
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सोहना की टीम ने दौहला गांव में एक महिला की सनसनीखेज हत्या के मामले में मुख्य आरोपित सहित कुल 3 आरोपितों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मरने वाली महिला के दाह-संस्कार के उपरान्त 12 घंटे के अंदर आरोपितों की पहचान की, और तीनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों के नाम मुख्य आरोपित 1. संदीप (उम्र 35 वर्ष), निवासी गांव दोहला, गुरुग्राम व उसके साथी 2. अनुज (उम्र 29 वर्ष) निवासी गाँव सलोनी, जिला सहारनपुर, उत्तर-प्रदेश वर्तमान निवासी शिव गली, ढंढोरों फाटक रुड़की हरिद्वार (उत्तराखंड) व 3. अवनिश (उम्र 30 वर्ष) निवासी गाँव खटका (रुड़की) जिला हरिद्वार (उत्तराखंड) हैं।

एसीपी क्राइम, नवीन शर्मा ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 16.10.2026 को पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना सोहना, गुरुग्राम की पुलिस टीम को दौहला गांव में एक महिला की हत्या होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पाकर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची तो मृतका के परिजन उसे एंबुलेंस से अस्पताल ले जा रहे थे। पुलिस टीम परिजनों के साथ सरकारी अस्पताल, सोहना पहुंची, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

उनका कहना है कि मृतका के पति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दिनांक 16.10.2026 को सुबह करीब 7:45 बजे वह अपने बच्चों को लेकर गढ़ी बाजीदपुर स्थित स्कूल गया था और उसकी पत्नी घर पर अकेली थी। दोपहर करीब 2:30 बजे बच्चों को स्कूल से लेकर घर लौटने पर उसने अपनी पत्नी को घर के अंदर मृत अवस्था में पाया। उसकी पत्नी के दोनों हाथ बंधे हुए थे तथा मुंह पर टेप लगी हुई थी। उसने टेप हटा कर पत्नी के हाथ खोले और उसे सरकारी अस्पताल, सोहना लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस शिकायत पर थाना सदर सोहना, गुरुग्राम में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ धारा 103(1), 127(2), 332(a) व 3(5) BNS के तहत मुकदमा अंकित किया गया। उनका कहना है कि अपराध शाखा सोहना की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित संदीप सहित आरोपित अनुज व अवनिश को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुख्य आरोपित संदीप को दिनांक 19. 10.2026 को सोहना से तथा उसके साथी आरोपितों अनुज व अवनिश को दिनांक 20.10.2026 को रुड़की, उत्तराखंड से गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि मृतका मुख्य आरोपित संदीप के चचेरे भाई की पत्नी थी। आरोपित संदीप पहले भारतीय सेना में कार्यरत था तथा नौकरी लगवाने के नाम पर रुपये ऐंठने और अन्य धोखाधड़ी संबंधी गतिविधियों में संलिप्त होने के कारण वर्ष-2023 में संदीप का सेना से कोर्ट मार्शल कर दिया गया था। इसके बाद भी संदीप धोखाधड़ी की गतिविधियों में संलिप्त रहा। आरोपित संदीप अपने चचेरे भाई की जमीन बिकवाना चाहता था, जिस जमीन की खरीद के लिए संदीप ने अपने चचेरे भाई/मृतका के पति को 1 लाख रुपये बतौर ब्याना/ऐग्रीमेंट दिए थे,लेकिन मृतका ने जमीन का सौदा सस्ता होने के कारण अपने पति से ब्याने के 1 लाख रुपये संदीप को वापस करवा दिए। इसी बात की रंजिश रखते हुए आरोपित संदीप ने अपने चचेरे भाई की पत्नी की हत्या करने की योजना बनाई। उनका कहना है कि आरोपितों से पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि जब संदीप भारतीय सेना में कार्यरत था और रुड़की में तैनात था, तब उसकी मुलाकात उक्त आरोपित अनुज से हुई जो उस समय ठेके पर लांगरी का काम करता, फिर उसकी अनुज के माध्यम से उक्त आरोपित अवनिश से मुलाकात हुई। वर्तमान में आरोपित अनुज बिजली विभाग में प्राइवेट नौकरी करता है और आरोपित अवनिश blikit में डिलीवरी बॉय का काम करता है। संदीप ने इन दोनों से सम्पर्क करके हत्या करने की योजना में शामिल किया और संदीप ने अपने साथी आरोपितों के साथ दिनांक 31 अगस्त को मृतका के घर की रेकी की तथा योजनानुसार दिनांक 16.10.2026 को सुबह उक्त दोनों आरोपित रुड़की से गाँव दौहला आए और संदीप दोनों साथी आरोपितों के साथ मृतका के घर पहुँचे, उस समय मृतका फोन पर बात कर रही थी, जिसे देख कर ये वापस आ गए और कुछ देर बाद समय करीब 10:05 बजे संदीप व अनुज घर में दाखिल हो गए तथा अवनिश बाहर निगरानी के लिए खड़ा हो गया। संदीप द्वारा बैग में रखकर लाई गई टेप व रस्सी पहले आरोपितों ने महिला के मुँह पर टेप लगाई और रस्सी से उसके हाथ बांध दिए फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।उनका कहना है कि पुलिस टीम द्वारा आरोपित संदीप को दिनांक 19.10.2026 को न्यायालय में पेश करके 04 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपितों से गहनता से पूछताछ की जा रही है तथा मुकदमा का अनुसंधान जारी है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

