अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
नई दिल्ली:कांग्रेस ने नेशनल हेराल्ड मामले में कोर्ट के फैसले को सत्य की जीत करार देते हुए कहा है कि इससे यह साबित हो गया है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ केस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित था। कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा और कानूनी विभाग के सचिव मोहम्मद खान ने अदालत के फैसले के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ईडी ने जो फर्जी केस बनाया था, आज उसकी पोल खुल गई है।पवन खेड़ा ने इस फैसले को सत्य की जीत बताते हुए कहा कि राउज एवेन्यू कोर्ट ने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और अन्य के खिलाफ ईडी द्वारा दायर चार्जशीट का संज्ञान लेने से इनकार कर दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘गैंग्स ऑफ गांधीनगर’ सरकारी जांच एजेंसियों को जिस प्रकार से प्राइवेट आर्मी की तरह इस्तेमाल करता है, आज वह खुलकर सामने आ गया है।खेड़ा ने जोर देकर कहा कि यह साजिश इसलिए रची गई,क्योंकि राहुल गांधी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लगातार निडरता से आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब भी महंगाई, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, किसान जैसे मुद्दे उठाती है, तब उसके नेताओं का मुंह बंद करने के लिए षडयंत्र रचा जाता है। उन्होंने कहा कि यह साजिश केवल गांधी परिवार या कांग्रेस के खिलाफ नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र, संविधान और प्रत्येक भारतवासी के मौलिक अधिकारों के खिलाफ है।

उन्होंने नेशनल हेराल्ड को स्वतंत्रता संग्राम की धरोहर बताते हुए कहा कि यह आजादी की लड़ाई से जुड़ा है और इसे निशाना बनाने की लगातार कोशिशें की जा रही हैं। पवन खेड़ा ने ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग कठपुतली बनने को तैयार हो जाते हैं, वे न केवल अपने भविष्य के साथ, बल्कि देश के लोकतंत्र के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ करते हैं।वहीं कांग्रेस कानूनी विभाग के सचिव मोहम्मद खान ने कानूनी पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस केस में कभी कोई दम था ही नहीं। उन्होंने कहा कि 12 वर्षों से अधिक समय तक विभिन्न जांच एजेंसियों का दुरु पयोग किया गया। आज ईडी के मामले की गति पूरी तरह खत्म हो चुकी है, क्योंकि अदालत ने दस्तावेजों और दलीलों का संज्ञान लेने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार तमाम संसाधन और समय लगाने के बावजूद भी कोई केस खड़ा नहीं कर पाई, क्योंकि झूठ के पैर नहीं होते।दोनों नेताओं ने कहा कि कोर्ट का फैसला सत्य की जीत है। इस फैसले से साफ पता चलता है कि भाजपा की राजनीति बदले की भावना, डराने-धमकाने, परेशान करने और डर फैलाने पर आधारित है, जो आपराधिक सोच वाले लोगों के इशारे पर की जाती है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

