Athrav – Online News Portal
दिल्ली राजनीतिक राष्ट्रीय हाइलाइट्स

दिल्ली ब्रेकिंग:परिसीमन बिल पर बोले राहुल गांधी- हिंदुस्तान के लोकतंत्र को खत्म करने का नंबर है 850

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
नई दिल्ली:लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रस्तावित परिसीमन बिल का विरोध करते हुए कहा है कि लोकसभा में सीटों का 850 नंबर हिंदुस्तान के लोकतंत्र को खत्म करने का नंबर है। उन्होंने कहा कि भाजपा परिसीमन के जरिए देशभर में मनमर्जी तरीके से निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने, विपक्षी दलों के प्रभाव वाले क्षेत्रों को कमजोर करने और अपने राजनीतिक हितों के अनुसार चुनावी व्यवस्था को पुनर्गठित करने की खुली छूट चाहती है।

शनिवार शाम को कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष ने भाजपा द्वारा बीते दस वर्षों से की जा रही वोट चोरी का रास्ता लगभग 45 प्रतिशत तक बंद कर दिया है। देश के युवाओं और जेन-जी ने मोदी सरकार को घेर लिया है। चुनाव चोरी करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार बुरी तरह फंस चुके हैं, अब ये अपना भविष्य बचाने के लिए परिसीमन की साजिश रच दूसरा रास्ता खोज रहे हैं।

जेन-जी से सीधा संवाद करते हुए राहुल गांधी ने उनकी निर्भीकता की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि परिसीमन देश के युवाओं का भविष्य खत्म करते हुए उनके रोजगार और देश का धन अडानी को देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि परिसीमन भारत के चुनावी नक्शे को पूरी तरह से बदल देगा और लोक तांत्रिक ढांचे को खत्म कर देगा। भाजपा देश को तानाशाही की ओर धकेल रही है। सीधे तौर पर बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर जी द्वारा बनाए गए संविधान की हत्या हो रही है।परिसीमन को भारत की आत्मा पर खंजर का हमला बताते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इस कदम से लोगों का हमारे लोकतंत्र में विश्वास टूट सकता है और यह राष्ट्र विरोधी कदम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मोदी सरकार चाहे वोट चोरी करे या परिसीमन करे, वह एक न एक दिन हारेगी। मोदी सरकार जितना इसमें देरी करेगी, उतनी बड़ी समस्या उन्हें होगी, क्योंकि देश की जनता का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनावों में हुई धांधली का हवाला देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी एक गैर-कानूनी प्रधानमंत्री हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा की मंशा परिसीमन के जरिए उन समुदायों और क्षेत्रों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को प्रभावित करने की है,जहां उसे समर्थन नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि गरीबों, दलितों,ओबीसी,आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और किसानों की आबादी वाले क्षेत्रों की पहचान कर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव किया जाएगा। इसी तरह विपक्ष के मजबूत और उभरते नेताओं के निर्वाचन क्षेत्रों को भी प्रभावित किया जाएगा। इससे भाजपा को चुनाव में एक भी वोट डाले जाने से पहले ही बड़ा राजनीतिक फायदा मिल जाएगा।राहुल गांधी ने असम और जम्मू-कश्मीर में परिसीमन का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए निर्वाचन क्षेत्रों को तोड़ा और जोड़ा गया। असम के काजीरंगा और मंगलदोई क्षेत्र का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि निर्वाचन क्षेत्रों को मनमर्जी से विभाजित किया गया,एक क्षेत्र में तो उसके कुछ अन्य हिस्से आपस में सीधे जुड़े तक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार परिसीमन के जरिए पूरे देश में इसी तरह की प्रक्रिया अपनाएगी।राहुल गांधी ने प्रस्तावित परिसीमन आयोग की संरचना पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस पर मोदी-शाह का पूरा नियंत्रण होगा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भी आयोग का हिस्सा होंगे और तीसरे सदस्य के चयन भी वे ही करेंगे। आयोग में तीसरे सदस्य सुप्रीम कोर्ट का पूर्व न्यायाधीश होंगे, जिसका चयन मोदी सरकार करेगी। ज्ञानेश कुमार के पास किसी कार्यवाही के खिलाफ क़ानूनी कवच है और इसके खिलाफ कोई किसी अदालत में भी नहीं जा सकेगा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि परिसीमन में 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल करने से सामाजिक न्याय की व्यवस्था प्रभावित होगी, इससे अगले 40 साल तक सामाजिक न्याय नहीं हो पाएगा। ओबीसी,दलितों और आदिवासियों की जनसंख्या तो बढ़ी है लेकिन इसके अनुपात में प्रतिनिधित्व नहीं बढ़ेगा,क्योंकि मोदी सरकार द्वारा जाति जनगणना को किनारे कर दिया गया है और 2027 की जनगणना को भी बेमानी बना दिया गया है, क्योंकि इससे कुछ ऐसे असहज तथ्य सामने आने वाले थे जिन्हें भाजपा देखना नहीं चाहती थी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मुद्दा महिला आरक्षण नहीं, असल में यह आरक्षित सीटों को फ्रीज करने की कोशिश है।राहुल गांधी ने भाजपा द्वारा किए जा रहे परिसीमन और इंडिया गठबंधन के निष्पक्ष परिसीमन में अंतर सरल भाषा में स्पष्ट करते हुए कहा कि 850 की जगह मौजूदा 543 सीटों को बरकरार रखा जाए और यह 2011 की जनगणना बजाय 2027 की जातिगत जनगणना के आधार पर हो। ज्ञानेश कुमार के नियंत्रण वाले परिसीमन आयोग की जगह सर्वदलीय और निष्पक्ष परिसीमन आयोग हो। 543 सीटों पर ओबीसी सब-कोटा के साथ 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू हो।एक सवाल के जवाब में उन्होंने एनडीए के सहयोगी समेत सभी दलों को संदेश देते हुए कहा कि सभी दल जाग जाएं, क्योंकि परिसीमन के जरिए लोकतंत्र की हत्या की जा रही है।

Related posts

फर्जी डॉक्टर बन एक महिला टीचर और एक महिला डॉक्टर से शादी और डॉक्टर बन 11 हॉस्पिटलों में नौकरी करने वाला शख्स पकड़ा गया।

Ajit Sinha

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक गोदाम में छापा मार कर 56 लाख के 560 किलो अफीम पुआल (भुक्की) बरामद की हैं।

Ajit Sinha

नई दिल्ली:रचनात्मक कांग्रेस’ के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आज इंदिरा भवन में शुरू हुआ।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x