अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
नई दिल्ली:कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को बिहार के पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित जन विश्वास रैली में हिस्सा लिया। इस दौरान राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, सीपीआई (एम) महासचिव सीताराम येचुरी, सीपीआई महासचिव डी राजा, सीपीआई माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। जन विश्वास रैली में लाखों की संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। भारी जनसैलाब के बीच अपने संबोधन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज पीएम मोदी देश को बर्बाद करने में लगे हुए हैं। अब पीएम मोदी भाजपा की गारंटी नहीं बोलते, अपनी सरकार की गारंटी नहीं बोलते, अब वह मोदी की गारंटी बोलते हैं, लेकिन उनकी सभी गारंटी फेल हुई हैं।

पीएम मोदी ने कहा था कि इस देश के युवाओं को हर साल दो करोड़ नौकरियां दूंगा, विदेशों से काला धन लाऊंगा, सभी के खाते में 15 लाख डालूंगा, 2022 तक हर व्यक्ति के पास पक्का मकान होगा, 2022 तक किसान की आय दोगुनी होगी, पटना को स्मार्ट सिटी बनाऊंगा। मगर कुछ नहीं हुआ। यानी मोदी जी झूठों के सरदार है। पीएम मोदी की गारंटी सबको धोखा देने की है।इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की तारीफ की। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव ने जो बोला, वो करके दिखाया है। तेजस्वी यादव ने युवाओं को तीन लाख नौकरियां दीं। इंडिया गठबंधन के लोग जो बोलते हैं, वह करके दिखाते हैं। खरगे ने कहा कि पीएम मोदी देश के लोकतंत्र को समाप्त करने का काम कर रहे हैं। पीएम मोदी ईडी, सीबीआई से हमें डराने की कोशिश करते हैं, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। इंडिया गठबंधन भाजपा और मोदी का मुकाबला कर रहा है। मोदी नहीं हटेंगे तो देश में सुख-समृद्धि नहीं रहेगी, लोकतंत्र नहीं बचेगा, संविधान नहीं बचेगा। संविधान बचाना है, लोकतंत्र बचाना है तो मोदी को हटाना चाहिए। क्योंकि ये हर नागरिक की ये इच्छा है।कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि आज लालू यादव जी के ऊपर इतने केस हैं, लेकिन वो कभी सरकार के सामने झुके नहीं। तेजस्वी के चाचा (नीतीश कुमार) बोलते हैं कि मैं थोड़े दिनों के लिए आपसे (पीएम मोदी) अलग हुआ था, लेकिन अब आपके साथ ही रहूंगा। अब नीतीश कुमार उनके चरणों में जाकर बैठ गए हैं। वह तेजस्वी यादव से कहना चाहते हैं कि अब आप उनको अपने साथ कभी मत लेना। भाषण के आखिर में खरगे ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन मिलकर ज्यादा से ज्यादा सीट लाकर भाजपा को हराएगा। वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि देश में जब भी बदलाव आता है, उसकी शुरुआत बिहार से ही होती है। बिहार से तूफान बाकी के प्रदेशों में जाता है।बिहार देश की राजनीति का नर्व सेंटर है। आज देश में नफरत फैल रही है। नफरत का सबसे बड़ा कारण देश में अन्याय है। प्रधानमंत्री मोदी सिर्फ दो-तीन बड़े अरबपतियों के लिए काम करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने इन अरबपतियों का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज पिछले दस सालों में माफ किया है। मगर हिंदुस्तान के किसान और मजदूरों का कर्जा माफ नहीं किया। बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आज देश में 40 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। क्योंकि जिन छोटे उद्योगों से रोजगार पैदा होते थे, मोदी सरकार ने जीएसटी और नोटबंदी कर उन्हें ख़त्म कर दिया। देश में आज बड़े-बड़े उद्योगपतियों का एकाधिकार बन रहा है। नरेंद्र मोदी ने देश की सारी संपत्ति एक उद्योगपति को थमा दी है।भागीदारी का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि देश में ओबीसी 50 प्रतिशत, दलित 15 प्रतिशत और आदिवासी आठ प्रतिशत हैं। यह कुल 73 प्रतिशत आबादी है। मगर इन वर्गों की कहीं भागीदारी नहीं है। इन वर्गों के लिए इस देश में कोई रास्ता नहीं बचा है। पहले सरकारी संस्थानों में गरीबों को नौकरी मिल जाती थी। मगर नरेंद्र मोदी ने यह रास्ता भी बंद कर दिया है। अग्निपथ योजना का मुद्दा उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि अग्निवीर को शहीद का दर्जा नहीं मिलेगा,पेंशन नहीं मिलेगी, कैंटीन सुविधा नहीं मिलेगी और प्रशिक्षण भी सही से नहीं मिलेगा। एक तरफ चीन के सैनिक, पाकिस्तान के सैनिक वर्षों का प्रशिक्षण लेते हैं। वहीं हिंदुस्तान के युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह महीने का प्रशिक्षण देने के बाद उनके सामने खड़ा करने का प्रयास कर रहे हैं। भाषण के आखिर में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा को गलतफहमी में नहीं होना चाहिए। हम भाजपा और आरएसएस से नहीं डरते। हम देश के लिए लड़ते हैं, हम देश के लिए मरने के लिए तैयार हैं। हम भाजपा-आरएसएस को हटाकर इंडिया की सरकार बनाकर दिखाएंगे।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

