Athrav – Online News Portal
गुडगाँव राजनीतिक राष्ट्रीय हरियाणा

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान व दीपेंद्र हुड्डा की शानदार अगवानी से राहुल गांधी हुए गदगद।


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
गुरुग्राम:राजस्थान से होकर हरियाणा सीमा में प्रवेश करते ही भारत जोड़ो यात्रा का जोरदार ढंग से भव्य व पारंपरिक स्वागत हुआ। कड़ाके की ठंड व धुंध के बावजूद हजारों की तादाद में देर रात से ही लोग मुंडाका बार्डर पर भारत जोड़ो यात्रा की अगवानी के लिए पहुंचने लगे और सुबह 6 बजे तक ध्वज हस्तांतरण एवं स्वागत सभा में लोगों का रेला जनसैलाब की शक्ल में बदल गया। हरियाणा की राजनीति के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी भी राजनीतिक दल की दिसंबर के महीने की कड़ाके की सर्दी में सुबह 6 बजे रैली हुई है। भारत जोड़ो यात्रा के अभूतपूर्व स्वागत से अभिभूत दिखे राहुल गांधी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह यात्रा करोड़ों किसानों, मजदूरों, बेरोजगार युवाओं और महंगाई से त्रस्त आम जनता की है। देश में आज 2 सबसे बड़े मुद्दे हैं जिनसे हिंदुस्तान को चोट पहुँच रही है, दर्द हो रहा है।

पहला बेरोजगारी और दूसरा महंगाई। नोटबंदी, जीएसटी छोटे व्यापारियों को मारने के हथियार हैं। जिसके कारण हिंदुस्तान अपने युवाओं को रोजगार नहीं दे पा रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई कम करनी है और बेरोजगारी मिटानी है। उन्होंने आवाहन किया कि आइए मिलकर हरियाणा में कदम से कदम मिलाकर चलें। इस दौरान सांसद दीपेन्द्र हुड्डा प्रमुख रूप से मौजूद रहे। पहले दिन राहुल गांधी ने पूर्व सैनिकों से मुलाकात की और करीब एक घंटे तक उनसे विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में 2 चीजें प्रसिद्ध हैं पहला दूध-दही का खाणा, देसां म देस हरियाणा और दूसरा जय जवान, जय किसान, जय पहलवान यानी हमारे खिलाड़ी जिनपर हमें गर्व है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को पूरा समर्थन देगी और उनके संदेश को घर-घर तक पहुंचाएगी। आज हरियाणा की हालत सबके सामने है। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सबने गड्ढों में सड़क देखी। साढ़े 8 साल में प्रदेश की सरकार सड़कों की मरम्मत तक नहीं करवा पाई। पूरे हरियाणा में विकास का कोई काम नहीं हुआ, यहाँ सिर्फ ईवेंट मैनेजमेंट की सरकार है।

जो प्रदेश 2014 में प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश में नंबर एक था वो हरियाणा आज महंगाई, बेरोजगारी में नंबर 1 है। कानून-व्यवस्था बदहाल है। ऐसा लगता है प्रदेश में सरकार है ही नहीं। यदि कोई समस्या उठाता है तो सरकार उसका समाधान करने की बजाय ध्यान भटकाने में लग जाती है। हुड्डा ने कहा कि आज पूरा देश महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ राहुल की पदयात्रा को अपना साथ दे रहा है। इतनी बड़ी पदयात्रा करना हर किसी के बस की बात नहीं है। सुबह 6 बजे की सभा में बड़ी संख्या में लोगों की हाजिरी से गदगद हुड्डा ने कहा कि आज जो दृश्य दिखा वो इस बात का प्रतीक है कि मौजूदा सरकार को लोग उखाड़ कर रहेंगे। यह यात्रा लाजिमी तौर पर हरियाणा सहित पूरे देश में रंग लाकर रहेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि भारत जोड़ो यात्रा को हरियाणा से पूरा सहयोग और समर्थन मिल रहा है। 

भारत जोड़ो यात्रा का ध्वज ग्रहण करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने कहा दिसंबर में कड़ाके की सर्दी में लोगों का जोश, उमंग, उत्साह और प्यार जिस तरह से राहुल गांधी के लिये उमड़ा है उसे देखकर कहा जा सकता है कि 8 प्रदेशों में भारत जोड़ो यात्रा में भीड़ का रिकार्ड हरियाणा में टूटने वाला है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से लोगों में भावनात्मक बदलाव आया है। इसके बाद हुए संवाददाता सम्मेलन में एआईसीसी संचार विभाग के चेयरमैन जयराम रमेश, हरियाणा कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, नेता प्रतिपक्ष चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान, भारत जोड़ो यात्रा के हरियाणा में संयोजक राव दान सिंह, विधायक गीता भुक्कल, पवन खेड़ा आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। प्रेस कांफ्रेंस में पूछे गये एक सवाल के जवाब में हरियाणा के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के सभी नेता एकजुट होकर पार्टी की मजबूती के लिये काम कर रहे हैं। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने प्रदेश की भाजपा-जजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि आज हरियाणा में भ्रष्टाचार चरम पर है। जनता पूरी तरह से परेशान है। हरियाणा में 1 लाख 82 हजार सरकारी पद खाली हैं।

एचपीएससी, स्टाफ सेलेक्शन कमीशन में 32 बार पर्चा लीक हुआ है। एचपीएससी ऑफिस में नौकरियों की बोलियां लग रही थीं, अधिकारी 3.5 करोड़ रुपये नगद के साथ पकड़े गये। इस सरकार ने प्रदेश के पौने 5 लाख बुजुर्गों की पेंशन काटने का महापाप किया। एससी कमीशन को भंग करने का काम किया और तो और गरीबों को 100-100 गज के मुफ्त प्लाट देने की योजना को भी बंद कर दिया। 8 साल में कर्जा 60 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 317000 करोड़ रुपये हो गया है। हरियाणा पहुंची भारत जोड़ो यात्रा आज हरियाणा के पहले चरण के पहले दिन मुंडाका (नूह) बॉर्डर से फिरोजपुर झिरका अनाज मंडी पहुंची फिर शाम को नसीरबस (नूह) से भादस नगीना, गाँव अकेड़ा में विश्राम स्थल पर पहुंची। जनसभा को राहुल गांधी के अतिरिक्त नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा प्रदेश अध्यक्ष उदयभान और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर हरियाणा के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य कुमारी शैलजा, कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला एवं प्रदेश कांग्रेस के सभी विधायकगण, पूर्व विधायकगण, सांसद, पूर्व सांसद तथा सभी वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related posts

सीएम मनोहर लाल ने 159 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट के किए शिलान्यास व उद्घाटन

Ajit Sinha

घनकौर मस्जिद के गेट पर गोली चालने के जुर्म में एक प्रॉपर्टी डीलर व डेरी मालिक सहित 4 लोग अरेस्ट, देखिए इस वीडियो में  

Ajit Sinha

अब आपदा के बारे में मिलेगी प्रारंभिक चेतावनी और अलर्ट : डीसी

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments
//phomoach.net/4/2220576
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x