
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
नई दिल्ली:लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने पंजाब दौरे के दौरान बुधवार को राज्य में ख़राब कानून-व्यवस्था और नशाखोरी से प्रभावित पीड़ित परिवारों के परिजनों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी। उन्होंने बरनाला में 4 अक्टूबर 2025 को गोलीबारी में जान गंवाने वाले 45 वर्षीय सुखविंदर सिंह कलकत्ता और 3 सितंबर 2025 को मारे गए कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष व पूर्व सरपंच गुरमेल सिंह तूत के परिजनों से मुलाकात की।

इसके अतिरिक्त, बठिंडा अर्बन के सेवानिवृत्त नगर निगम सफाई कर्मचारी प्रकाश चंद के परिवार ने राहुल गांधी को राज्य में फैले नशे की भयावह स्थिति से अवगत कराया। उनका 36 वर्षीय बेटा गोरी शंकर ‘चिट्टे’ के नशे की गिरफ्त में है, जिसके इलाज और नशे की लत पूरी करने के लिए परिवार का ऑटो-रिक्शा, घरेलू सामान और गैस सिलेंडर तक बिक गया। पीड़ित परिवार ने बेटे के पुनर्वास, बेटियों की पढ़ाई और आजीविका के लिए सहायता की गुहार लगाई।




