अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
फरीदाबाद:हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए थाना धौज, जिला फरीदाबाद में जांच अधिकारी के रूप में तैनात पुलिस सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ एफआईआर नंबर 31, दिनांक 28 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना एसवी एंड एसीबी, फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता के खिलाफ थाना धौज में एफआईआर नंबर 84/2026 दर्ज है। आरोप है कि इस मामले में जांच अधिकारी के रूप में तैनात सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार शिकायतकर्ता से उसके परिवार के सदस्यों को मामले में परेशान न करने की एवज में अतिरिक्त 25 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। आरोपित इससे पहले भी शिकायतकर्ता से 28 हजार रुपये की रिश्वत ले चुका था।

शिकायत के आधार पर एसवी एंड एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपित सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में एसवी एंड एसीबी यूनिट पलवल के प्रभारी इंस्पेक्टर राजकुमार ने ट्रैप का नेतृत्व किया। ट्रैप की पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में आगामी जांच जारी है।हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत तुरंत ब्यूरो के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 अथवा 1800-180-2022 पर करें। इसके अतिरिक्त, व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी सूचना दी जा सकती है।नागरिक ‘सतर्क-हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत दर्ज करा सकते हैं तथा फोटो, वीडियो, ऑडियो और पीडीएफ जैसे साक्ष्य साझा कर सकते हैं। ब्यूरो ने आमजन से भ्रष्टाचार के विरुद्ध निर्भीक होकर आगे आने और इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

