Athrav – Online News Portal
हरियाणा

वीर शहीदों के बलिदान और तिरंगे की शान को नमन करते हुए पुलिस लाईन में मनाया गया 80वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह



अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
सोनीपत:प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव, विदेश सहयोग और सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने पुलिस लाइन में आयोजित 80वें जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण किया। इसके पहले पुलिस लाईन के नजदीक बने शहीदी स्मारक पर जाकर उन्होंने पुष्पचक्र भेंट करते हुए वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आजादी का यह पर्व हमें उन महान वीरों के त्याग, तपस्या और संघर्ष की याद दिलाता है, जिनके बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।

ध्वजारोहण के उपरांत राव नरबीर सिंह ने खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। परेड में शामिल जवानों ने अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति की भावना का शानदार प्रदर्शन किया। परेड निरीक्षण के दौरान उपस्थित लोगों ने देशभक्ति के उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने संबोधित करते हुए प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस के साथ-साथ हरियाली तीज के पावन पर्व की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज का पर्व भी मनाया जा रहा है। प्रकृति, संस्कृति और नारी शक्ति से जुड़ा यह पर्व हमारी समृद्ध सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है।

मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि देश की आजादी असंख्य ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है। महात्मा गांधी सहित देश के असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और तेजस्वी नेतृत्व ने वर्ष 1947 में भारत को अंग्रेजी शासन से मुक्ति दिलाई। उन्होंने कहा कि देश के संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूल्यों पर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी थी। आज 140 करोड़ से अधिक भारतीय विविधता में एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के प्रति अटूट आस्था के साथ भारत को विश्व के सबसे बड़े और सशक्त लोकतंत्र के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को दोहराने का दिन भी है।

मंत्री ने देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे भारतीय सेना, पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों को विशेष रूप से नमन किया। उन्होंने कहा कि हमारे वीर सैनिक विपरीत परिस्थितियों में भी तिरंगे की आन, बान और शान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उन्होंने उन वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की जिन्होंने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि जब भी देश की अस्मिता और सुरक्षा को चुनौती मिली, भारतीय सैनिकों ने अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवानों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी दी जा रही है। पिछले लगभग 12 वर्षों में लगभग सवा चार सौ शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकारी सहायता नहीं, बल्कि राष्ट्र की ओर से अपने वीर सपूतों और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है।

मंत्री ने कहा कि हरियाणा की धरती वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती है। 10 मई 1857 को अंबाला से उठी स्वतंत्रता आंदोलन की चिंगारी ने पूरे देश में आजादी की अलख जगाई थी। इस ऐतिहासिक संघर्ष ने अंग्रेजी शासन की नींव को चुनौती दी और देशवासियों के मन में स्वतंत्रता की लौ को और प्रज्वलित किया। उन्होंने बताया कि इस गौरवपूर्ण इतिहास को आने वाली पीढिय़ों तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा अंबाला छावनी में भव्य शहीदी स्मारक स्थापित किया जा रहा है, जिसका निर्माण अंतिम चरण में है। यह स्मारक हमारे वीरों के त्याग, संघर्ष और देशभक्ति का स्थायी प्रतीक बनेगा। मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि सैनिकों एवं अर्धसैनिक बलों के कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण निगम की स्थापना की जा रही है। इसके लिए इस वर्ष 178.14 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि अग्निवीरों के लिए सरकारी सेवाओं में 20 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। हरियाणा अग्निवीर नीति-2024 बनाई गई है और ऐसा करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है।मंत्री ने कहा कि आज भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामरिक शक्ति के साथ-साथ तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के कारण भी विश्व में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा भी विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा के संकल्प को लेकर विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2026-27 में प्रदेश का सकल राज्य घरेलू उत्पाद लगभग 15.18 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 11 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक प्रगति में कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र तीनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक विकास के साथ-साथ निवेश बढ़े, नए उद्योग स्थापित हों, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हों, किसानों की आय बढ़े और प्रदेश के हर क्षेत्र में आधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित हो।

Related posts

पीएम नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर हरियाणा भाजपा मनाएगी सेवा पखवाड़ा: धनखड़

Ajit Sinha

चंडीगढ़ ब्रेकिंग:हरियाणा में बनेगी देश की पहली ‘झूला सेफ्टी पॉलिसी’: सीएम नायब सिंह सैनी

Ajit Sinha

सीएम मनोहर लाल ने की अपील, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और हेल्पर्स अपने राजनीतिक नेताओं के बहकावे में न आएं

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x