अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
पंचकूला:शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़कों पर हुड़दंगबाजी रोकने के लिए पंचकूला पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। बीते दिनों एक नाबालिग द्वारा मोटरसाइकिल पर अवैध रूप से सायरन लगाकर हुड़दंग मचाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने शिक्षण संस्थानों के आसपास विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश जारी किए , ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार टीमों ने 24 सितंबर को शहर के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के बाहर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 52 छात्रों के चालान काटे गए। जांच में पाया गया कि इनमें से 26 छात्र नाबालिग थे, जो बिना वैध लाइसेंस के वाहन चला रहे थे। पुलिस ने सभी 26 नाबालिगों के वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया।कार्रवाई के दौरान मौके पर पहुंचे कुछ अभिभावकों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया। दो बच्चों के परिजनों ने स्वीकार किया कि बच्चे बिना बताए और जिद करके वाहन ले जाते हैं, ऐसे में पुलिस की यह सख्त कार्रवाई उनके लिए एक सबक साबित होगी। स्कूल प्रशासन ने भी पुलिस के इस चेकिंग अभियान की जमकर सराहना की है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने स्पष्ट किया कि पुलिस केवल छात्रों तक सीमित नहीं रहेगी,बल्कि उन अभिभावकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई है जिन्होंने अपने नाबालिग बच्चों को बिना लाइसेंस वाहन सौंपे थे। नियमों के तहत ऐसे सभी चालानों में 5000 की अतिरिक्त जुर्माना राशि जोड़ी गई है। अभिभावकों को कड़ा संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि अपने बच्चों के भविष्य और सुरक्षा को प्राथमिकता दें। बच्चों को अच्छे संस्कार दें, अच्छी किताबें दें और खेल का सामान दें, लेकिन उम्र पूरी होने से पहले उन्हें किसी भी सूरत में वाहन न थमाएं।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

