Athrav – Online News Portal
दिल्ली नई दिल्ली

अब दिल्ली के गरीब से गरीब परिवार के बच्चे भी सेना में अधिकारी बन देश की सेवा कर सकेंगे- अरविन्द केजरीवाल

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
नई दिल्ली;मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज दिल्ली के झरोदा कलां में शहीद भगत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी स्कूल का उद्घाटन किया। यह दिल्ली का पहला सैनिक स्कूल है। इस अवसर पर सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब दिल्ली के गरीब से गरीब परिवार के बच्चे भी सेना में अधिकारी बनकर देश की सेवा कर सकें। यह स्कूल स्टेट ऑफ ऑर्ट फैसिलिटी से युक्त है, जो बड़े-बड़े स्कूलों में भी नहीं होती। यहां बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ एनडीए आदि की चार साल तैयारी भी कराई जाएगी। बच्चों की शिक्षा पूरी तरह फ्री है, ताकि यहां गरीब और अमीर के बीच कोई भेद न हो सके। यहां 80-90 फीसद बच्चे सरकारी स्कूलों से आए हैं। सीएम अरविंद केजरीवाल ने बच्चों से कहा कि स्कूल का नाम शहीद भगत सिंह पर इसलिए रखा गया है, ताकि उनसे हर बच्चे को प्रेरणा मिले। आपकी पढ़ाई में गरीब से गरीब आदमी का योगदान है। इसलिए भारत मां के लिए सब कुछ न्योछावर करने के लिए हमेशा तैयार रहना। उन्होंने कहा कि कई लोग विदेश चले जाते हैं।

अगर सभी बाहर चले जाएंगे तो देश को ठीक कौन करेगा? हमारा भारत जैसा भी है, हमारा है। हम ही इसे ठीक करेंगे। इसलिए मैंने सोचा था कि कभी विदेश नहीं जाएंगे। यहीं रहेंगे, यहीं लड़ेंगे, यहीं मरेंगे-कटेंगे और अपने देश को ठीक करेंगे। मुख्यमंत्री  अरविंद केजरीवाल ने झरोदा कलां में स्थापित शहीद भगत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी स्कूल का उद्घाटन किया। दोपहर 12 बजे उद्घाटन समारोह की शुरुआत हुई। मुख्य अतिथि सीएम अरविंद केजरीवाल को स्कूल के बच्चों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद नाम पट्टिका का अनावरण किया गया। सीएम अरविंद केजरीवाल सर्विस प्रिपरेटरी विंग में गए और वहां बच्चों से बात की और फिर गर्ल्स हॉस्टल को देखा। मुख्यमंत्री द्वारा खेत्रपाल ऑडिटोरियम में दीप प्रज्वलित करने के बाद छात्रों ने गणेश वंदना नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री श्री  अरविंद केजरीवाल ने अकेडमिक ब्लॉक के सामने लॉन में पौधरोपण किया और कैडेट मेस का भी दौरा किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। इस दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल ने कैडेट्स के साथ लंच भी किया। इस समारोह में बच्चों के साथ करीब 200 अभिभावकों ने भी हिस्सा लिया। समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री श्री  मनीष सिसोदिया, मंत्री और नजफगढ़ के विधायक व परिवहन मंत्री  कैलाश गहलोत और शिक्षा विभाग के सचिव समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी स्कूल के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज एक बहुत शानदार सपना पूरा हुआ लगता है। हम लोगों ने साल-दो साल सोचा था कि दिल्ली के अंदर कोई सैनिक स्कूल नहीं है, दिल्ली के जो हमारे बच्चे फौज में जाना चाहते हैं और देश की सेवा करना चाहते हैं, देश के लिए मर-मिटना चाहते हैं, देश की सुरक्षा क्षेत्र में जाना चाहते हैं। उनके लिए कोई औपचारिक सिस्टम नहीं है, जो उनको फौज में भर्ती के लिए तैयार कर सके। बहुत सारे बच्चे अपने से फौज में जाते थे। बहुत सारे बच्चे अपने एनडीए समेत अलग-अलग परीक्षाओं की तैयारी करते थे। अन्य राज्यो के अंदर कई सारे सैनिक स्कूल थे, लेकिन दिल्ली के अंदर कोई सैनिक स्कूल नहीं था। हमने सोचा कि दिल्ली के अंदर सैनिक स्कूल होना चाहिए। एक साल पहले हमने इसकी तैयारी शुरू की। जब तैयारी हमने शुरू की थी, तब हमें यह उम्मीद नहीं थी कि एक साल के अंदर यह बनकर तैयार हो जाएगा और पहला बैच एक साल के अंदर आ जाएगा। इसके लिए बहुत लोगों ने कोशिश और मेहनत की, उन सभी लोगों को दिल्ली और देश की तरफ से बहुत-बहु बधाई और धन्यवाद देना चाहता हूं कि आज यह सपना साकार हुआ। 

Related posts

सचिन पायलट आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बोले, कांग्रेस पार्टी करप्शन के खिलाफ है, भ्रष्टाचार के खिलाफ है-लाइव वीडियो देखें।

Ajit Sinha

कालाबाजारी और मूल्य निर्धारण के लिए जमा किए गए 50 अवैध एलपीजी सिलेंडर बरामद, दो आरोपित पकड़े गए।

Ajit Sinha

यूपी पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ता पर जब बरसाई लाठी तो,प्रियंका गांधी ने गाडी से उतरकर कैसे बचाई -देखें पूरा वीडियो

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x