अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
फरीदाबाद: ग्रीन फील्ड कॉलोनी, फरीदाबाद में डिलीवरी बॉय ने एक घर में घुसकर महिला और उसकी सास को चाकू दिखाकर सोने के आभूषण लूटने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-48, फरीदाबाद व एनआईटी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी सहायता व सूत्रों की सूचना के आधार पर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित का नाम वीर प्रताप सिंह उर्फ वीरू (24) निवासी गांव कुंभ पुरा, फतेहाबाद, आगरा, उत्तर प्रदेश हाल निवासी गणपति कॉलोनी, फरीदाबाद है। ये खुलासा आज एसीपी क्राइम वरुण दहिया-2 ने आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में किए है।

एसीपी क्राइम वरुण दहिया ने आज पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि 28 अगस्त को ग्रीनफील्ड कॉलोनी निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत 26 अगस्त को वह और उसकी सास घर पर मौजूद थीं। सुबह करीब 10 बजे एक युवक उनके घर आया और पार्सल रिसीव होने के संबंध में जानकारी लेकर वहां से चला गया।इसके बाद सुबह करीब 11:30 बजे एक अन्य युवक घर पर आया। शिकायतकर्ता की सास ने दरवाजा खोला और डिलीवरी बॉय समझकर वह अपनी बहू को बुलाने के लिए घर के अंदर चली गईं। इसी दौरान कथित डिलीवरी बॉय घर के अंदर घुस गया और चाकू दिखाकर शिकायत कर्ता तथा उसकी सास को भयभीत कर उनके सोने के आभूषण लूटकर मौके से फरार हो गया। महिला की शिकायत के आधार पर थाना सूरजकुंड, फरीदाबाद में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 29 अगस्त को आरोपित वीर प्रताप सिंह उर्फ वीरू को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह डिलीवरी बॉय का काम करता है और वह पहले भी शिकायतकर्ता के घर पर कई बार पार्सल डिलीवर करने के लिए आ चुका था। आरोपित को जानकारी थी कि घर पर अक्सर महिलाएं ही मौजूद रहती हैं।आरोपित ने बताया कि उसने, 26 अगस्त की सुबह पार्सल डिलीवरी के बहाने घर पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आरोपित ने देखा कि उस समय घर पर कोई पुरुष मौजूद नहीं था और केवल महिलाएं ही थी। इसके बाद वह दोबारा लूट की नीयत से घर पहुंचा और चाकू के बल पर शिकायतकर्ता तथा उसकी सास से सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गया। पुलिस टीम, आरोपित से गहन पूछताछ कर लूटे गए आभूषणों की बरामदगी तथा वारदात में प्रयुक्त चाकू के संबंध में कार्रवाई कर रही है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

