Athrav – Online News Portal
फरीदाबाद मनोरंजन

गुर्जर महोत्सव:लोक संस्कृति, कला एवं इतिहास का प्रदर्शन करने 13 प्रदेशों से पहुंचेंगे लोक कलाकार, खिलाड़ी व अभिनेता


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
फरीदाबाद: देश के 13 प्रदेशों  में अपनी सांस्कृतिक विरासत को अपने में समेटे गुर्जर समाज पहली बार ऑर्गनाइज तरीके से खुलकर सामने आ रहा है। इसके लिए आने वाले  23 व 24 दिसंबर -2022 को सूरजकुंड मेला प्रांगण में गुर्जर महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, इस महोत्सव में एंट्री बिल्कुल फ्री हैं, इस दो दिवसीय महोत्सव में लगभग 25 से 30 हजार से अधिक गुर्जर समाज व अन्य समाज के लोगों के जुटने का दावा किया गया है। महोत्सव की आयोजक गुर्जर आर्ट एंड कल्चर ट्रस्ट के सदस्यों ने आज आयोजित प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि गुर्जर समाज की एक समृद्ध सांस्कृतिक विरासत है लेकिन किन्हीं कारणों से उनके खिलाफ नकारात्मक प्रोपगेंडा चलाया गया और उन्हें राजनैतिक, सामाजिक, आर्थिक स्तरों पर अलग करने का प्रयास किया गया है। लेकिन आज समाज जाग रहा है और अपने असली स्वरूप को सामने ला रहा है। 

आने वाली पीढ़ी के लिए हो रही सारी कसरत 

संयोजक दिवाकर बिधूड़ी एवं सह संयोजक रोमी भाटी आदि ने बताया कि गुर्जर महोत्सव के जरिए हम आने वाली पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास के बारे में बताना चाहते हैं। इसके लिए विद्वानों के सेमिनार, पेंटिंग प्रतियोगिता, व्यंजनों, सांस्कृतिक प्रदर्शनी, महापुरुषों के जीवन पर आधारित स्लाइड शो, नृत्य-संगीत आदि कार्यक्रमों का आयोजन होगा। गुर्जर महोत्सव में गुर्जर समाज के स्वतंत्रता सेनानियों, विभिन्न सेनाओं के नायकों और साहित्य की भी जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। जिसमें भागीदारी करने के लिए देश के 13 राज्यों में फैले गुर्जर समाज के लोग यहां आ रहे हैं। 

सुरक्षा के लिए चप्पे चप्पे पर होगी निगाह 

संयोजक दिवाकर बिधूड़ी ने बताया कि मेला परिसर को सुरक्षित रखने के लिए 500 वालंटियर की नियुक्ति की गई है जो यहां चप्पे चप्पे पर निगाह रखने के साथ- साथ आने वालों का मार्ग दर्शन करने का काम करेंगे। मेला परिसर में सुरक्षा के लिहाज से ही सीसीटीवी भी लगाने का काम हो रहा है, वहीं स्थानीय पुलिस के साथ कोर्डिनेशन के साथ काम किया जा रहा है। दूर दराज से आने वाले गुर्जर भवनों में ठहरेंगे। बिधूड़ी ने बताया कि गुर्जर महोत्सव में 13 प्रदेशों से लोग अपनी सांस्कृतिक विरासत को लेकर आएंगे। दूर दराज से आने वाले लोग फरीदाबाद और गुरुग्राम के गुर्जर भवनों में ठहरेंगे जहां से मेला परिसर तक आने जाने के लिए बसों की व्यवस्था की गई है, वहीं बड़ी संख्या में लोग अपने रिश्तेदारों के यहां भी ठहरेंगे। इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर से आने वाले अपने वाहनों से यहां पहुंचेंगे जिनकी पार्किंग की व्यवस्था को चौकस रखा जाएगा। 

गैर-राजनैतिक रहेगा गुर्जर महोत्सव  

महोत्सव के सह-संयोजक रोमी भाटी ने बताया कि हम जानते हैं कि गुर्जर समाज को राजनैतिक रूप से नजर अंदाज किया गया है लेकिन यह आयोजन पूरी तरह से गैर- राजनैतिक होगा। इसमें समाज के हर वर्ग के व्यक्ति का स्वागत होगा। मेला आयोजन पूरी तरह निशुल्क है, इसमें भागीदारी गुर्जर समाज कर रहा है लेकिन इसमें दर्शक के तौर पर आने के लिए सभी आमंत्रित हैं। उन्होंने बताया कि यह हमारा पहला प्रयास है लेकिन हम हर वर्ष पिछली बार से कुछ सीखने की कोशिश करेंगे। 

सोशल मीडिया से जुड़ेंगे युवा 

रोमी भाटी ने बताया गुर्जर महोत्सव की सफलता के लिए युवा जुटे हुए हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए संदेश और सेल्फी फैलाने का काम जारी रखा हुआ है। हजारों की संख्या में युवा अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रतिदिन गुर्जर महोत्सव में सम्मिलित होने की अपील कर रहे हैं। वह यहां मेला की तैयारियों का जायजा लेने आ रहे हैं और यहां के फोटो और वीडियो अपलोड कर रहे हैं। जिससे यह महोत्सव एक सामाजिक कुंंभ होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है जिसके मंथन से सामाजिक समरसता का अमृत निकलेगा। इस अवसर पर अनंतराम तंवर, रणबीर चंदीला, हवा सिंह छौंकर, नीतू श्याम देव भड़ाना, तिलक राज बैंसला, ज्ञानचंद भड़ाना, रणदीप चौहान, निरंजन नागर, निर्मल डेढ़ा, रघुवर नागर आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। 

Related posts

लिंग्याज में आयोजित रक्तदान शिविर में लक्ष्य से ज्यादा रक्त एकत्रित

Ajit Sinha

फरीदाबाद में कोविड-19 के टीकाकरण अभियान के दूसरे चरण में सीपी ओ पी सिंह व डीसी यशपाल यादव ने लगवाए वैक्सीन।

Ajit Sinha

फरीदाबाद : पत्नी चेतना की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाने वाला पति जयप्रकाश निकला हत्यारा, गला घोंट कर की गई चेतना की हत्या,यूपी के खढ्ढे में दिया दबा।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x