
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
नई दिल्ली:सीएम अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को छत्रसाल स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर दिल्ली और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सुबह अपने आवास पर सीआरपीएफ के जवानों और ऑफिस स्टाफ के साथ अमर तिरंगा फहराया। इस अवसर पर सीएम केजरीवाल ने दिल्ली के दो करोड़ लोगों को केंद्र सरकार द्वारा छीने गए उनके लोकतांत्रिक अधिकार को वापस दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पहले अध्यादेश लाकर और फिर क़ानून बना कर दिल्ली की जनता के अधिकार छीन लिए गए। इस लड़ाई को हम सुप्रीम कोर्ट में लड़ेंगे और अधिकार वापस दिलाकर रहेंगे।

दिल्ली के लोग चिंता न करें, आपकी फ्री बिजली-पानी, मुफ्त और अच्छी शिक्षा-स्वास्थ्य और महिलाओं का मुफ्त बस सफ़र जारी रहेगा। मैं किसी भी हालत में दिल्ली के काम रुकने नहीं दूंगा। सीएम ने यह भी कहा कि केवल भाषण देने से भारत विश्व गुरु नहीं बनेगा। भारत को विश्वगुरु बनाना है तो देश के हर तबके के लिए मुफ्त शिक्षा- स्वास्थ्य, बिजली-पानी का इंतजाम करना पड़ेगा।सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अभी दिल्ली की लोगों का लोकतांत्रिक अधिकार छीनने के लिए पहले एक अध्यादेश लाया गया और फिर कानून पास कर दिया गया। दिल्ली के लोगों के लोकतांत्रिक अधिकार छीन लिए गए। दिल्ली की चुनी हुई सरकार की काम करने की क्षमता को छीन लिया गया है। लोग मेरे से पूछ रहे हैं कि आप काम कैसे करोगे? मैं स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर 2 करोड़ लोगों को यह आश्वासन देता हूं, जो मर्जी हो जाए, जो मर्जी पावर छीन ले, लेकिन दो कार्य जारी रहेंगे। एक तरफ दिल्ली के 2 करोड़ लोगों का पावर वापस लाकर रहेंगे। इसके लिए सुप्रीम कोर्ट में भी लड़ाई लड़ेंगे। जब से मैं दिल्ली का मुख्यमंत्री बना हूं, तब से ये लोग मेरे कार्य में अड़चन लगाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन फिर भी मैंने काम रुकने नहीं दिया। आपकी फ्री बिजली, फ्री शिक्षा, फ्री इलाज और महिलाओं को फ्री बस सेवा मिलती रहेगी। ये हो सकता है कि थोड़ी गति कम हो जाए, लेकिन ये कभी मत सोचना कि दिल्ली के काम रुक जाएगा। पिछले दिनों दिल्ली नगर निगम ने पूरी दिल्ली में सफाई अभियान शुरू किया है। बहुत तेजी से नगर निगम के अधिकारी कार्य कर रहे हैं। इसके लिए कई टीमें भी बनाई है। मैं दिल्ली के लोगों को अपील करना चाहता हूं कि आप लोग भी दिल्ली को साफ बनाने में मदद किजिए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हमें तीन मुख्य चीजों पर काम करना है। पहला है कि हर घर में 24 घंटे पानी की सुविधा होनी चाहिए, दूसरा यमुना की सफाई और तीसरा दिल्ली की जो सड़के टूटी हुई है, उसकी मरम्मत कर उनको साफ-सुथरा बनानी है।सीएम अरविंद केजरीवाल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सबसे पहले मैं उन लाखों-करोड़ों स्वतंत्रता सेनानियों को दिल से नमन करता हूं, जिन्होंने तरह-तरह की कुबार्नियां देकर देश को आजाद कराया। आजादी के बाद बॉर्डर पर अपनी जान की बाजी लगाकर देश की रक्षा करने वाले जवानों को दिल से नमन करता हूं। पिछले 75 साल में जिन लोगों ने अलग-अलग क्षेत्रों में दुनिया भर में भारत का नाम रौशन किया, उन सभी को नमन करता हूं। कुछ दिन पहले दिल्ली में भीषण बाढ़ आई थी। दिल्ली के इतिहास में पहली बार यमुना का जलस्तर बहुत ज्यादा बढ़ गया था। सभी दिल्लीवासियों ने दिल्ली सरकार के साथ मिलकर केंद्र सरकार की मदद इस आपदा का सामना किया और हम सभी सफल हुए। कुछ लोगों के घरों में क्षति हुई, उनका सामान नष्ट हो गया। सरकार की ओर से हम लोगों ने हर संभव मदद करने की कोशिश की।सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज स्वाधिनता दिवस का पर्व है, खुशी का मौका है। लेकिन मन के एक कोने में एक छोटी व्यथा है और मन बहुत व्यथित है। देश के कुछ हिस्सों के अंदर आज एक भाई दूसरे भाई से लड़ रहा है। मणिपुर जल रहा है। मणिपुर में एक समुदाय के लोग दूसरे समुदाय के लोगों से लड़ रहे हैं और एक-दूसरे को मार रहे हैं, घर-दुकानें जला रहे हैं, महिलाओं के साथ गलत काम कर रहे हैं। दोनों समुदाय के लोग व्यथित हैं। अभी तक जो लोग शांति से एक साथ रहा करते थे, वो आपस में लड़ रहे हैं। इधर, हरियाणा में भी दो समुदाय एक-दूसरे लड़ रहे हैं। इस लड़ाई में फायदा किसी समुदाय का नहीं हो रहा है। हम 21वीं सदी में रह रहे हैं। यह साइंस और टेक्नोलॉजी का युग है। दुनिया कहां से कहां पहुंच गई और हम आपस में लड़ते रहे गए। अगर हम आपस में लड़ते रह गए तो भारत विश्वगुरु कैसे बनेगा? एक परिवार, एक पिता ने खूब पैसा कमाया और उनकी मौत हो गई। उनके चार बच्चे हैं और वो आपस में लड़ रहे हैं। एक-दूसरे को मारने पर आतुर हैं, क्या वो परिवार प्रगति कर सकता है, बिल्कुल नहीं कर सकता। पिताजी जो कमाकर गए थे, उसे भी खत्म कर देंगे। वहीं, एक परिवार, जिसमें चारों भाई मिलकर प्यार से रहते हैं, वो परिवार तरक्की करता है। अगर हमें विश्वगुरु बनना, देश को तरक्की देनी है और दुनिया का नंबर वन देश बनना है तो देश के 140 करोड़ लोगों को परिवार और टीम की तरह रहना पड़ेगा। देश में सामने बहुत सारी समस्याएं हैं। हम आपस में ही लड़ेंगे तो उन समस्याओं से कैसे निपटेंगे। सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश के कई हिस्सों में कई-कई घंटे बिजली नहीं आती है। दुनिया का कोई भी ऐसा विकसित देश नहीं है, जहां लोगों को 24 घंटे बिजली नहीं मिलती है। जब तक देश में 7-8 घंटे के पावर कट लगेंगे, हमारा देश विश्वगुरु कभी नहीं बन सकता। बडे-बडे भाषण भले ही दे दिए जाएं। 24 घंटे बिजली नहीं होगी तो उद्योग कैसे तरक्की करेंगे, किसान कैसे बुआई करेगा। अगर हमें विश्वगुरु बनना है तो देश भर में 24 घंटे बिजली का इंतजाम करना पड़ेगा। सीएम ने कहा कि भारत के पास 4.25 लाख मेगावाट बिजली उत्पादन करने की क्षमता है और देश भर में बिजली की पिक डिमांड केवल 2 लाख मेगावाट ही है। फिर भी बिजली नहीं आती है। इसलिए 24 घंटे बिजली नहीं आती है, क्योंकि कुप्रबंधन और दूर दृष्टि की कमी के साथ भ्रष्टाचार का बोलबाला है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

