
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
चंडीगढ़:भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने शुक्रवार को भिवानी जिला की तोशाम विधानसभा में अपने नागरिक अभिनंदन के दौरान बोलते हुए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का नकाब उतर चुका है। ये दोनों ही पार्टियां जनता का विश्वास खो चुकी है, इसलिए कांग्रेस की नीतियों से तंग आकर बड़े नेता कांग्रेस को छोड़ रहे हैं। सैनी ने कहा कि कांग्रेस का तो यह हाल है कि इनके नेता लोकसभा चुनाव लड़ने से कन्नी काट रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मोदी और मनोहर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रशंसा भी की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विकसित भारत बनाने में जुटे हुए हैं तो मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा को विकसित करने की ठानी है। कार्यक्रम में कृषि मंत्री जेपी दलाल और सांसद धर्मबीर सिंह और कार्यक्रम के संयोजक अनिल शर्मा ने भी संबोधित किया। इससे पहले मंच पर पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष का फूल मालाओं से जोरदार अभिनंदन किया गया। भारत माता की जय, जय भाजपा, तय भाजपा, मोदी-मनोहर जिंदाबाद के नारों से लोगों ने क्षेत्र को भाजपामय कर दिया। अपने अभिनंदन से अभिभूत नायब सैनी ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने तोशाम के पिछड़ने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि तोशाम के पिछड़ेपन का कारण कांग्रेस और उसके नेता रहे हैं। कांग्रेस ने तोशाम के विकास के लिए ठोस तरीके से काम नहीं किया। नायब सैनी ने कहा कि 2014 के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बिना भेदभाव के 90 की 90 विधानसभाओं में समान रूप से विकास कराया है और तोशाम की अंतिम टेल तक पानी पहुंचाने का काम मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने हर घर नल से स्वच्छ जल पहुंचाया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पारदर्शी तरीके से काम करते हुए प्रदेश में सुशासन व्यवस्था कायम की है। मनोहर सरकार में युवा बिना पर्ची और खर्ची के नौकरियां लग रहे हैं। इन दस सालों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एक नये और मजबूत भारत का अध्याय लिखा गया है। नायब सैनी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार गरीबों की चिंता करने वाली सरकार है। आयुष्मान कार्ड और चिरायु कार्ड से गरीब लोगों का पांच लाख रुपये तक का इलाज फ्री में हो रहा है। उज्जवला योजना के तहत गरीब महिलाओं को गैस सिलेंडर देकर धुएं से मुक्ति दिलाई है। किसान हित में मोदी और मनोहर सरकार ने अनेकों कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ किसानों को मिल रहा है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना ने किसानों को चिंता से मुक्त किया है। मनोहर सरकार 14 फसलों को एमएसपी पर खरीदने वाली देश की पहली सरकार है। नायब सैनी ने कहा कि मनोहर सरकार में गरीब व्यक्ति का विकास हुआ है। कांग्रेस के समय में गरीब व्यक्ति का शोषण हुआ है। जनता ने अब इस बात का आंकलन कर लिया है कि भाजपा की सरकार ही देश और प्रदेश की तरक्की कर सकती है। दूसरी पार्टियों से भाजपा में आने वाले नेताओं के बारे में श्री सैनी ने कहा कि मोदी और मनोहर सरकार की नीतियां दूसरी पार्टियों के नेताओं को भी प्रभावित कर रही है। एसवाईएल के पानी पर श्री सैनी ने केजरीवाल को भी घेरा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को चाहिए कि वह पंजाब से हरियाणा के हक का पानी दिलवाएं। केजरीवाल पर तंज कसते हुए सैनी ने कहा कि केजरीवाल कहते थे कि उनकी सरकार कट्टर ईमानदार सरकार है, लेकिन आज उनके मंत्री भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद हैं और स्वयं केजरीवाल ईडी का जवाब देने से बच रहे हैं। कृषि मंत्री जेपी दलाल ने तोशाम विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकाल में विकास कार्य गिनवाते हुए कहा कि सिर्फ तोशाम विधानसभा क्षेत्र में ही 1800 से अधिक युवाओं को मैरिट के आधार पर नौकरी मिली है। करीब 200 करोड़ की लागत से विभिन्न नहरों का जीर्णोद्धार किया गया। जिसमें से 38 करोड़ की लागत से जूई कैनाल और जूई फीडर, 11.54 करोड़ से गारणपुरा माइनर, 5 करोड़ 62 लाख से सिवानी कैनाल पर पंप हाउस ठीक करने का कार्य किया। ’’8 करोड़ 73 लाख से जुई कैनाल पर पंप हाउस ठीक करने का कार्य चल रहा है। जेपी दलाल ने कहा कि मनोहर सरकार में बेटियों को घर के नजदीक शिक्षा देने के लिए कालेज खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी और मनोहर सरकार ने हर वर्ग के लिए काम किए हैं।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

