
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
फरीदाबाद पुलिस के थाना साइबर सेंट्रल ने साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई करते हुए जुलाई माह में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। थाना की टीमों ने 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 के दौरान साइबर ठगी के 42 मामलों का सफल खुलासा करते हुए 129 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को झारखंड, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र (मुंबई), बिहार, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, दिल्ली तथा हरियाणा के विभिन्न स्थानों से तकनीकी विश्लेषण एवं गहन अनुसंधान के आधार पर दबिश देकर गिरफ्तार किया गया। इसी उत्कृष्ट उपलब्धि के उपलक्ष्य में सोमवार को थाना साइबर सेंट्रल में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध) हिमाद्री कौशिक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना साइबर सेंट्रल की टीमों ने जुलाई माह के दौरान न केवल साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की, बल्कि पीड़ितों के लगभग 92 लाख रुपये की रिकवरी भी सुनिश्चित कराई। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 12 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस उपायुक्त साइबर अपराध द्वारा प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस उपायुक्त साइबर हिमाद्री कौशिक ने कहा कि साइबर अपराध आज सीमाओं से परे फैल चुका है और साइबर ठग इंटरनेट तथा सोशल मीडिया के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों तथा विदेशों में बैठकर लोगों को अपना शिकार बनाते हैं। ऐसे अपराधियों तक पहुंचना आसान नहीं होता। पुलिस की टीमों को कई-कई दिनों तक दूसरे राज्यों में रहकर तकनीकी साक्ष्यों, डिजिटल विश्लेषण, बैंकिंग ट्रेल, मोबाइल लोकेशन तथा स्थानीय सूत्रों की सहायता से लगातार कार्रवाई करनी पड़ती है। यह कार्य चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ जोखिम भरा भी होता है।उन्होंने कहा कि थाना साइबर अपराध सेंट्रल की टीमों ने जुलाई माह में जिस समर्पण, मेहनत और पेशेवर दक्षता के साथ 129 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, वह सराहनीय है। इससे साइबर अपराधियों के नेटवर्क को कमजोर करने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भविष्य में भी इसी समर्पण और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने का आह्वान किया।डीसीपी हिमाद्री कौशिक ने कहा कि फरीदाबाद पुलिस का उद्देश्य केवल साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि पीड़ितों की ठगी गई राशि वापस दिलाना तथा आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना भी प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक, एपीके फाइल, निवेश, शेयर ट्रेडिंग, टेलीग्राम या व्हाट्सएप पर मिलने वाले लालचपूर्ण ऑफर पर विश्वास न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि को होल्ड कर रिकवरी की जा सके। सम्मानित कर्मचारियों में थाना साइबर अपराध सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक बसंत कुमार, उप निरीक्षक विशाल, मोहित, योगिंदर, अमरजीत, नीरज, सहायक उप निरीक्षक नरेश, प्रधान सिपाही मनोज एवं सिपाही शाहरुख, लक्ष्मण, विकास, हिम्मत व दिनेश, सहित 12 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे, जिन्होंने विभिन्न साइबर मामलों के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

