Athrav – Online News Portal
अपराध पंचकूला

लूट के इरादे से युवक की हत्या का मामला सुलझा: मुख्य आरोपी रोशन गिरफ्तार, नाबालिग साथी भी काबू।

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
पंचकूला:पंचकूला में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस ने लूट के इरादे से की गई युवक की हत्या के मामले को महज कुछ घंटों में सुलझा लिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर अदालत से तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया जा चुका है, जबकि वारदात में शामिल उसका फरार नाबालिग साथी भी क्राइम ब्रांच की टीम ने काबू कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच जारी है तथा वारदात में प्रयुक्त हथियार, खून से सने कपड़े और छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया जाना शेष है। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने आज प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि एक युवक पर अज्ञात युवकों द्वारा हमला किया गया है। जांच में सामने आया कि 29 वर्षीय दीपक निवासी अमेठी (उत्तर प्रदेश), जो वर्तमान में ढकोली में किराये पर रह रहा था और चंडीगढ़ स्थित एक कॉल सेंटर में कार्यरत था, 2/3 मार्च देर रात करीब 2 बजे बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। सेक्टर-12 स्थित कृषि भवन की ओर जाने वाली सड़क पर उसने अपनी बाइक साइड में रोककर एक मित्र से फोन पर बातचीत शुरू की। इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने उस पर तेजधार चाकूओं से हमला कर दिया और उसका मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल दीपक को तुरंत सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के भाई की शिकायत पर थाना सेक्टर-5 में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 के इंचार्ज दलीप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रोशन निवासी गोपालगंज (बिहार), हाल किरायेदार ढकोली को वारदात के मात्र छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 4 मार्च को अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े तथा छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया जाना बाकी है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने से पहले दोनों आरोपियों ने नशे का सेवन किया था।जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी रोशन पर पूर्व में नाबालिग रहते हुए थाना सेक्टर-5 और सेक्टर-14 में लूट के तीन मामले दर्ज हैं। अब तक की जांच में मृतक और आरोपियों के बीच किसी प्रकार की व्यक्तिगत रंजिश सामने नहीं आई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार यह वारदात केवल लूट के उद्देश्य से अंजाम दी गई थी और दीपक द्वारा विरोध करने पर हत्या की गई थी।

आज क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम ने मामले में शामिल दूसरे आरोपी नाबालिग को भी काबू कर लिया है। मुख्य आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे मामले के प्रत्येक पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने आरोपी को पकड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 इंचार्ज दलीप सिंह, एसआई राकेश, एएसआई राजेश, मुख्य सिपाही परवेश, सिपाही लोकेश और सिपाही सचिन की विशेष रूप से सराहना की है।

Related posts

ब्रेकिंग: हरियाणा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने 2023 में भ्रष्ट अधिकारियों पर नजर रखी, 152 छापेमारी की, एक साल में 226 गिरफ्तारियां की

Ajit Sinha

फरीदाबाद: पत्रकार राजेश शर्मा को हथियार की नोक पर लूटने वाले दो नकाबपोश लुटेरों में से एक लुटेरों को पुलिस ने धर दबोचा।

Ajit Sinha

स्पा की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट का पुलिस ने किया पर्दाफाश, स्पा मैनेजर, 9 लड़कियाँ व एक ग्राहक को किया अरेस्ट।  

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x