अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
चंडीगढ़/ पंचकूला: भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि मोदी-मनोहर के नेतृत्व वाली सरकार ने देश और प्रदेश के लोगों को क्षेत्रवाद, पारिवारवाद , भ्रष्टाचार से छुटकारा दिलाया है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने 9 सालों में गरीबों, पिछड़ों, दलितों को आर्थिक रूप से मजबूत किया है। श्री सैनी ने कहा कि 2014 के बाद मोदी-मनोहर सरकार ने हर क्षेत्र में गजब के काम करते हुए विकास की बुलंदियों को छूआ है। इन साढ़े 9 सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत का सम्मान विश्व पटल पर उंचा किया है। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रविवार को पंचकूला स्थित ’’पंच कमल’’कार्यालय में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर श्री सैनी ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बौखलाई हुई है और झूठी बातें कर जनता को गुमराह कर रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी के पार्टी कार्यालय ‘‘पंच कमल’’ पहुंचने पर सांसद रमेश कौशिक, जिला प्रभारी एवं मीडिया प्रमुख डा. संजय शर्मा, जिला अध्यक्ष अजय शर्मा, पूर्व विधायक लतिका शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य बंतो कटारिया सहित अनेक पदाधिकारियों, सामाजिक, धार्मिक संगठनों, पार्षदों, मोर्चा, प्रकोष्ठ अध्यक्षों ने बड़ी फूल मालाओं और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। सैनी ने सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों व सामाजिक संगठनों का आभार व्यक्त किया। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सैनी ने कहा कि 2014 से पहले देश और प्रदेश में भय, भ्रष्टाचार, परिवारवाद और क्षेत्रवाद कायम था। जनता ऐसे माहौल से छुटकारा चाहती थी। राजनीतिक लोगों पर से जनता का विश्वास डगमगाने लगा था। सैनी ने कहा कि 2014 में प्रधान सेवक की बागडौर संभालने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों में विश्वास कायम किया।
ऐसी-ऐसी योजनाएं चलाई जिनका सीधा लाभ जनता को मिलने लगा। सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी हरियाणा में व्यवस्था परिवर्तन करके 9 सालों में जनता का दिल जीता है।नायब सैनी ने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन का परिणाम है कि ऑनलाइन सिस्टम से घर बैठे लोगों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। योग्यता के आधार पर बिना पर्ची और खर्ची के युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा में ऐसा तंत्र विकसित किया जिससे भ्रष्टाचार समाप्त हुआ। भाजपा की डबल इंजन की सरकार में गरीबों को अपने इलाज की चिंता नहीं है। आयुष्मान और चिरायु कार्ड से 5 लाख रुपये तक निशुल्क इलाज हो रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष सैनी ने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने धारा-370 को तोड़कर जम्मू कश्मीर में तीन परिवारों की दुकानदारी बंद की है, जो कहते थे 370 हटी तो खून की नदियां बहेंगी। सैनी ने कहा कि 370 भी टूटी और जम्मू कश्मीर में आज माहौल बहुत अच्छा है। मोदी के नेतृत्व में हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत मजबूत हो रही है। अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है। मोदी सरकार ने देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया है जिससे देश और प्रदेश में सड़कों का जाल बिछा है और लोगों का जीवन सरल हुआ है। कांग्रेस को निशाना पर लेते हुए सैनी ने कहा कि जब-जब कांग्रेस की सरकार आई उसने भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। कांग्रेस में उसी को नौकरी मिलती थी जो नेता का रिश्तेदार होता था। कांग्रेस के समय में गैस सिलेंडरों के लिए भी लंबी-लंबी लाइनें लगती थी। कांग्रेस झूठ बोलकर सत्ता पर काबिज होना चाहती है। पूर्व सीएम हुड्डा के चार डिप्टी सीएम बनाने के बयान पर बोलते हुए सैनी ने कहा कि वो जनता को भ्रमित कर रहे हैं। संविधान के हिसाब से 8 से ज्यादा मंत्री नहीं बन सकते। ऐसे क्या हुड्डा संविधान से उपर होकर डिप्टी सीएम बनाएंगे? सैनी ने कहा कि हम सभी को एकजुट होकर कांग्रेस को अपने मनसूबे में कामयाब नहीं होने देना है।सैनी ने कहा कि हरियाणा में मनोहर लाल के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी और कांग्रेस का सुपड़ा साफ हो जाएगा। नायब सैनी ने कहा कि प्रदेश में कार्यकर्ताओं का जो जोश और उत्साह देखने को मिल रहा है। आने वाले 2024 चुनाव में हरियाणा में कार्यकर्ताओं के दम और जनता के उत्साह और समर्थन से लोकसभा की दसों सीटों पर कमल खिलेंगे तथा हरियाणा में भी तीसरी बार मनोहर लाल के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments