Athrav – Online News Portal
खेल फरीदाबाद

राष्ट्रीय खेल दिवस: हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर खेल मंत्री गौरव गौतम ने हॉकी खिलाड़ियों के साथ मनाया खेल दिवस

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
फरीदाबाद:हॉकी के महान खिलाड़ी एवं भारत के गौरव मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के अवसर पर शनिवार को पूरे देश के साथ फरीदाबाद के सेक्टर 12 स्थित खेल परिसर में भी राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह और खेल भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने हॉकी खिलाड़ियों के साथ मिलकर मेजर ध्यानचंद जी को नमन किया और प्रदेशवासियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों तथा खेल प्रेमियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि मेजर ध्यानचंद जी भारतीय खेल जगत के लिए प्रेरणा के ऐसे महान स्रोत हैं, जिनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करती रहेंगी। उन्होंने अपने अद्भुत खेल कौशल, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति के माध्यम से पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया। उनका जीवन इस बात का संदेश देता है कि निरंतर मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने और स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेने का अवसर है। आज आवश्यकता है कि बच्चे और युवा मोबाइल एवं डिजिटल दुनिया तक सीमित न रहें, बल्कि मैदान में उतरें, खेलों से जुड़ें और अपने भीतर नेतृत्व, अनुशासन तथा टीम भावना का विकास करें।गौरव गौतम ने हॉकी खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि हरियाणा की मिट्टी ने देश को अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं। प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं, प्रशिक्षण, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रतिभा को आगे बढ़ाने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
गांव-गांव और शहर-शहर खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उचित मंच प्रदान करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। खेल मैदानों, प्रशिक्षण सुविधाओं और खेल अकादमियों को मजबूत करने के साथ-साथ खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। खेल मंत्री ने कहा कि ‘खेलो और आगे बढ़ो’ का संदेश आज हर युवा तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से भी आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि व्यक्ति के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता को भी मजबूत बनाते हैं। इस अवसर पर हॉकी खिलाड़ियों ने भी खेल मंत्री गौरव गौतम के साथ राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया और मेजर ध्यानचंद जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। खिलाड़ियों ने कहा कि मेजर ध्यानचंद जी का जीवन और उनकी खेल उपलब्धियां आज भी देश के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम के अंत में खेल मंत्री गौरव गौतम ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरियाणा के मैदानों से निकलने वाली प्रतिभाएं देश का गौरव बढ़ाती रहें और तिरंगा अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर लगातार ऊंचा लहराता रहे—यही राष्ट्रीय खेल दिवस का सच्चा संकल्प है।

Related posts

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलने के बाद अधिकारियों के साथ पुल निर्माण का जायजा लेने पहुंचे विधायक राजेश नागर

Ajit Sinha

फरीदाबाद: लगन सगाई में आए लकड़ों ने सबक सिखाने व दबदबा स्थापित करने के उद्देश्य से घर के बाहर दो फायरिंग करके हुए थे फरार-पकड़े गए।

Ajit Sinha

फरीदाबाद: आप नेता धर्मबीर भड़ाना के नेतृत्व में भाजपा छोड़ महिला शक्ति ने आम आदमी पार्टी का दामन थामा,आप पर भरोसा जताया।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x