Athrav – Online News Portal
अपराध चंडीगढ़ फरीदाबाद हरियाणा

हरियाणा पुलिस का ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ के माध्यम से 4771 कुख्यात अपराधी गिरफ्तार , 1406  हिस्ट्रीशीट अपडेट, 241 नई हिस्ट्रीशीट खोलीं


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
चंडीगढ़: स्वतंत्रता दिवस-2026 के मद्देनजर हरियाणा पुलिस द्वारा 1 से 15 अगस्त तक चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ के तहत अपराधियों के खिलाफ व्यापक एवं प्रभावी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान प्रदेशभर में पुलिस ने 4,771 कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर अपराध जगत में कड़ा संदेश दिया। इस दौरान 3,915 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जबकि 621 गंभीर अपराधों में संलिप्त 865 अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया। साथ ही, 1,406 हिस्ट्रीशीट अपडेट की गई और 241 नए आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गईं। ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ के तहत हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, फिरौती, स्नैचिंग, अपहरण, अवैध हथियारों तथा अन्य संगठित अपराधों में संलिप्त अपराधियों की धरपकड़ पर विशेष जोर दिया गया। अभियान के दौरान जिला पुलिस, अपराध शाखाओं, स्पेशल टास्क फोर्स (STF) तथा अन्य विशेष इकाइयों ने आपसी समन्वय से लगातार कार्रवाई करते हुए अपराधियों के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया।

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ का उद्देश्य केवल अपराधियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं, बल्कि अपराधियों और उनके नेटवर्क पर प्रभावी एवं स्थायी प्रहार करना है। 1 से 15 अगस्त तक चलाए  गए इस  विशेष अभियान में 4,771 कुख्यात अपराधियों की गिरफ्तारी हरियाणा पुलिस की मजबूत रणनीति, बेहतर तालमेल और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का परिणाम है। जिला पुलिस, अपराध शाखाओं, एसटीएफ और अन्य विशेष इकाइयों ने आपसी तालमेल के साथ कार्रवाई करते हुए गंभीर एवं संगठित अपराधों में संलिप्त अपराधियों पर शिकंजा कसा है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस अपराधियों के पुराने रिकॉर्ड की समीक्षा, उनकी गतिविधियों पर निरंतर निगरानी और आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए तकनीक एवं इंटेलिजेंस आधारित पुलिसिंग को और मजबूत कर रही है। पुलिस का स्पष्ट लक्ष्य है कि अपराधी चाहे किसी भी धर्म, जाति व सम्प्रदाय का क्यों न हो, कानून से खिलवाड़ करने की अनुमति किसी को नहीं है, ऐसे लोगो से सख्ती से निपटा जाएगा।

पुलिस महानिरीक्षक राज्य अपराध शाखा राकेश आर्य ने बताया कि ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत हरियाणा पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए कुल 258 प्रमुख मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि अभियान के दौरान 28 इनामी एवं वांछित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया। इनमें 1 लाख रुपये के इनामी 1 आरोपी, 50 हजार रुपये के इनामी 1 आरोपी, 25 हजार रुपये के इनामी 2 आरोपी, 20 हजार रुपये के इनामी 1 आरोपी, 2 हजार रुपये के इनामी 4 आरोपी तथा 5 हजार रुपये के इनामी 19 आरोपी शामिल हैं। इन गिरफ्तारियों में एसटीएफ सहित कैथल, नूंह, कुरुक्षेत्र, पलवल, भिवानी, फरीदाबाद, फतेहाबाद, हिसार, करनाल, सोनीपत, सिरसा, गुरुग्राम और झज्जर पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। 258 प्रमुख गिरफ्तारियां और 28 इनामी अपराधियों की धरपकड़ ऑपरेशन ट्रैकडाउन की प्रभावी कार्रवाई और अपराधियों के खिलाफ हरियाणा पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाती है।

ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत हरियाणा पुलिस ने अपराधियों के साथ-साथ नशा तस्करों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ भी व्यापक कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध हथियार, मादक पदार्थ एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। अभियान के दौरान पुलिस ने 135 देसी कट्टे, 287 कारतूस, 76 पिस्टल, 15 मैगजीन, 3 रिवॉल्वर और 2 गन बरामद कीं। मादक पदार्थों की बरामदगी में 3.77 किलोग्राम हेरोइन, 1.11 किलोग्राम चरस/सल्फा, 294.51 ग्राम स्मैक, 204.04 ग्राम कोकीन, 173.81 किलोग्राम गांजा, 10.64 किलोग्राम अफीम, 59.77 किलोग्राम पोपी स्ट्रॉ तथा 92.45 किलोग्राम पोपी हस्क/चूरा पोस्त शामिल है। इसके अतिरिक्त पुलिस ने 6,832 नशीली गोलियां, 2,527 कैप्सूल, 598 इंजेक्शन, 61.54 ग्राम MD/MDMA तथा 18 ग्राम पाउडर भी बरामद किया। अभियान के दौरान अपराध में प्रयुक्त 336 वाहनों (196 दोपहिया और 140 चारपहिया) को भी जब्त किया गया। यह कार्रवाई हरियाणा पुलिस की अपराध एवं नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति तथा प्रदेश को सुरक्षित और नशामुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उन्होंने बताया कि ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत गंभीर प्रकृति के अपराधों पर विशेष फोकस रखते हुए पुलिस ने 15 दिनों में 3915 गंभीर मामलों में 4771 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें आर्म्स एक्ट के 251 मामलों में 271 आरोपी, हत्या के प्रयास के 155 मामलों में 262 आरोपी, हत्या के 72 मामलों में 99 आरोपी, लूट के 44  मामलों में 70 आरोपी, स्नैचिंग के 38  मामलों में 57 आरोपी, फिरौती के 21 मामलों में 26 आरोपी, अपहरण के 23  मामलों में 33 आरोपी तथा डकैती के 14 मामलों में 22 आरोपी गिरफ्तार किए गए। इसके अतिरिक्त अन्य श्रेणी के 3294 मामलों में 3906 अपराधियों को भी गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया गया।अभियान के दौरान पुलिस ने 241 नए आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली, जबकि 1406 हिस्ट्रीशीटरों को अपडेट कर उनके आपराधिक रिकॉर्ड को और अधिक मजबूत बनाया गया। इससे ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने और भविष्य में उनके विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि अपराध के खिलाफ लड़ाई में पुलिस के साथ आमजन की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। यदि किसी नागरिक को अपराध, नशे, अवैध हथियार, गैंगस्टर गतिविधियों या किसी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो वह बिना किसी भय या संकोच के तुरंत पुलिस को सूचित करें। आपकी एक छोटी-सी सूचना किसी बड़ी आपराधिक घटना को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। हरियाणा पुलिस अपराधियों के खिलाफ पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है और ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ इसी रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि “अपराध के खिलाफ पुलिस का साथ दें, सतर्क रहें और सुरक्षित हरियाणा के निर्माण में अपना योगदान दें। अपराधियों को संरक्षण नहीं, कानून के हवाले करें।”

Related posts

मुठभेड़ में गोली लगाने से मोबाइल लुटेरा घायल, लूटे गए चार मोबाइल, एक तमंचा और बाइक बरामद

Ajit Sinha

कुख्यात बदमाश द्वारा अपराध शाखा की टीम पर कातिलाना हमला करने, पुलिस ने जवाबी फायरिंग में पैर में मारी गोली।

Ajit Sinha

फरीदाबाद: देश में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन से 3 बार लोकसभा व विधानसभा के 113 बार चुनाव करवाए जा चुके हैं, चुनाव अधिकारी राजीव रंजन।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x