Athrav – Online News Portal
फरीदाबाद

फरीदाबाद:वंदे मातरम् के अपमान पर कांग्रेस सार्वजनिक माफी मांगे : विपुल गोयल


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
फरीदाबाद: राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सम्मान को लेकर कांग्रेस नेतृत्व के रवैये के विरोध में भारतीय जनता पार्टी फरीदाबाद ने रविवार शाम जोरदार एवं शांति पूर्ण कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ.अर्चना गुप्ता के निर्देशानुसार भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल के नेतृत्व में भाजपा जिला कार्यालय ‘अटल कमल’ से गीता मंदिर, सेक्टर-15 तक कैंडल मार्च निकाला गया। हाथों में जलती मोमबत्तियां और जुबां पर ‘वंदे मातरम्’ तथा ‘भारत माता की जय’ के जयघोष के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगीत की गरिमा और देश के अमर बलिदानियों के सम्मान की रक्षा का संकल्प दोहराया।

हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, राष्ट्रीय परिषद सदस्य संदीप जोशी, जिला प्रभारी लतिका शर्मा, महापौर प्रवीण बतरा जोशी, पूर्व विधायक नरेन्द्र गुप्ता, जिला महामंत्री चौधरी प्रवीण गर्ग, शोभित अरोड़ा मुख्य तैयार पर उपस्थित रहे। कैंडल मार्च के दौरान पूरे मार्ग में कार्य कर्ताओं ने राष्ट्रभक्ति के नारों के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता केवल राजनीतिक संघर्ष का परिणाम नहीं, बल्कि लाखों स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों और देशभक्तों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। ऐसे में स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनादर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

 गोयल ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ महज शब्दों और सुरों का गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्र चेतना, राष्ट्र भक्ति और करोड़ों देशवासियों के स्वाभिमान का प्रतीक है। इसी राष्ट्रगीत ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष कर रहे असंख्य क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों में मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने का जज्बा पैदा किया था। ‘वंदे मातरम्’ का एक-एक शब्द देश की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने वाले वीरों की स्मृतियों से जुड़ा हुआ है।

 गोयल ने कहा कि देश के राष्ट्रगीत और राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान किसी राजनीतिक दल की विचारधारा का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय की भावना और हमारे गौरवशाली इतिहास से जुड़ा विषय है। कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के इस आचरण से राष्ट्रगीत और देश के बलिदानियों के सम्मान को ठेस पहुंची है, कांग्रेस नेतृत्व को राजनीतिक बयानबाजी के बजाय अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए देशवासियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा राष्ट्र के सम्मान, राष्ट्रीय प्रतीकों की गरिमा और देश के वीर सपूतों की गौरवशाली विरासत के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले बलिदानियों का सम्मान करना प्रत्येक भारतीय का नैतिक और राष्ट्रीय कर्तव्य है।

 भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन की आत्मा रहा है। इस राष्ट्रगीत ने देशवासियों के भीतर मातृभूमि के प्रति प्रेम और स्वतंत्रता की भावना को मजबूत किया। इसके सम्मान के साथ खिलवाड़ करना उन असंख्य वीरों के त्याग और तपस्या का अपमान है, जिन्होंने भारत माता की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा फरीदाबाद का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रगीत, राष्ट्रध्वज और देश के वीर बलिदानियों के सम्मान के लिए सदैव सजग और प्रतिबद्ध रहेगा। जिला अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस को राजनीतिक बयानबाजी के बजाय अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए देशवासियों से अपनी गलती स्वीकारते हुए माफी मांगनी चाहिए।

Related posts

फरीदाबाद: आधे घंटे की बारिश ने आज खोली जिला प्रशासन की पोली, ओल्ड रेलवे अंडरपास में डूबी कई गाड़ियां -देखें वीडियो

Ajit Sinha

फरीदाबाद:ग्रीन फील्ड में रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर सतबीर, अजय व सोनिया ने गरीब बच्चों को शिक्षित करने का बीड़ा उठाया।

Ajit Sinha

चंडीगढ़ ब्रेकिंग: सीआईएसएफ ने हवाई अड्डों पर विश्व स्तरीय विमानन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गुणवत्ता नियंत्रण इकाई स्थापित की

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x