Athrav – Online News Portal
चंडीगढ़ दिल्ली राजनीतिक हरियाणा

‘वोट बचाओ देश बचाओ महारैली को सफल बनाने के लिए दिल्ली में जुटे हरियाणा के कांग्रेसी दिग्गज

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
चंडीगढ़/ दिल्ली: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आवाहन पर आगामी 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली को सफल बनाने के लिए दिल्ली में हरियाणा के कांग्रेसी दिग्गज सांसद दीपेन्द्र हुड्डा के सरकारी आवास पर इकट्ठे हुए। मीटिंग के बाद हरियाणा कांग्रेस विधायक दल के नेता चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, AICC प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य व सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने एक-एक नेता से बात करके तैयारियों का जायजा लिया और सांसदों विधायकों के अलावा वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, फ्रन्टल संगठनों के पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाई। इस मीटिंग में करीब सभी कांग्रेस विधायक, हरियाणा के सभी कांग्रेस सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षगण, फ्रन्टल संगठनों और पार्टी के विभाग, प्रकोष्ठों के पदाधिकारीगण शामिल हुए। 1 नवंबर की रैली को लेकर नेताओं, कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। नेता प्रतिपक्ष भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने 1 नवंबर को हरियाणा से लाखों लोगों के रामलीला मैदान में पहुँचने का दावा किया।

भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि रैली तो एक को है लेकिन 2 नवंबर को पूरे देश में रामलीला ग्राउंड से हरियाणा की आवाज़ जाएगी। मौजूदा बीजेपी सरकार भ्रष्ट सरकार है, जो बेईमानी से बनी है, इसको जाना ही होगा और जनहित की सरकार लानी होगी। रामलीला मैदान से ये आह्वान होगा। उन्होंने दावा किया कि यह रैली नहीं महारैली है और हरियाणा की जनता सारे रिकॉर्ड तोड़ देगी। उन्होंने कहा कि आज यहाँ सारे जंगी घोड़े बैठे हैं जो रामलीला ग्राउंड फुल करवा देंगे। उन्होंने आगे कहा कि हरियाणा में वोट चोरी नहीं, पूरी सरकार चोरी हुई है। जब चुनाव आयोग ने वोटिंग परसेंटेज अनाउंस कर दिया तब इस डिजिटल दौर में हरियाणा में वोटिंग परसेंटेज कैसे बदल गए? इसका जवाब आज तक नहीं दिया गया। लोगों की मांग है कि बैलट पेपर से चुनाव हो। हम संविधान को तोड़ने मरोड़ने नहीं देंगे। पहली बार ऐसा देखा जा रहा है कि रूलिंग पार्टी रैली करके लोकतंत्र बचाने की बात कर रही है। लेकिन अब चोर पकड़े गए हैं।

हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि पिछले विरोध प्रदर्शन के दौरान केन्द्रीय नेतृत्व ने हरियाणा से हुई सबसे बड़ी भागीदारी की सराहना की और इस बार भी अपेक्षा रखी है कि 1 नवंबर की रैली में हरियाणा की सबसे बड़ी भागीदारी होगी। हरियाणा में वोट चोरी का सबसे बड़ा भुक्तभोगी हरियाणा हुआ है। बीजेपी ने चुनाव आयोग की मिलीभगत करके जनादेश की चोरी की है।सत्ताधारी पार्टी देश में लोकतंत्र की हत्या कर रही है वो आज लोकतंत्र बचाने की बात कर रही है। ये सबसे बड़ा मज़ाक नहीं तो और क्या है। बीजेपी बैलट पेपर की बजाय ईवीएम से चुनाव कराने की जिद पर अड़ी है क्योंकि वो जानती है कि ऐसा करके ही वो चुनावी धांधली कर पाएगी। उन्होंने कहा कि बदलाव की शुरूआत हो चुकी है हरियाणा में आने वाले समय में कांग्रेस सरकार बनेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा का रोल हमेशा नंबर वन रहा है और इस बार भी नंबर वन रहेगा। हमें जो टारगेट मिला है, उससे ज्यादा हरियाणा के लोग अचीव करेंगे। रैली को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। हरियाणा में एसआईआर (SIR) में भी लोगों के साथ भारी अन्याय किया गया है। लाखों लोगों के वोट काट दिए गए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हमारी आवाज को उठाया, हमारे दर्द को समझा। बीजेपी सरकार हर चीज पोर्टल पर मांगती है लेकिन अगर वोट ही नहीं रहेगा, तो कुछ भी नहीं बचेगा। किसान, गरीब, स्टूडेंट्स समेत हर वर्ग को इसका नुकसान उठाना पड़ेगा। राहुल जी डेमोक्रेसी को बचाना चाहते हैं, बाबा साहबके संविधान का सम्मान करना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि 1 नवंबर को दिल्ली के इतिहास की सबसे बड़ी रैली होगी।कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य व सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि बीजेपी इस रैली को रोकने की कोशिश कर रही है लेकिन हरियाणा से ताबड़तोड़ संख्या में इतने लोग आएंगे कि बीजेपी की सारी कोशिशें धरी रह जाएंगी। बीजेपी ने हरियाणा में मैनेजमेंट व इंतजाम से चुनाव आयोग का दुरुपयोग करके, साजिश-षड्यंत्र रचकर, काले धन का दुरुपयोग करके वोट चोरी से सत्ता हासिल की है। भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में वोट चोरी का खेल खेल रही है और उस खेल का सबसे बड़ा भुक्तभोगी हरियाणा है। हरियाणा में मात्र आधे प्रतिशत वोट के अंतर से इन्होंने सत्ता हासिल की। 3 में से 2 चुनाव आयुक्तों ने 10 महीने में 14 बार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के फैसलों का विरोध किया और कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त जिस प्रकार अकेले फैसले ले रहे हैं उससे चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता खंडित हो रही है। दोनों चुनाव आयुक्तों ने पहली चिट्ठी तब लिखी जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रेस वार्ता करके बताया कि हरियाणा में वोट चोरी हुई है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार हरियाणा के हक की आवाज जोर-शोर से उठा रहे हैं, हमारा फर्ज बनता है कि जब राहुल गाँधी रामलीला मैदान पहुंचें तो पता चले कि हरियाणा की संख्या वहां सबसे ज़्यादा है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र, संविधान को बचाने के लिए लड़ाई चल रही है, उस संघर्ष में रामलीला मैदान की ये रैली मील का पत्थर साबित होगी। 

Related posts

नेक मुहिमः ऑपरेशन स्माइल-2 से 3000 से अधिक घरों में लौटी मुस्कान

Ajit Sinha

नरेंद्र मोदी दूसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली, मंत्रीमंडल में कृष्ण पाल गुर्जर सहित कई नए व पुराने चेहरे को शामिल किया गया ।

Ajit Sinha

बिजली विभाग के तीन जेई, एक फोरमैन और एक एएलएम के विरूद्ध एफआईआर दर्ज,बागवानी अधिकारी आत्मप्रकाश निलम्बित,

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x