Athrav – Online News Portal
अपराध नोएडा

लव ट्रायंगल’ में खौफनाक अंत, सौतन को रास्ते से हटाने के लिए गला घोंटकर की हत्या-पकड़ी गई।

अरविन्द उत्तम की रिपोर्ट 
नोएडा के थाना फेस-2 इलाके में 5 अक्टूबर को हुई महिला की संदिग्ध मौत की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। जिसे पहले सामान्य परिस्थितियों में मौत माना जा रहा था, वह दरअसल एक सोची-समझी साजिश और ईर्ष्या के चलते किया गया कत्ल निकला। पुलिस ने मामले की मुख्य आरोपी और मृतक महिला के प्रेमी की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। कत्ल की यह खौफनाक दास्तान ‘लव ट्रायंगल’ और एक ही कमरे में दो महिलाओं के रहने की मजबूरी से जुड़ी है।
बीती 5 अक्टूबर 2026 को थाना फेस-2 पुलिस को पीआरवी कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि याकूबपुर गांव स्थित एक कमरे में एक महिला का शव पड़ा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, तो मृतका की पहचान जनपद कासगंज निवासी मनीषा के रूप में हुई। मकान के केयरटेकर की तहरीर पर पुलिस ने शुरुआत में बीएनएस की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया। लेकिन जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई और पुलिस ने साक्ष्य जुटाए, तो साफ हो गया कि मनीषा की सामान्य मौत नहीं हुई थी, बल्कि उसका गला घोंटा गया था। इसके बाद मुकदमे में हत्या की धारा यानी 103(1) बीएनएस जोड़ दी गई।

घटना के बाद से ही संदिग्ध महिला फरार चल रही थी। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के निर्देश पर थाना फेस-2 की पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस का सहारा लिया। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने वांछित अभियुक्ता शीला कुमारी को सेक्टर-88 स्थित बीपीएल कट के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस हिरासत में जब 24 वर्षीय शीला कुमारी से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने जो खुलासा किया वह हैरान करने वाला था। शीला की शादी 20 अप्रैल 2025 को कासगंज निवासी नितिन के साथ हुई थी।शादी के बाद शीला को पता चला कि उसके पति नितिन का मृतका मनीषा के साथ गहरा प्रेम प्रसंग है। हद तो तब हो गई जब पति नितिन के दबाव में शीला को याकूबपुर में मनीषा के साथ एक ही कमरे में रहने को मजबूर होना पड़ा। एक ही छत के नीचे पति की प्रेमिका के साथ रहना शीला को लगातार खटक रहा था और उसके भीतर ईर्ष्या की आग धधक रही थी।शीला ने पूछताछ में बताया कि 4 अक्टूबर को नितिन अपनी गाड़ी लेकर कासगंज आरटीओ ऑफिस चला गया था। कमरे में सिर्फ शीला और मनीषा मौजूद थीं। इसी दौरान शीला ने मनीषा को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की साजिश रची। 5 अक्टूबर की सुबह मौका मिलते ही शीला ने मनीषा का गला दबाकर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी और कमरे से फरार हो गई। गिरफ्तार की गई 24 वर्षीय शीला कुमारी मूल रूप से जनपद कासगंज के थाना पटियाली क्षेत्र की रहने वाली है। पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की विधिक प्रक्रिया पूरी कर ली है। एक अवैध संबंध और ईर्ष्या के इस त्रिकोण ने एक महिला की जान ले ली, जबकि दूसरी को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

Related posts

फरीदाबाद:एक महिला के चक्कर में एक शख्स ने अपने 2 साथियों के साथ मिलकर एक लड़का पर चाकू से एक-एक करके 12 वार किए-पकड़े गए।

Ajit Sinha

शराब के नशे में हुआ विवाद बना हत्या का कारण, युवक की पीट-पीटकर हत्या, चार पर मुकदमा दर्ज।

Ajit Sinha

शहर के बंद नालों कि सफाई सुपर शॉकर मशीनों से और सड़कों की सफाई मैकेनिकल स्वीपिंग मशीन से होगी

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x