
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
चंडीगढ़: अपराध की बदलती प्रकृति के बीच वैज्ञानिक साक्ष्य और आधुनिक तकनीक प्रभावी पुलिसिंग की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभर रहे हैं। इसी दिशा में हरियाणा पुलिस ने नेशनल ऑटोमेटेड फिंगरप्रिंट आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (नेफिस) और मेजरमेंट कलेक्शन यूनिट (एमसीयू) के प्रभावी उपयोग से अपराध अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इन आधुनिक प्रणालियों के माध्यम से न केवल अपराधियों की पहचान और उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड का पता लगाया जा रहा है, बल्कि विभिन्न राज्यों में सक्रिय अपराधियों को आपराधिक घटनाओं से जोड़ने और गंभीर मामलों की गुत्थियां सुलझाने में भी महत्वपूर्ण सफलता मिल रही है।

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने बताया कि हरियाणा पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान के बुनियादी ढांचे को मजबूत करते हुए प्रदेश के विभिन्न जिलों, उपमंडलों और विशेष इकाइयों में 69 नेफिस तथा 31 एमसीयू वर्कस्टेशन स्थापित किए हैं। इन वर्कस्टेशन के माध्यम से फिंगरप्रिंट और अपराधियों की पहचान से संबंधित डिजिटल जानकारी तक शीघ्र पहुंच सुनिश्चित की गई है। इससे जांच अधिकारियों को अपराधियों की पहचान, आपराधिक इतिहास के सत्यापन और मामलों के आपसी संबंध स्थापित करने में तकनीकी सहायता मिल रही है।
राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो की पुलिस अधीक्षक नितिका गहलोत ने बताया कि 01 जनवरी से 31 अक्टूबर 2026 तक हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों, सजा प्राप्त व्यक्तियों तथा अज्ञात व्यक्तियों के कुल 72,172 फिंगरप्रिंट नेफिस पोर्टल पर अपलोड किए हैं। इस अवधि में फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने 23,154 फिंगरप्रिंट का सफलतापूर्वक मिलान किया। इस प्रक्रिया के दौरान कई आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया, जिससे उनके अन्य मामलों में शामिल होने की जानकारी मिली। इससे अलग-अलग स्थानों पर हुई आपराधिक वारदातों के बीच संबंध स्थापित करने और अपराधियों की पहचान करने में महत्वपूर्ण मदद मिली।
अपराध स्थलों से प्राप्त फिंगरप्रिंट यानी चांस प्रिंट के वैज्ञानिक सत्यापन में भी हरियाणा पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इस अवधि में विशेषज्ञों ने 3,415 चांस प्रिंट का सत्यापन कर उन्हें नेफिस पर अपलोड किया, जिनमें से 94 का सफलतापूर्वक मिलान किया गया। इन वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हत्या, लूट, चोरी और अन्य गंभीर संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त अपराधियों की पहचान करने तथा उन्हें संबंधित घटनास्थलों से जोड़ने में महत्वपूर्ण सहायता मिली है।
फिंगरप्रिंट मिलान तकनीक के माध्यम से 25 अज्ञात शवों की पहचान करने में भी सफलता मिली है। इन अज्ञात शवों के फिंगरप्रिंट का मिलान पहले से आपराधिक रिकॉर्ड में उपलब्ध फिंगरप्रिंट से किया गया। इससे न केवल संबंधित मामलों की जांच और डिस्पोजल में मदद मिली, बल्कि लंबे समय से अपने परिजनों की तलाश कर रहे प्रभावित परिवारों को भी महत्वपूर्ण जानकारी और मानसिक राहत मिली।
मेजरमेंट कलेक्शन यूनिट (एमसीयू) के माध्यम से अब तक 48,281 आरोपियों का पंजीकरण किया गया है। इसमें आरोपियों का बायोग्राफिकल तथा शारीरिक पहचान संबंधी जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज की गई है। इस डेटाबेस में संदिग्धों के फोटो और वीडियो रिकॉर्ड भी उपलब्ध हैं, जिनका उपयोग आवश्यकता के अनुसार आरोपियों की पहचान एवं सत्यापन के लिए किया जा सकता है। इससे जाँच अधिकारियों को संदिग्धों की पहचान करने, पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने और विभिन्न आपराधिक मामलों में महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त करने में मदद मिल रही है।

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि आधुनिक समय में अपराधों की चुनौती से निपटने के लिए पुलिसिंग को तकनीक, वैज्ञानिक साक्ष्यों और सटीक खुफिया जानकारी के साथ जोड़ना बेहद जरूरी है। नेफिस और एमसीयू जैसी आधुनिक प्रणालियां अपराधियों की पहचान को अधिक सटीक, तेज और विश्वसनीय बना रही हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस का उद्देश्य प्रत्येक आपराधिक मामले की जांच को वैज्ञानिक साक्ष्यों पर आधारित बनाना है, ताकि अपराधियों को कानून के दायरे में लाया जा सके और निर्दोष व्यक्तियों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सके। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इन प्रणालियों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने, फिंगरप्रिंट एवं बायोमेट्रिक रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट करने और आधुनिक तकनीक को पुलिस अनुसंधान का अभिन्न हिस्सा बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस की यह पहल दर्शाती है कि आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक अनुसंधान के प्रभावी इस्तेमाल से अपराधों की जांच को किस प्रकार अधिक सटीक, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सकता है। नेफिस और एमसीयू के माध्यम से विकसित हो रहा व्यापक डिजिटल पहचान डेटाबेस भविष्य में अपराधियों की पहचान, अंतरराज्यीय अपराध नेटवर्क का पता लगाने तथा देशभर में वैज्ञानिक पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

