है।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के अनुसार इस विशेष अभियान के तहत पुलिस टीमें क्षेत्र में अकेले रहने वाले सभी वरिष्ठ नागरिकों का विस्तृत सर्वे कर उनका आवश्यक डाटा ऑनलाइन माध्यम से एकत्रित करेंगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके साथ ही उनके घरों में कार्यरत घरेलू सहायकों, ड्राइवरों, रसोइयों, माली, सफाई कर्मचारियों तथा अन्य स्टाफ का पुलिस सत्यापन भी अनिवार्य रूप से कराया जाएगा, जिससे किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।
अभियान के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की सहमति से उनके आवास पर सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण लगाने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। साथ ही उन्हें साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी और अन्य आधुनिक अपराधों के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि वे किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी का शिकार न हों। पुलिस द्वारा उन्हें घर पर आने वाले डिलीवरी कर्मियों एवं अज्ञात व्यक्तियों के साथ सतर्कता बरतने और सुरक्षित व्यवहार अपनाने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता के अनुसार पंचकूला पुलिस द्वारा प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक को संबंधित थाना प्रभारी अथवा चौकी प्रभारी के संपर्क विवरण उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे तुरंत पुलिस से संपर्क कर सकें। इसके अतिरिक्त विशेष हेल्पलाइन नंबर 9115777026 भी जारी किया गया है, जिस पर वरिष्ठ नागरिक अथवा उनके परिजन किसी भी समय सहायता के लिए संपर्क कर सकते हैं। संबंधित थाना एवं बीट स्टाफ समय-समय पर वरिष्ठ नागरिकों के घर जाकर उनका कुशलक्षेम जानेंगे, उनकी समस्याओं को सुनेंगे तथा आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे। इस अभियान के समापन पर एक विशेष सामुदायिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षा, सत्यापन, साइबर जागरूकता एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी तथा समाज की सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला पुलिस वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई बुजुर्ग अकेले रहते हैं या उन्हें किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता है, तो वे बिना संकोच हेल्पलाइन नंबर 9115777026 पर संपर्क करें। पंचकूला पुलिस हर वरिष्ठ नागरिक के साथ खड़ी है और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

