अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
गुरुग्राम:दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार ऑपरेशन विंग के कार्य निष्पादन मानकों एवं प्रमुख योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई। निदेशक प्रोजेक्ट्स वीके अग्रवाल एवं निदेशक ऑपरेशन मुकेश चौहान की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में बिजली वितरण हानियों, बकाया राशि की वसूली, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, औसत एवं प्रोविजनल बिलिंग, पीडीसीओ जांच तथा सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निवारण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में अधिकारियों को बिजली वितरण हानियों में कमी लाने, बकाया राशि की वसूली तेज करने तथा निगम के राजस्व संग्रहण को मजबूत बनाने के लिए प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी कदम उठाने के निर्देश दिए गए। बिलिंग व्यवस्था में शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ औसत एवं प्रोविजनल बिलिंग की नियमित समीक्षा करने और लंबित मामलों का समयबद्ध निपटान करने पर भी जोर दिया गया।

निदेशक प्रोजेक्ट्स वीके अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर उसे प्रभावी ढंग से लागू करने तथा प्रगति की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली हानियों पर नियंत्रण, डिफॉल्टर उपभोक्ताओं से बकाया राशि की वसूली और राजस्व संबंधी लंबित मामलों के निपटान को प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने स्थायी रूप से काटे गए बिजली कनेक्शनों से संबंधित पीडीसीओ मामलों की गहन जांच करने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।निदेशक ऑपरेशन मुकेश चौहान ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित निगम की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से हासिल करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्रीय स्तर पर कार्यों की निरंतर निगरानी करने, लंबित मामलों के निपटान में तेजी लाने तथा आपसी समन्वय के साथ परिचालन दक्षता में सुधार करने के निर्देश दिए। बैठक में सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त उपभोक्ता शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी निवारण की आवश्यकता पर बल दिया गया, ताकि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समय पर समाधान हो और बिजली सेवाओं के प्रति उनका विश्वास मजबूत बने। साथ ही, कार्य निष्पादन मानकों की नियमित समीक्षा, लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली और अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य निगम के कार्य निष्पादन में सुधार, बिजली वितरण हानियों पर अंकुश, राजस्व संग्रहण को सुदृढ़ करने, बिलिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा प्रमुख योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी लाना है। इन प्रयासों से बिजली वितरण प्रणाली की कार्यक्षमता बढ़ाने और उपभोक्ताओं को बेहतर, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बिजली सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। बैठक में मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ऑपरेशन विंग के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यकारी अभियंता एवं उपमंडल अधिकारी व्यक्तिगत रूप से तथा ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

