
अरविन्द उत्तम की रिपोर्ट
नोएडा के सेक्टर-49 में एक बहुमंजिला इमारत की चौथी मंजिल पर अचानक भीषण आग लग गई। इस आग के बीच एक फ्लैट के अंदर दो ऐसे बुजुर्ग फंसे हुए थे, जो उम्र के इस पड़ाव पर खुद चल-फिर भी नहीं सकते थे। चारों तरफ धुआं था और फ्लैट अंदर से बंद था। ऐसे में नोएडा पुलिस और फायर सर्विस के जवानों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए रेस्क्यू कर दो जिंदगियों को नया जीवन दे दिया। ये तस्वीरें नोएडा के सेक्टर-49 क्षेत्रांतर्गत आने वाले ओवरसीज अपार्टमेंट की हैं। जहाँ उस वक्त हड़कंप मच गया जब चौथी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट से आग की लपटें और काला धुआं उठने लगा। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर सर्विस को दी। सूचना मिलते ही दोनों टीमें मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि फ्लैट के अंदर एक 86 वर्षीय बुजुर्ग और उनकी 83 वर्षीय पत्नी फंसी हुई हैं। अधिक उम्र होने के कारण दोनों चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ थे। चुनौती और बड़ी तब हो गई जब देखा गया कि फ्लैट अंदर से पूरी तरह लॉक था और अंदर दम घोंटू धुआं लगातार बढ़ रहा था। समय बेहद कम था और दोनों बुजुर्गों की सांसें संकट में थीं। ऐसे में फायर सर्विस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने सूझबूझ दिखाई। हाइड्रोलिक मशीन और आधुनिक उपकरणों की मदद से बंद पड़े भारी दरवाजे को काटा गया। इसके बाद अपनी जान की परवाह किए बिना जवान धुएं से भरे फ्लैट के अंदर दाखिल हुए और दोनों लाचार बुजुर्गों को बेहद सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लाए। सुरक्षित बाहर निकालने के तुरंत बाद पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों के मुताबिक अब दोनों बुजुर्ग पूरी तरह स्वस्थ और सामान्य हैं।फायर फाइटर्स की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह से बुझा दिया गया है और मौके पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। खाकी और फायर टीम के इस जांबाज और साहसिक कदम की सभी ने जमकर तारीफ की है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

