
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
फरीदाबाद:स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के नेतृत्व में 15 अगस्त 2026 की शाम फरीदाबाद में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। खेड़ी पुल से महाराणा प्रताप चौक तक निकली इस विशाल तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में शहरवासी उमड़े। हाथों में तिरंगा लिए उमड़ा जनसैलाब देशभक्ति और राष्ट्र गौरव की भावना से ओतप्रोत नजर आया। यात्रा के पूरे मार्ग पर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष गूंजते रहे तथा पूरा फरीदाबाद तिरंगे के रंग में रंगा दिखाई दिया।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि हरियाणा वीरों और शूरवीरों की भूमि है। इस धरती ने देश की रक्षा, सम्मान और अखंडता के लिए अपने असंख्य वीर सपूतों को समर्पित किया है। हरियाणा की मिट्टी में वीरता, त्याग और राष्ट्रभक्ति की भावना रची-बसी है। यह तिरंगा यात्रा उन वीर शहीदों को नमन है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि तिरंगा हमारे लिए केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगे के साथ करोड़ों देशवासियों की भावनाएं, देश के प्रति सम्मान और गौरव जुड़ा हुआ है। जब तिरंगा हर हाथ में लहराता है, तो वह देश की एकता और अखंडता का संदेश देता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों को तिरंगे से जोड़ने और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का राष्ट्रव्यापी अभियान बन चुका है।

उन्होंने कहा कि फरीदाबाद की धरती पर निकली यह तिरंगा यात्रा उसी राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प है। यह केवल सड़कों पर चलने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने और देश हित के लिए अपनी जिम्मेदारियों का संकल्प लेने का अवसर है। इस यात्रा ने समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य किया और एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत किया। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि हमारा संकल्प है ‘राष्ट्र प्रथम’। देशहित सर्वोपरि है और भारत की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है। आज का भारत आत्मविश्वास से भरा हुआ भारत है। अपनी गौरवशाली विरासत पर गर्व करते हुए देश विकसित, सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस यात्रा के माध्यम से हम सभी को राष्ट्र की एकता को और मजबूत करने, समाज में भाईचारे की भावना बढ़ाने और हर परिस्थिति में राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी पहचान है, तिरंगा हमारा सम्मान है और राष्ट्र प्रथम हमारा संकल्प है। फरीदाबाद में उमड़े इस विशाल जनसैलाब ने यह साबित किया कि देशभक्ति की भावना आज भी हर नागरिक के दिल में उतनी ही मजबूत है। युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और समाज के विभिन्न वर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक और यादगार बना दिया। यात्रा के दौरान चारों ओर लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने पूरे वातावरण को राष्ट्र प्रेम से भर दिया।स्वतंत्रता दिवस के दिन सुबह ध्वजारोहण के बाद शाम को निकली इस भव्य तिरंगा यात्रा में आमजन ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर फरीदाबाद वासियों ने शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया और राष्ट्रभक्ति का संकल्प लिया। इस अवसर पर सभी ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया तथा उनके त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए भारत की एकता, अखंडता, संप्रभुता और गौरव की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प दोहराया।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

